पीहर जाने की जिद में मां ने 8 महीने की मासूम को पिलाया तेजाब, वेंटिलेटर पर बच्ची
News In Short
- भिवाड़ी में एक मां ने अपनी दुधमुंही बच्ची को टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिलाया।
- तेजाब पेट में जाते ही मासूम तड़पने लगी। मुंह और नाक से खून का रिसाव होने लगा।
- यह बच्ची अब अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी और मौत के बीच कर रही संघर्ष।
- महिला ने ऑडियो रिकॉर्डिंग में मां ने कबूला जुर्म, अब जांच में जुटी पुलिस।
- तीन दिन से पति द्वारा उसे मायके नहीं भेजे जाने के कारण मां गुस्से में थी।
News In Detail
सुनील जैन@अलवर
राजस्थान में भिवाड़ी से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मां-बेटी के पवित्र रिश्ते को झकझोर कर रख दिया है। यहां कैप्टन चौक इलाके में एक मां ने महज मायके जाने की जिद पूरी न होने पर अपनी ही 8 महीने की मासूम दुधमुंही बेटी को टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिला दिया।
तेजाब पीने से बच्ची के अंदरूनी अंग बुरी तरह झुलस गए हैं। वर्तमान में मासूम को सरकारी शिशु अस्पताल अलवर में वेंटिलेटर सपोर्ट पर जिंदगी और मौत के बीच कड़ा संघर्ष कर रही है।
मामूली बात पर उपजा विवाद
जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार मूल रूप से डीग जिले के नगर क्षेत्र का रहने वाला है, लेकिन आजीविका के लिए भिवाड़ी के कैप्टन चौक इलाके में रह रहा था। बच्ची का पिता मोहित एक सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी में फील्ड वर्क करता है। बताया जा रहा है कि मोहित की पत्नी सपना पिछले तीन दिनों से अपने पीहर जाने की जिद कर रही थी।
पति मोहित ने अपनी नई नौकरी का हवाला देते हुए केवल इतना कहा था कि नई-नई जॉइनिंग है, इसलिए छुट्टी मिलना मुश्किल है। जैसे ही छुट्टी मिलेगी, वह खुद उसे पीहर छोड़ आएगा। बस इतनी सी बात पत्नी सपना को नागवार गुजरी। पति के काम पर जाते ही उसने गुस्से और जिद में आकर अपनी ही 8 माह की मासूम बेटी काव्या को तेजाब पिला दिया।
मुंह-नाक से बहने लगा खून
घटना के वक्त घर पर सपना और उसकी बेटी अकेले थे। तेजाब पेट में जाते ही मासूम तड़पने लगी। तेजाब के अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण बच्ची के मुंह और नाक से लगातार खून का रिसाव होने लगा। शरीर के भीतर जहां-जहां तेजाब पहुंचा, वहां के अंदरूनी ऑर्गन्स डैमेज हो गए और फट गए।
इसी दौरान भिवाड़ी में ही रहने वाली मोहित की बहन को जब इस बात भनक लगी, तो उसने तुरंत मोहित को फोन कर घर बुलाया। मोहित जब घर पहुंचा तो बेटी की हालत देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
भिवाड़ी से अलवर रेफर, हालत बेहद नाजुक
पिता मोहित लहूलुहान हालत में तड़पती हुई बच्ची को तुरंत भिवाड़ी के स्थानीय अस्पतालों में लेकर भागा। हालांकि, बच्ची की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत अलवर के शिशु चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। परिजन रात करीब 9:00 बजे बच्ची को लेकर अलवर अस्पताल पहुंचे।
अलवर शिशु अस्पताल में डॉक्टर राशि कौशिक के सुपरविजन में डॉक्टरों की एक विशेष टीम बच्ची की जान बचाने की जद्दोजहद में जुटी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है। अंदरूनी अंगों में भारी नुकसान के कारण खून का रिसाव रुक नहीं रहा है, जिसके चलते बच्ची को लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग में मां ने कबूला जुर्म, जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद से पिता मोहित का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका कहना है कि उसकी एक ही बेटी थी, जिसके साथ उसकी पत्नी ने यह हैवानियत की।
शुरुआत में आरोपी मां सपना ने इस बात से पूरी तरह इनकार किया था, लेकिन बाद में उसने अपने पीहर वालों से फोन पर बात करते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया। इस बातचीत का एक कथित ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें वह स्पष्ट रूप से स्वीकार कर रही है कि पति से पीहर जाने को लेकर हुए झगड़े और गुस्से में आकर उसने बेटी को तेजाब पिलाया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ऑडियो क्लिप को कब्जे में लेकर और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।
ये भी पढे़:-
महिला वन रक्षक ने सीनियर अधिकारी पर लगाए सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोप, विभागीय जांच के आदेश
हाई कोर्ट ने आटा-साटा प्रथा को बताया अमानवीय और नैतिक रूप से दिवालिया, दी तलाक को मंजूरी
कर्मचारी ने नहीं भरा क्रेडिट कार्ड बिल, वाइस चांसलर को धमकी देने लगे रिकवरी एजेंट
राजस्थान हाई कोर्ट: शादी से राज्य बदलने पर महिलाओं को EWS लाभ से नहीं कर सकते वंचित