सीएम के काफिले के लिए रोके वाहनों में घुसी बेकाबू बस, आधा दर्जन गाड़ियां पिचकीं

Jageshwar prasad | May 24, 2026, 06:20 IST
Photograph: (the sootr)
जयपुर-सीकर हाईवे पर सीएम भजनलाल शर्मा के काफिले के लिए रोके गए वाहनों में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस जा घुसी। हादसे में छह लोग घायल हो गए। बस के ब्रेक फेल होने से यह दुर्घटना हुई। सीएम दुर्घटना से कुछ समय पहले ही वहां से निकल चुके थे।

News In Short

  • सीएम के काफिले के लिए रोके वाहनों में तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर, छह घायल।
  • हादसा जयपुर-सीकर हाईवे पर सनसिटी गेट के पास शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ।
  • बस अहमदाबाद से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही थी, ब्रेक फेल होना आया सामने।
  • टक्कर इतनी तेज थी कि आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें कई पिचक गईं।
  • घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, गुस्साए लोगों ने बस पर पत्थर बरसाए।

News In Detail

जयपुर-सीकर हाईवे पर बड़पीपली के पास सीकर से जयपुर की ओर जा रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले को निकालने के लिए रोके गए वाहनों में एक तेज रफ्तार स्लीपर बस जा घुसी। शनिवार शाम को हुए इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। अचानक हुई दुर्घटना से पुलिस-प्रशासन सकते में आ गया और घटनास्थल पर चीख-पुकार के साथ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



सीएम के कार्यक्रम के बाद हुआ हादसा

बड़पीपली बस स्टैंड के पास सनसिटी गार्डन में भाजपा जयपुर जिला शहर का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर आयोजित था। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी पहुंचे थे।



शाम लगभग साढ़े छह बजे मुख्यमंत्री का काफिला कार्यक्रम से निपटकर जयपुर वापस लौट रहा था। उसी समय राजावास पुलिया के पास पुलिस ने जयपुर से सीकर जाने वाली गाड़ियों को रोक दिया था, ताकि सीएम के काफिले को कट से यू-टर्न करवाया जा सके।



ब्रेक फेल होने के चलते हुआ हादसा

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के ब्रेक फेल होना सामने आया है। बस अहमदाबाद से पर्यटकों को लेकर पुष्कर होते हुए खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही थी। अनियंत्रित बस की गति इतनी तेज थी कि वह रोके गए वाहनों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं और कई तो पिचक गईं।



पीछे से टकराने के कारण एक कार का पिछला हिस्सा पिचकने से उसका गेट नहीं खुल पाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से सीट पर फंसे सवार लोगों को बाहर निकाला। अन्य गाड़ियों में घायल हुए लोगों को भी पुलिस ने तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सीएम भजनलाल शर्मा दुर्घटना से कुछ समय पहले ही घटनास्थल से निकल चुके थे, इसलिए वह सुरक्षित हैं।



हाईवे पर लंबा जाम लग गया

दुर्घटना के तुरंत बाद राजमार्ग पर काफी लंबा जाम लग गया। काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। इस दौरान मौके पर मौजूद एडिशनल एसपी राजेश गुप्ता, हरमाड़ा थानाधिकारी उदय सिंह यादव सहित पुलिसकर्मियों ने मामले को संभाला। उन्होंने क्रेन मंगवाकर सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को एक तरफ करवाया और यातायात को सुचारु करवाया।



भीड़ ने बस पर पत्थर बरसाए

भीड़ में मौजूद लोगों में बस चालक के खिलाफ काफी गुस्सा देखा गया। कई लोगों ने गुस्से में बस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तुरंत मामला संभाल लिया और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।



घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे में घायल हुए सभी छह लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों में से कुछ की हालत स्थिर है और उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर सीएम का काफिला कुछ देर बाद निकलता तो यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक के ब्रेक फेल होने के दावे की भी जांच की जा रही है।



ये भी पढ़ें:-

तीन प्रयास, तीनों में सफलता, IAS श्वेता चौहान की UPSC यात्रा और उससे मिलने वाले अनमोल सबक



मंत्रियों-अफसरों की विदेश यात्राओं पर रोक, फिजूलखर्ची रोकने के लिए सरकार का मास्टर प्लान



प्रकृति की बलि देकर नहीं होगा विकास, हाई कोर्ट ने नाले की जमीन से श्मशान-सड़क हटाने के दिए आदेश



अमेरिकी विदेश मंत्री के स्वागत को तैयार पिंकसिटी, 25 को आएंगे जयपुर, यह रहेगा कार्यक्रम



Tags:
  • भजनलाल शर्मा
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • ब्रेक फेल होने के चलते हुआ हादसा
  • काफिला
  • हाईवे पर लंबा जाम