आज साल का सबसे लंबा दिन: MP के 14 जिलों में दिखेगा जीरो शैडो डे
खगोल प्रेमियों के लिए 21 जून का दिन बेहद खास है, क्योंकि आज उत्तरी गोलार्ध में साल का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात होगी। आज मध्य प्रदेश के 14 जिलों में एक दुर्लभ खगोलीय घटना भी दर्ज की जाएगी, जिसे जीरो शैडो डे कहते हैं।
इसमें दोपहर के वक्त कुछ पलों के लिए हर इंसान और खंभे की परछाई गायब हो जाएगी। कर्क रेखा पर होने वाली इस अनूठी घटना के साथ ही रविवार 21 जून को दोपहर 1:57 बजे सूर्य की उत्तरायण यात्रा भी पूरी होगी।
जीरो शैडो डे क्या होता है
दोपहर सूर्य बिल्कुल आपके सिर के ऊपर होगा। इस वजह से परछाई पैरों के नीचे सिमट जाती है। कुछ पलों के लिए यह पूरी तरह अदृश्य हो जाती है।
यह घटना साल में एक या दो बार होती है। यह केवल उन्हीं जगहों पर होती है जो कर्क रेखा या मकर रेखा के बीच आती हैं। मध्य प्रदेश के 14 जिले कर्क रेखा पर स्थित हैं इसलिए यहां यह नजारा दिखेगा।
अब शुरू होगा दक्षिणायन का सफर
21 जून के बाद से सूर्य की स्थिति धीरे-धीरे दक्षिण की ओर खिसकने लगती है, जिसे दक्षिणायन कहा जाता है। इसके प्रभाव से अब दिन धीरे-धीरे छोटे और रातें लंबी होने लगेंगी, जो आने वाले मौसम में बदलाव का साफ संकेत है।
MP में दिखा 32 मिनट का अंतर
भौगोलिक विस्तार के कारण मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी छोर के सूर्योदय और सूर्यास्त में करीब 32 मिनट का अंतर देखा गया:
- सबसे पहले सूर्योदय: सिंगरौली में सुबह 5:12 बजे हुआ।
- सबसे देर से सूर्यास्त: नीमच में शाम 7:22 बजे दर्ज किया गया।
MP के इन जिलों में गायब होगी परछाई
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि हर जिले में परछाई गायब होने का समय अलग-अलग है। शहडोल में सबसे पहले दोपहर 12 बजकर 6 मिनट पर यह घटना होगी।
| शहर का नाम | परछाई गायब होने का समय (दोपहर) |
| शहडोल | 12:06 बजे |
| उमरिया | 12:09 बजे |
| कटनी | 12:10 बजे |
| जबलपुर | 12:12 बजे |
| दमोह | 12:12 बजे |
| सागर | 12:16 बजे |
| रायसेन | 12:20 बजे |
| विदिशा | 12:20 बजे |
| भोपाल | 12:22 बजे |
| सीहोर | 12:23 बजे |
| राजगढ़ | 12:25 बजे |
| आगरमालवा | 12:27 बजे |
| उज्जैन | 12:28 बजे |
| रतलाम | 12:31 बजे |
समर सॉल्सटिस क्या है
21 जून को सूर्य उत्तरी गोलार्द्ध में अपनी चरम सीमा पर होता है। वैज्ञानिक भाषा में इसे समर सॉल्सटिस कहते हैं। इस दिन साल की सबसे लंबी दोपहर और सबसे छोटी रात होती है। छह महीने पहले 21 दिसंबर से सूर्य की उत्तरायण यात्रा शुरू हुई थी। कल दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर यह यात्रा पूरी होगी।
घर पर कैसे करें यह प्रयोग
खगोलविद् सारिका घारूने बताया कि इसे देखने के लिए किसी महंगे उपकरण की जरूरत नहीं है। बस खुली धूप वाली जगह पर जाना होगा। एक पीवीसी पाइप, पानी की बोतल या लकड़ी का डंडा समतल जमीन पर सीधा रखें। अपने जिले के निर्धारित समय पर देखें। आपकी खुद की परछाई और उस वस्तु की छाया पैरों के नीचे सिमटकर गायब हो जाएगी।
बच्चों के लिए है शानदार मौका
सारिका घारू ने अपील की है कि कर्क रेखा के आसपास रहने वाले बच्चे और परिवार इस खगोल उत्सव को जरूर मनाएं। यह एक जीवंत विज्ञान का प्रयोग है जो बच्चों को खगोल विज्ञान से जोड़ता है।
यह घटना पूरे प्रदेश में नहीं होगी। केवल कर्क रेखा पर आने वाले जिलों में ही यह नजारा दिखेगा। इसलिए इन 14 जिलों के निवासियों के लिए आज का दिन खास है।
FAQ
- जीरो शैडो डे कब होता है?
जीरो शैडो डे उस दिन को कहते हैं जब सूर्य बिल्कुल सिर के ऊपर होता है और परछाई पूरी तरह गायब हो जाती है। यह घटना साल में एक या दो बार होती है। यह केवल उन स्थानों पर होती है जो कर्क और मकर रेखा के बीच आते हैं। - समर सॉल्सटिस और जीरो शैडो डे में क्या अंतर है?
समर सॉल्सटिस वह दिन है जब सूर्य उत्तरी गोलार्द्ध में अपनी चरम सीमा पर होता है और साल का सबसे लंबा दिन होता है। जीरो शैडो डे उस खास क्षण को कहते हैं जब सूर्य सिर के ठीक ऊपर होने से परछाई गायब हो जाती है। 21 जून को दोनों घटनाएं एक साथ होती हैं।
ये खबरें भी पढ़ें...
इंदौर–उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन करेंगे सीएम मोहन यादव, जबलपुर आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू
MP News: इंदौर से उज्जैन सफर होगा आसान, ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन 20 जून को
इंदौर-भोपाल एक्सप्रेस-वे और ग्रीनफील्ड कॉरिडोर: MP में 60 मिनट एक्सेस प्लान
इंदौर में सीएम की घोषणा-रोबोट चौराहे से रेडिनसन तक फ्लाईओवर, IDA स्कीम से छुटकारा