आमेर में कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध, टिकट को लेकर भड़का लोगों का गुस्सा
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर वार्ड 149 में कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध।
- टिकट विवाद में विधायक को झेलना पड़ा गुस्सा।
- प्रदर्शनकारियों ने दिखाए काले झंडे।
- विधायक की गाड़ी घेरने का आरोप।
- नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में बवाल।
जयपुर नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आमेर विधानसभा के वार्ड नंबर 149 में कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट के खिलाफ स्थानीय लोगों ने भारी विरोध किया। उनके समर्थन में पहुंचे विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी गाड़ी पर चढ़ गए और तोड़फोड़ की कोशिश का आरोप भी लगा है।
काले झंडे दिखाकर की नारेबाजी
विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी की गाड़ी इलाके में पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
विरोध इतना बढ़ गया कि कुछ लोग गाड़ी के पास पहुंच गए और वाहन को रोकने की कोशिश करने लगे।
गाड़ी पर चढ़े प्रदर्शनकारी, तोड़फोड़ का आरोप
शनिवार शाम कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे प्रशांत शर्मा के विरोध के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी गाड़ी पर भी चढ़ गए। आरोप है कि कुछ लोगों ने गाड़ी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
टिकट को लेकर है मुख्य नाराजगी
बताया जा रहा है कि लोगों की मुख्य नाराजगी वार्ड नंबर 149 से निवर्तमान पार्षद अंजलि ब्रह्मभट्ट को दोबारा कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर है। स्थानीय लोग इस टिकट वितरण के फैसले का विरोध कर रहे थे। इसी नाराजगी का सामना विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को भी करना पड़ा।
बढ़ते विरोध के बीच विधायक को निकाला
स्थिति बिगड़ती देख विधायक प्रशांत सहदेव शर्मा को वहां से निकालने की कोशिश की गई। विरोध इतना तेज था कि लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।
इसके बाद समर्थकों की मदद से विधायक की गाड़ी को वहां से बाहर निकाला गया।
कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती
नगर निकाय चुनाव से पहले वार्ड 149 में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ खुलकर सामने आया यह विरोध पार्टी के लिए नई चुनौती बन सकता है।
एक तरफ कांग्रेस विपक्षी दलों से मुकाबले की तैयारी में जुटी है। वहीं दूसरी तरफ टिकट वितरण से नाराज स्थानीय लोगों का यह विरोध चुनावी समीकरण बिगाड़ सकता है।
प्रत्याशी ने दी अपनी प्रतिक्रिया
इस पूरे मामले पर कांग्रेस प्रत्याशी अंजलि ब्रह्मभट्ट ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनकी गाड़ी पर चढ़कर तोड़फोड़ करने की कोशिश की।
उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर बेवजह विवाद पैदा करने के लिए ऐसे हालात बनाए गए। उनका कहना है कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए ठीक नहीं है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
ये खबर भी पढे़:-
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 5 शहरों में व्यस्त कार्यक्रम, तीन संभागों में रोड शो
जस्टिस संजय के. अग्रवाल बने राजस्थान हाई कोर्ट के CJ, जल्द लेंगे शपथ
सचिन पायलट बने पंजाब के नए प्रभारी, जानें वो कारण जिनसे मिली कमान
राजस्थान HC विवाद: पूर्व CJI गवई बोले- जस्टिस मेहता का फैसला सही, जो पता चला वो शॉकिंग