कैश वैन लूट में कैशियर ही निकला मास्टरमाइंड, बाल्टी में छिपाकर रखे थे 46 लाख
समझें क्या है पूरा मामला
- बीकानेर कैश वैन लूट मामले में 46 लाख रुपए बरामद।
- आरोपियों ने बाल्टी में भरकर झाड़ियों में छिपाए थे पैसे।
- कैशियर विक्रम सिंह निकला लूट की साजिश का मास्टरमाइंड।
- पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 दिन की रिमांड ली।
- लूट के दो आरोपी अभी भी फरार, तलाश जारी।
राजस्थान के बीकानेर में कैश वैन से लूटे गए 51 लाख रुपए में से 46 लाख रुपए बाल्टी में डालकर झाड़ियों में छुपाए गए थे। पुलिस को बाल्टी में 500 और 100 रुपए के नए नोटों की गड्डियां मिलीं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मंगलवार सुबह यह रकम बरामद कर ली।
कैसे हुई थी लूट की वारदात
यह मामला पांचू थाना क्षेत्र का है। डीएसपी जरनैल सिंह के अनुसार 5 अगस्त को कैश वैन से 51 लाख रुपए की लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने सोमवार को वैन के कस्टोडियन यानी कैशियर विक्रम सिंह (23) निवासी चरकड़ा, नोखा और श्यामसुंदर (20) निवासी स्वरूपसर, पांचू को गिरफ्तार किया।
इनके दो साथी अशोक निवासी दावा, नोखा और मनीष निवासी देवगांव, नागौर अभी भी फरार हैं। पुलिस ने 46 लाख रुपए अशोक के गांव दावा की रोही से बरामद किए हैं।
आईटीआई के दोस्तों ने रची साजिश
डीएसपी ने बताया कि मनीष और श्यामसुंदर ने नागौर के एक ही कॉलेज से आईटीआई (ITI) की पढ़ाई की थी। कैशियर विक्रम सिंह भी इन्हीं के साथ रहता था।
एक अन्य साथी अशोक के साथ मिलकर इन सभी ने 4 अगस्त को नोखा के डूडी स्टेडियम में लूट की पूरी साजिश रची थी। कैशियर विक्रम ने अपने साथियों से कह दिया था कि उसके आते ही पिस्तौल दिखा दें, उसके बाद वह खुद वैन का दरवाजा खोल देगा।
सीनियर होने का उठाया फायदा
5 अगस्त को एसबीआई (SBI) से 51 लाख रुपए लेने के बाद विक्रम ने अपने सीनियर होने का फायदा उठाया। उसने गाड़ी में सवार अन्य कैशियर, गार्ड और ड्राइवर को अपने भरोसे में ले लिया।
उसने साथियों को बताया कि पहले सारुंडा के एटीएम में पैसे डालेंगे, फिर नोखा के एटीएम में। इसके बाद विक्रम ने अपने साथियों को फोन से मैसेज भेजकर सूचना दे दी।
विक्रम के तीनों साथी पहले ही बोलेरो कैंपर लेकर साधुना और सारूंडा गांव के बीच सड़क पर खड़े हो गए थे। जैसे ही कैश वैन वहां पहुंची, बोलेरो कैंपर ने पीछा कर साइड से टक्कर मार दी और ड्राइवर पर पिस्तौल तान दी।
विक्रम ने डर का नाटक करते हुए कैश वैन का पिछला गेट अंदर से खोल दिया। इसके बाद कैंपर में सवार तीनों आरोपियों ने वैन में रखे 51 लाख रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
दोनों आरोपी 7 दिन की रिमांड पर
डीएसपी के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।
कैश वैन में लगे सीसीटीवी के डीवीआर (DVR) में कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली है। इसकी रिकॉर्डिंग रिकवर करने के लिए डीवीआर को एफएसएल (FSL) भेजा गया है।
ये खबर भी पढे़:-
थानों की सीमाएं होंगी नए सिरे से तय, 5 सदस्यीय पुलिस समिति का होगा पुनर्गठन
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की टनल में जलभराव, 1000 करोड़ की इंजीनियरिंग पर सवाल
राजस्थान: RTO इंस्पेक्टर की वसूली गैंग बेनकाब, ACB ने 2 दलालों को दबोचा
कांग्रेस में दो पूर्व विधायकों की री-जॉइनिंग पर ब्रेक, गुटों की सहमति का इंतजार