दो फास्ट बॉलरों ने क्यों छोड़ा राजस्थान, अब क्या है उनका नया प्लान?
समझें क्या है पूरा मामला
- दो तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और गणेश सुथार ने RCA से NOC लेकर राजस्थान छोड़ दिया।
- अशोक शर्मा अब गुजरात टाइटंस और गुजरात टीम से घरेलू क्रिकेट खेलेंगे।
- गणेश सुथार हरियाणा टीम से नई शुरुआत करेंगे, उन्होंने भी NOC ले ली है।
- दोनों खिलाड़ियों ने करियर में बेहतर मौके मिलने के चलते यह फैसला लिया।
- RCA ने कहा कि खिलाड़ियों के जाने से राजस्थान क्रिकेट पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
राजस्थान के दो तेज गेंदबाज अशोक शर्मा और गणेश सुथार अब राजस्थान की ओर से क्रिकेट नहीं खेलेंगे। दोनों ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन से NOC (No Objection Certificate) ले ली है। अशोक शर्मा गुजरात और गणेश सुथार हरियाणा की टीम से खेलेंगे। अशोक शर्मा IPL (Indian Premier League) में गुजरात टाइटंस की ओर से खेल चुके हैं और 154 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रिकॉर्ड गेंदबाजी कर चुके हैं। दोनों के जाने को राजस्थान क्रिकेट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
अशोक को गुजरात में दिखे ज्यादा मौके
अशोक शर्मा ने कहा कि राजस्थान क्रिकेट से उन्हें कोई शिकायत नहीं थी। लेकिन करियर को आगे ले जाने के लिए उन्होंने गुजरात का रुख किया।
उन्होंने बताया कि पिछले साल भी गुजरात मैनेजमेंट ने उनसे बात की थी। तब वह फैसला नहीं कर पाए। इस बार गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA – Gujarat Cricket Association) के अनिल पटेल से बातचीत के बाद उन्होंने यह कदम उठाया।
अशोक शर्मा ने पिछले घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन किया था। इसी प्रदर्शन से प्रभावित होकर गुजरात टाइटंस ने उन्हें IPL में मौका दिया था।
गणेश सुथार हरियाणा से करेंगे नई शुरुआत
तेज गेंदबाज गणेश सुथार ने भी RCA से NOC लेने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि करियर में नए अवसरों के लिए वह हरियाणा की ओर से खेलेंगे।
गणेश को बड़ी पहचान तब मिली जब वह CSK (Chennai Super Kings) के नेट गेंदबाज बने। चेन्नई के कैंप में उनकी गेंदबाजी से कई सीनियर खिलाड़ी प्रभावित हुए थे। इसके बाद से उन्हें राजस्थान के उभरते तेज गेंदबाजों में गिना जाने लगा था।
RCA ने किया खिलाड़ियों से संवाद
RCA एडहॉक कमेटी के सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया कि समिति ने दोनों खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की थी। यह जानने की कोशिश की गई कि कहीं राजस्थान क्रिकेट व्यवस्था से उन्हें कोई शिकायत तो नहीं है।
दोनों खिलाड़ियों ने राजस्थान क्रिकेट को लेकर कोई नाराजगी नहीं जताई। उनका मानना था कि दूसरे राज्यों में अधिक अवसर मिल सकते हैं।
सिंघवी ने कहा कि एक तेज गेंदबाज का पीक टाइम चार से पांच साल का होता है। ऐसे में खिलाड़ी अपने करियर को ध्यान में रखकर फैसला लेता है।
RCA का रुख साफ
सिंघवी ने स्पष्ट किया कि RCA किसी भी खिलाड़ी के करियर की राह में बाधा नहीं बनना चाहती। जिस खिलाड़ी को कहीं बेहतर मौका मिले, उसे रोकना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें राजस्थान क्रिकेट की भी भूमिका रही है। RCA उनके फैसले का सम्मान करती है।
राजस्थान की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत
RCA एडहॉक कमेटी के सदस्य सुशील जैन ने कहा कि दोनों गेंदबाजों के जाने से राजस्थान क्रिकेट कमजोर नहीं होगी। राजस्थान के पास अनिकेत चौधरी और आकाश सिंह जैसे अनुभवी गेंदबाज हैं।
जैन ने कहा कि इस बदलाव का एक सकारात्मक पहलू यह है कि नए खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। चेतन शर्मा और दीपेंद्र जैसे युवा गेंदबाज राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट खेल चुके हैं। राजस्थान की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत है और टीम आगे भी प्रतिस्पर्धी बनी रहेगी।
FAQ
- दो गेंदबाजों ने राजस्थान क्रिकेट क्यों छोड़ा?
दोनों गेंदबाजों को दूसरे राज्यों में अपने करियर के लिए बेहतर अवसर दिखे। राजस्थान क्रिकेट से उन्हें कोई शिकायत नहीं थी। RCA से NOC लेकर अशोक गुजरात और गणेश हरियाणा से खेलेंगे। - अशोक शर्मा कौन हैं और उनकी क्या उपलब्धियां हैं?
अशोक शर्मा राजस्थान के तेज गेंदबाज हैं जो IPL में गुजरात टाइटंस की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने इस सीजन में 154 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी की थी। घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। - क्या दो गेंदबाजों के जाने से राजस्थान क्रिकेट कमजोर होगी?
RCA के अनुसार राजस्थान की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत है। अनिकेत चौधरी और आकाश सिंह जैसे अनुभवी गेंदबाज टीम में हैं। इससे नए युवा गेंदबाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
ये खबर भी पढे़:-
विधायक से विवाद के बाद EO को किया सस्पेंड, समीक्षा बैठक में हुई थी नोकझोंक
पीबीएम हॉस्पिटल में चार प्रसूताएं ICU में, दो वेंटिलेटर पर
कबड्डी खिलाड़ी का किया अपहरण, फिर कर दी हत्या, सड़क किनारे मिला शव
12वीं में 90% से ज्यादा अंक, इनाम में मिली अहमदाबाद से बेंगलुरु की उड़ान