एसडीएम के नाम पर ले रहा था रिश्वत, एसीबी ने 15 हजार लेते रंगे हाथों किया ट्रैप
News In Short
- ACB ने बांदीकुई एसडीएम के नाम पर रिश्वत लेते हुए कर्मचारी आदित्य प्रधान को पकड़ा।
- 15,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ एसडीएम कार्यालय का कर्मचारी।
- परिवादी को स्टे आदेश दिलाने की एवज में मांगी जा रही थी 30 हजार रुपये की रिश्वत।
- परिवादी ने ACB की हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत की और ACB ने ट्रैप ऑपरेशन चलाया।
- आरोपी आदित्य प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
News In Detail
Dausa: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बांदीकुई एसडीएम कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी आदित्य प्रधान एसडीएम रामसिंह राजावत के नाम पर परिवादी से घूस ले रहा था। इस कार्रवाई के बाद से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
यह पूरी कार्रवाई एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में अंजाम दी गई। इस ऑपरेशन का सुपरविजन डीआईजी भूवन भूषण ने किया, जबकि पूरी जांच एडीजी स्मिता श्रीवास्तव और आईजी एस. परिमला के निर्देशन में जारी है।
स्टे आदेश की एवज में मांगी थी 30 हजार की घूस
एसीबी के अनुसार मामला एसडीएम कोर्ट बांदीकुई में चल रहे एक प्रकरण से जुड़ा है। परिवादी ने अपनी शिकायत में बताया था कि एक मामले में स्टे आदेश दिलाने की एवज में उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। यह सौदा एसडीएम के नाम पर किया गया था, जिसे कर्मचारी आदित्य प्रधान के जरिए वसूला जाना था।
1064 हेल्पलाइन ने बिछाया जाल
भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक परिवादी ने इसकी शिकायत ACB हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने 17 अप्रैल को इसका गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें 15 हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई। सोमवार को जैसे ही आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लिए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
कौन है आरोपी कर्मचारी?
हैरानी की बात यह है कि पकड़ा गया आरोपी आदित्य प्रधान मूल रूप से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बसवा में प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत है। वह वर्तमान में बांदीकुई एसडीएम कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर लगा हुआ था और यहीं से रिश्वत का नेटवर्क चला रहा था।
एसडीएम के नाम पर कार्यालय के भीतर ही रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एसीबी अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस रिश्वत के खेल में कार्यालय के अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
ये भी पढ़ें:-
लोकार्पण से एक दिन पहले रिफाइनरी में भीषण आग, पीएम मोदी का कार्यक्रम स्थगित
100 साल पुरानी व्यायामशाला पर भू-माफिया की नजर, फर्जी दस्तावेजों के सहारे कब्जा करने की साजिश