हिस्ट्रीशीटरों के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, 10 से ज्यादा निर्माण ध्वस्त
समझें क्या है पूरा मामला
- बीकानेर में 2 हिस्ट्रीशीटरों के 10 से ज्यादा अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया।
- गंगाशहर इलाके में बाउंड्री-लोहे के गेट बनाकर की थी जमीन पर कब्जा।
- एक आरोपी पर 50 से ज्यादा मामले, दूसरे पर आर्म्स एक्ट का केस।
- BDA और पुलिस की संयुक्त टीम ने आधे घंटे में ढहाई अवैध संरचनाएं।
- कोटगेट थाने के हार्डकोर हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई।
बीकानेर में दो हिस्ट्रीशीटरों के 10 से अधिक अवैध निर्माण और कब्जों को बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर से ढहा दिया।
आधे घंटे चली कार्रवाई में बीकानेर डेवलपमेंट अथॉरिटी और 2 थानों की पुलिस मौजूद रही। कार्रवाई गंगाशहर इलाके में करमीसर गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई।
आरोपियों ने जमीनों पर बॉउंड्री दीवारें और लोहे के गेट लगाकर कब्जा कर लिया था। एक आरोपी पर 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जबकि दूसरे पर आर्म्स एक्ट का केस चल रहा है।
किन पर हुई कार्रवाई
आमीन खान कोटगेट थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और हथियार तस्करी के आरोप हैं। पिछले 20 साल से आमीन के खिलाफ हथियार सप्लाई के मामले दर्ज होते रहे हैं। बीकानेर में उस पर 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
दूसरा आरोपी हसन अली है, जिस पर चार अलग-अलग केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ 2017 में आर्म्स एक्ट के तहत नयाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें अब तक अदालत में कार्रवाई चल रही है।
कैसे हुई कार्रवाई
BDA ने इन दोनों हिस्ट्रीशीटरों से जुड़ी अवैध संपत्तियों और अतिक्रमणों को चिन्हित किया था। गुरुवार दोपहर 12 बजे BDA और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान सीओ गंगाशहर हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। BDA के उपायुक्त कुणाल राहड़ और तहसीलदार आकांक्षा गोदारा भी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
ये भी पढ़ें:-
बुलडोजर से ढहाया गया गैंगस्टर का घर, आईजी बोले- कौन रोहित गोदारा
श्रीगंगानगर किशोरी दुष्कर्म में 19 गिरफ्तार, 3 होटलों पर चला प्रशासन का बुलडोजर
सीमा क्षेत्र के धार्मिक स्थल जमींदोज, हाईकोर्ट की हरी झंडी के बाद चला बुलडोजर
विधायक के कब्जे पर चला बुलडोजर, 20 बीघा सरकारी जमीन मुक्त