खेत में 5 लाख रुपए गाड़कर भूला किसान, दीमक कर गई चट

Ashish Bhardwaj | Aug 09, 2026, 14:46 IST
दीमक खा गई 5 लाख
राजस्थान में बालोतरा के किसान ने चोरी के डर से 5 लाख रुपए खेत में गाड़ दिए थे। एक साल बाद बुवाई के दौरान नोटों की थैली मिली। दीमक लगने से बैंक ने नोट बदलने से इनकार किया।

समझें क्या है पूरा मामला

  • बालोतरा किसान ने खेत में छिपाए थे 5 लाख रुपए।
  • एक साल बाद मिली नोटों की थैली, ज्यादातर नोट खराब।
  • दीमक लगे नोट बदलने से बैंक ने किया इनकार।
  • किसान अब नोट बदलवाने के लिए परेशान हो रहा है।
  • RBI के नियमों के अनुसार खराब नोट बदलने की सुविधा उपलब्ध है।

बालोतरा के एक किसान ने चोरी के डर से 5 लाख रुपए खेत में गड्ढा खोदकर छुपा दिए थे। एक महीने बाद जब वे पैसे निकालने पहुंचे तो जगह याद नहीं आई। दो दिन पहले बुवाई के दौरान यह थैली मिल गई। ज्यादातर नोटों पर दीमक लग चुकी थी। अब बैंक इन नोटों को बदलने से मना कर रहा है।



मकान बनाने के लिए रखे थे पैसे

पचपदरा थाने के नेवाई गांव के किसान मांगीलाल का पचपदरा में एक प्लॉट था। एक साल पहले गांव में मकान बनाने के लिए उन्होंने यह प्लॉट बेच दिया था।



चोरी होने के डर से उन्होंने पांच लाख रुपए एक थैली में डालकर खेत में छुपा दिए थे। समय बीतने के साथ उन्हें यह जगह याद नहीं रही।



बुवाई के दौरान मिली नोटों की थैली

चार दिन पहले किसान ने खेत में बुवाई करवाई थी। शुक्रवार सुबह तारबंदी ठीक करने के लिए उनकी पत्नी और बेटा खेत पर गए थे।



वहां उन्हें नोटों की थैली बाहर पड़ी मिली। एक साल तक जमीन में रहने से पैसों को दीमक लग गई थी। कई नोट टुकड़े-टुकड़े हो चुके थे।



बैंक ने नोट बदलने से किया इनकार

मांगीलाल शुक्रवार को ही यह नोट लेकर पचपदरा की एसबीआई (SBI – State Bank of India) शाखा गए थे। लेकिन नोटों की हालत देखकर बैंक ने बदलने से इनकार कर दिया।



इसके बाद वे बालोतरा की मुख्य शाखा भी गए। वहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। बैंक कर्मियों ने बताया कि सीरियल नंबर वाले नोट बदले जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें जयपुर जाना होगा।



मांगीलाल का कहना है कि अनपढ़ होने और आर्थिक तंगी के चलते वे जयपुर जाने में असमर्थ हैं।



कटे-फटे नोट बदलने का क्या है नियम

एक्सपर्ट के अनुसार फटे, घिसे या दो हिस्सों में बंटे नोट से घबराने की जरूरत नहीं है। अगर नोट पर नंबर, सिग्नेचर और जरूरी जानकारी साफ दिख रही है तो वह नोट वैध माना जाता है।



ऐसे नोट बदलने के लिए किसी फॉर्म या लंबी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती। नोट लेकर किसी भी सरकारी या प्राइवेट बैंक में जाया जा सकता है। चाहें तो आरबीआई (RBI – Reserve Bank of India) के दफ्तर या करेंसी चेस्ट शाखा में भी संपर्क किया जा सकता है।



एक बार में कितने नोट बदले जा सकते हैं

रिजर्व बैंक ने कटे-फटे नोट बदलने के लिए स्पष्ट नियम बनाए हैं। अगर एक दिन में 20 तक कटे-फटे नोट या कुल 5000 रुपए तक के नोट बदलवाने हों, तो बैंक उन्हें बिना शुल्क तुरंत बदल देता है।



अगर नोटों की संख्या 20 से ज्यादा या मूल्य 5000 रुपए से अधिक है, तो बैंक उन्हें स्वीकार कर रसीद देता है। यह राशि बाद में खाते में जमा कर दी जाती है। ऐसे मामलों में बैंक सर्विस चार्ज भी ले सकता है।



ये खबर भी पढे़:-

कोचिंग हब के बाद भी कमर्शियल एरिया में चल रहे कोचिंग, SC ने JDA को घेरा



अल्बर्ट हॉल से बड़ी चौपड़ तक नड्डा की तिरंगा यात्रा, सीएम भजनलाल हुए शामिल



हाई कोर्ट में स्टेनोग्राफर फॉर्म का एक दिन शेष, 10 अगस्त तक ही ऑनलाइन आवेदन



10-महीने बाद खुला खजाने का राज, जंगल में दबा था करोड़ो का खजाना





Tags:
  • आरबीआई
  • प्राइवेट बैंक
  • एसबीआई
  • रिजर्व बैंक
  • बालोतरा