जयपुर में शुरू हुई भारत टैक्सी, 15% तक मिलेगी सस्ती
समझें क्या है पूरा मामला
- जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल ने भारत टैक्सी लॉन्च की।
- भारत टैक्सी ओला-उबर से 10-15% सस्ती राइड का दावा।
- पीक ऑवर में नहीं लगेगी सर्ज प्राइसिंग।
- ड्राइवरों को 20% तक ज्यादा कमाई का दावा।
- भारत टैक्सी को सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया गया।
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारत टैक्सी का आधिकारिक शुभारंभ किया। कंपनी का दावा है कि यह ओला-उबर से 10 से 15 प्रतिशत सस्ती होगी। भारत टैक्सी में सर्ज प्राइसिंग नहीं लगाए जाने का भी दावा किया गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय और राज्य सहकारिता मंत्री भी मौजूद रहे। एक टैक्सी ड्राइवर ने बताया कि उसकी कमाई पहले से 20 प्रतिशत बढ़ी है।
हरी झंडी दिखाकर हुआ शुभारंभ
शनिवार 25 जुलाई को जयपुर के भगवत सिंह मेहता सभागार, ओटीएस में भारत टैक्सी के शुभारंभ का कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के तौर पर टैक्सी को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
11 किमी पर 25 रुपए तक का फायदा
हाल ही में जयपुर में भारत टैक्सी ने अपना कस्टमर मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया था। कंपनी के अनुसार 11 किलोमीटर तक की दूरी पर ग्राहक को करीब 25 रुपए तक का फायदा होगा।
कंपनी का दावा है कि यह देश का सबसे बड़ा सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है। इसके तहत ड्राइवरों को सिर्फ सर्विस प्रोवाइडर नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म का भागीदार भी बनाया जाएगा।
ड्राइवर बोले, 20% बढ़ी कमाई
भारत टैक्सी से जुड़े एक ड्राइवर ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले 2 महीने से भारत टैक्सी के साथ काम कर रहे हैं।
राजेश के अनुसार जब भारत टैक्सी लॉन्च हुई थी, तो उन्होंने एक बार इसे ट्राई करने का फैसला किया। उन्हें इसमें रेट भी अच्छी लगी।
उन्होंने बताया कि ओला-उबर जैसी कंपनियां उन्हें पार्टनर बताती थीं, लेकिन कई तरह का कमीशन काट लेती थीं। इस वजह से सही से कमाई नहीं हो पाती थी। भारत टैक्सी में उन्हें सारथी बताया गया है।
राजेश के मुताबिक शहर के अंदर उन्हें अच्छी राइड मिल रही है, हालांकि आउटर एरिया में अभी कुछ दिक्कत आ रही है। उनका कहना है कि अन्य कंपनियों की तुलना में उन्हें अब करीब 20 प्रतिशत ज्यादा कमाई हो रही है और रोजाना उनकी 10 से 12 राइड हो जाती हैं।
ये खबर भी पढे़:-
जिला जेल में पार्टी करते हुए 3 वीडियो वायरल, कैदी करते दिखे नशा और डांस
सरकार का बड़ा फैसला, यूनिवर्सिटी नियमों में मिली ढील
पहली बार एक साथ निकाय और पंचायत चुनाव, क्या सरकार वन स्टेट-वन इलेक्शन की राह पर?
मंत्रीजी को मिला पर्सनल स्टाफ, भारी-भरकम तोप की तलाश, अरावली की आस