शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंचा शिक्षक, शिक्षा विभाग ने किया सस्पेंड
समझें क्या है पूरा मामला
- अजमेर में शराब पीकर स्कूल पहुंचने वाला शिक्षक सस्पेंड।
- क्लासरूम तक नहीं पहुंच सका शिक्षक, ग्राउंड में ही पड़ा रहा।
- 19 अगस्त की घटना पर शिक्षा विभाग ने 24 अगस्त को की कड़ी कार्रवाई।
- राजस्थान असैनिक सेवाएं नियम 1958 के तहत किया गया निलंबित।
- निलंबन काल के दौरान पीसांगन रहेगा शिक्षक का मुख्यालय।
राजस्थान के अजमेर जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय उंदरी (ब्लॉक सावर) में पदस्थापित लेवल-1 अध्यापक भीवाराम मीणा 19 अगस्त को अत्यधिक शराब पीकर स्कूल परिसर पहुंचा।
शिक्षक की हालत इतनी खराब थी कि वह पैदल चलने में भी असमर्थ था। वह क्लासरूम तक भी नहीं पहुंच पाया और स्कूल के ग्राउंड में ही लेटा रहा।
इस हरकत का विद्यार्थियों और स्कूल के माहौल पर गलत असर पड़ने के कारण शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
5 दिन बाद शिक्षा विभाग ने जारी किया निलंबन आदेश
मामला 19 अगस्त का है, जिस पर विभाग ने प्राथमिक जांच के बाद 24 अगस्त 2026 को निलंबन की कार्रवाई की है।
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा अजमेर, गोविंद नारायण शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भीवा राम मीणा (अध्यापक लेवल-1) के विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ कर राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम-13 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
निलंबन काल में पीसांगन रहेगा मुख्यालय
विभागीय आदेश के अनुसार, निलंबन काल के दौरान शिक्षक भीवाराम मीणा का मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBOO), पीसांगन, जिला अजमेर रहेगा।
निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार उन्हें केवल निर्वाह भत्ता ही देय होगा। आदेश की प्रतिलिपि बीकानेर निदेशक (प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा), अजमेर संभागीय संयुक्त निदेशक और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।
ये भी पढ़ें:-
सरकार का बड़ा एक्शन, छात्राओं के साथ नहाने वाले प्रिंसिपल को किया सस्पेंड
छात्राओं के साथ बांध में नहाता दिखा प्रिंसिपल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
टीचरों की कमी पर ग्रामीणों ने स्कूल पर जड़ा ताला, डेढ़ घंटे की समझाइश के बाद खोला
नशे में धुत अधिकारी का तांडव, पुलिस ने कहा- बेचारा ट्रांसफर से परेशान है