दुबई में कारोबारी अगवा, भीलवाड़ा में पत्नी से 40 लाख की फिरौती, 2 आरोपी गिरफ्तार
समझें क्या है पूरा मामला
दुबई में किया कारोबारी का अपहरण, मांगी 40 लाख की फिरौती।
पत्नी से ले गए 40 लाख का चेक, उसके बाद दुबई में किया रिहा।
बिजनेस ट्रिप पर गए थे, वहां गैंग ने घेरा, मारपीट कर बंधक बनाया।
भीलवाड़ा के दो बदमाश गिरफ्तार, मास्टरमाइंड दुबई फरार।
पूर्व पार्षद पर अपहरण और फिरौती का बड़ा आरोप।
राजस्थान के भीलवाड़ा से एक सनसनीखेज अंतरराष्ट्रीय अपहरण का मामला सामने आया है। यहां के कारोबारी मुकेश टेलर को दुबई में बिजनेस ट्रिप के दौरान भीलवाड़ा के ही पूर्व पार्षद और वांटेड आरोपी फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बंधक बना लिया।
उनके परिवार से 40 लाख रुपए की फिरौती वसूल की। भारत में मौजूद साथियों ने मुकेश की पत्नी के घर जाकर 40 लाख रुपए का चेक लिया और चेक की पुष्टि होते ही मुकेश को रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने भारत में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी फजले रऊफ के लिए लुकआउट नोटिस जारी कर दुबई पुलिस से सहयोग मांगा जा रहा है।
दुबई में बिजनेस ट्रिप पर गए थे
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि मुकेश टेलर 1 जुलाई को बिजनेस ट्रिप पर दुबई गए थे। वहां पहुंचने के बाद फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें अपहृत कर लिया।
आरोपियों ने मुकेश के साथ मारपीट की और फिर उनके ससुर गोपाललाल को फोन कर 40 लाख रुपए की फिरौती की मांग रखी।
घर पहुंची फिरौती की टीम
शनिवार को आरोपी फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और उसका साथी राजू पठान मुकेश की पत्नी के घर पहुंचे। उन्होंने पति की रिहाई के नाम पर 40 लाख रुपए का चेक लिया और चले गए। जैसे ही चेक की पुष्टि हुई, दुबई में मुकेश को आरोपियों ने छोड़ दिया।
देर रात भीलवाड़ा पहुंचे, FIR दर्ज कराई
शनिवार देर रात मुकेश टेलर भीलवाड़ा वापस पहुंचे। दंपती ने सुभाष नगर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए रविवार को फाइनेंसर योगेश मूंदड़ा और राजू पठान को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य आरोपी पूर्व पार्षद फजले रऊफ दुबई में फरार
मास्टरमाइंड फजले रऊफ शेख उर्फ लुत्फी भीलवाड़ा का पूर्व पार्षद है और पहले से ही वांटेड था। वह फिलहाल दुबई में है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस (Lookout Notice) जारी कर दिया है और दुबई पुलिस से सहयोग मांगा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कैसे हुआ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह अपराध?
यह मामला बताता है कि किस तरह भारत में बैठे और विदेश गए आरोपी मिलकर फिरौती का जाल बिछाते हैं। दुबई में बंधक बनाना और भारत में चेक वसूलना इस गिरोह की सुनियोजित कार्यप्रणाली थी।
ये भी पढ़ें:-
आयुषी केस में नया मोड़, पिता की मौत भी शक के घेरे में, कोर्ट ने खारिज की जमानत
बहन को गलत बोलने से नाराज थे बच्चे, पार्टी के बहाने बुलाकर की दोस्त की हत्या
पुणे मर्डर का जोधपुर कनेक्शन, प्यार के चक्कर में कातिल बना 4 बहनों का इकलौता भाई
3 मिनट में मौत, सुसाइड दिखाने की कोशिश, जगन हत्याकांड के चौंकाने वाले खुलासे