दो दुल्हन रसोई गैस मांगने पहुंची कलेक्ट्रेट, मानवीय आधार पर मिले दो कमर्शियल सिलेंडर
News In Short
- राजस्थान के अजमेर जिले की दो बहनें गैस सिलेंडर की कमी से परेशान होकर पहुंची कलेक्ट्रेट।
- खुद की शादी में गैस सिलेंडर की कमी के कारण बहनों ने कलेक्टर से लगाई गुहार।
- डीएसओ ने मानवीय आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दो कमर्शियल गैस सिलेंडर कराए उपलब्ध।
- दोनों बहनों के हाथों में मेहंदी और शादी का कार्ड देखकर अधिकारी भी रह गए हैरान।
News In Detail
राजस्थान में गैस सिलेंडर की कमी का असर विवाह समारोह में भी दिख रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अजमेर जिले के बडालिया गांव की दो बहनें अपनी शादी के लिए गैस सिलेंडर मांगने कलेक्टर कार्यालय पहुंच गई। उन्होंने कलेक्टर से शादी की तैयारियों के लिए सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने भी मानवीय आधार पर दो कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के जिला रसद अधिकारी को आदेश दिए।
गैस सिलेंडर की गुहार
बडालिया गांव की दो बहनें मन भर और मीनाक्षी रावत की शादी 25 अप्रैल को होने वाली है। घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं, लेकिन खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर न मिलने के कारण उनका परिवार परेशान था। इस समस्या का समाधान करने के लिए दोनों बहनें अपने पिता के साथ अजमेर कलेक्ट्रेट पहुंच गईं। उनके हाथों में रची मेहंदी और शादी के कार्ड को देख वहां मौजूद सभी अधिकारी हैरान रह गए।
साहब! मेहमान भूखे रह जाएंगे
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद दोनों बहनें पहले कलेक्टर ऑफिस गईं, जहां से उन्हें जिला रसद कार्यालय (DSO) भेजा गया। कलेक्टर के कहने पर दोनों बहनों ने जिला रसद अधिकारी नीरज जैन से मुलाकात की। डीएसओ अधिकारी से निवेदन किया कि बिना गैस सिलेंडर के वे अपनी शादी का जश्न नहीं मना पा रही हैं, और मेहमान भूखे रह जाएंगे।
गैस सिलेंडर की व्यवस्था
जिला रसद अधिकारी नीरज जैन ने तुरंत कार्रवाई की। शादी के खास मौके को ध्यान में रखते हुए दोनों बहनों को मानवीय आधार पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। उन्होंने बताया कि औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों बहनों को उनकी शादी के लिए दो कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं।
ये भी पढे़:-
राजस्थानी मजदूरों के साथ भाजपा विधायक के पति ने की मारपीट, पैसे नहीं देने का है आरोप
जोधपुर कोर्ट ने रद्द की सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, जानिए क्या है पूरा मामला
8वीं के छात्र ने बताया 49+2 = 60, जवाब सुन शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पकड़ा माथा