निकाय चुनाव का रिपोर्ट कार्ड, पंचायत की तैयारी: CM आवास पर फीडबैक लेंगे नितिन नवीन
समझें क्या है पूरा मामला
- निकाय के बाद अब पंचायत चुनाव पर भाजपा की नजर।
- दादिया से रवाना होंगे 90 प्रचार रथ, जानें प्लान
- नितिन नवीन का जयपुर दौरा, करेंगे युवाओं से संवाद।
- नितिन नवीन के दौरे से भाजपा की पंचायत चुनाव तैयारी शुरू।
- निकाय चुनाव के नतीजों पर सीएम हाउस में होगी बैठक।
राजस्थान में निकाय चुनाव के बाद अब भाजपा पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने जा रही। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर में दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरे का फोकस निकाय चुनाव के नतीजों की समीक्षा और पंचायत चुनाव की तैयारी पर रहेगा। दादिया से 90 प्रचार रथ रवाना कर पंचायत चुनाव के अभियान का आगाज किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री हाउस में पार्टी नेताओं के साथ बैठक में निकाय चुनाव के अनुभव और पंचायत चुनाव में आगे की तैयारी पर बात होगी।
नितिन नवीन का जयपुर दौरा
नितिन नवीन 24 सितंबर की देर रात जयपुर पहुंचेंगे। अगले दिन सुबह अल्बर्ट हॉल के पास स्वच्छता सेवा कार्यक्रम से उनके दिन की शुरुआत होगी। यह कार्यक्रम भाजपा के सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में पार्टी नेताओं के साथ बैठक का कार्यक्रम है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष,सांसदों और विधायकों के अलावा संभाग के प्रभारी, सह-प्रभारी और पंचायत चुनाव की संचालन समिति से जुड़े तमाम नेता मौजूद रहेंगे। इस बैठक में निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर विधायकों और प्रभारियों से खुलकर बात होगी।
निकाय चुनाव के नतीजों पर लेंगे फीडबैक
भारतीय जनता पार्टी का फोकस हाल में हुए निकाय चुनाव से मिले फीडबैक पर रहेगा। चुनाव के दौरान संगठन ने कहां बेहतर काम किया और कहां कमी रही, इस पर चर्चा होगी? खासतौर पर उन जिलों को लेकर, जहां पार्टी का प्रदर्शन फीका रहा। भाजपा ने भले ही शुरुआती 7 निकायों के नतीजों में महापौर के साथ अपना बोर्ड बना लिया लेकिन वोटिंग शेयर में कांग्रेस से महज एक फीसदी के अंतर पर जरूर सवाल उठेंगे।
इसके साथ चुनाव मैनेजमेंट और जमीनी स्तर से मिले फीडबैक पर भी बात होगी। पार्टी की कोशिश निकाय चुनाव के अनुभव को पंचायत चुनाव की तैयारी में इस्तेमाल करने की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी नितिन नवीन के दौरे को पंचायत चुनाव की तैयारियों से जोड़ा। पार्टी का कहना है कि अब निकाय चुनाव के बाद संगठन पंचायत चुनाव पर फोकस करेगा। नितिन नवीन का एक कार्यक्रम बगरू में भी है। यहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर हाल के निकाय चुनाव में जीते भाजपा पार्षदों के साथ चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
90 प्रचार रथ जाएंगे गांवों में
दादिया के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय नितिन नवीन 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पार्टी इन रथों को पंचायत चुनाव की तैयारी से जोड़ रही है। ये रथ राजस्थान के गांवों में जाएंगे। इनके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और काम की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मुताबिक इस कार्यक्रम के बाद पार्टी पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाएगी। उन्होंने पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर भी जीत का दावा किया।
निकाय के बाद अब गांवों पर भाजपा का फोकस
राजस्थान में निगम चुनाव चुनाव के बाद दादिया से प्रचार रथ रवाना करने के पीछे पार्टी का फोकस गांवों तक पहुंच बढ़ाने पर है। पार्टी अपने जिला और मंडल स्तर के संगठन को भी पंचायत चुनाव के लिए सक्रिय करने की तैयारी कर रही।
दादिया के कार्यक्रम में निकाय चुनाव के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों को भी बुलाया गया है। इससे पार्टी निकाय चुनाव में मिले फीडबैक को सीधे संगठन तक पहुंचाने की कोशिश करेगी। क्योंकि निकाय चुनाव में निर्दलीयों और बागियों के प्रदर्शन ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। 2200 से अधिक निर्दलीयों ने पार्षद चुनाव जीता है।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी, आरएलपी, भारत आदिवासी पार्टी ने निकाय चुनाव में कई स्थानों पर अपना बोर्ड बनाकर चौंकाया है। ऐसे में भाजपा संगठन इसे हल्के में नहीं ले रहा और राष्ट्रीय अध्यक्ष के जयपुर दौरे पर इन मुद्दों पर खुलकर बात होगी और आगामी पंचायत चुनाव में इसकी काट कैसे की जाए, इसकी रणनीति पर भी बात होगी।
युवाओं से भी करेंगे संवाद नितिन नवीन
नितिन नवीन जयपुर दौरे में बिरला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें प्रदेश के युवाओं और छात्रों से बातचीत की जाएगी। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश करेगी। संगठन में युवाओं की भागीदारी और उनसे जुड़े मुद्दों पर भी बात होने की संभावना है।
इस तरह नितिन नवीन के जयपुर दौरे में पार्टी के अलग-अलग कार्यक्रम रहेंगे, लेकिन राजनीतिक तौर पर सबसे बड़ा फोकस निकाय चुनाव के बाद संगठन का फीडबैक लेने और पंचायत चुनाव के लिए पार्टी को तैयार करने पर रहेगा।
यह खबरें भी पढ़ें...
राजस्थान बजट 2027-28 की तैयारी शुरू, गैरजरूरी खर्च पर लगेगी रोक
25 सितंबर को जयपुर आएंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, दादिया में बड़ा कार्यक्रम
यूपीएससी बोर्ड की बैठक 9 साल बाद जयपुर में, 15 नाम लिफाफे में बंद
नितिन नवीन के आयोजन से क्यों छंटी भीड़, राहुल में क्यों आए युवा, भोपाल ले रहा रिपोर्ट