चलती कार में लगी भीषण आग, कांग्रेस नेता सहित 4 लोग जिन्दा जले
News In Short
- अजमेर में चलती कार बनी आग का गोला, हादसे में 4 लोग जिंदा जले।
- मृतकों में कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी भी शामिल।
- चौधरी अपनी बीमार मां को अस्पताल ले जा रहे थे, तभी कार लपटों में तब्दील हो गई।
- हादसे में रामसिंह की मां, पत्नी और भांजी महिमा भी जिंदा जल गईं।
- आग इतनी विकराल थी कि कार सवारों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
News In Detail
राजस्थान के अजमेर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। चलती कार में अचानक आग लगने से कांग्रेस नेता सहित परिवार के चार लोग जिंदा जल गए। यह घटना अजमेर शहर से करीब 60 किलोमीटर दूर बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है।
बीमार मां को लेकर जा रहे थे अस्पताल
जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी को अस्पताल ले जा रहे थे। पूसी देवी के सीने में अचानक दर्द होने लगा था, जिसके बाद परिवार ने उन्हें तुरंत अजमेर के अस्पताल ले जाने का फैसला किया था।
रामसिंह के साथ उनकी पत्नी और भांजी महिमा भी कार में सवार थीं। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही काशीर और बोराड़ा गांव के बीच स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लग गई।
आग के गोले में तब्दील हुई कार, बचने का नहीं मिला मौका
चश्मदीदों के अनुसार कार में आग लगते ही कुछ ही पलों में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। आग इतनी विकराल थी कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का जरा सा भी मौका नहीं मिला। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान
इस दर्दनाक हादसे में मारे गए लोगों की पहचान पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी के रूप में हुई है। वह कांग्रेस से जुड़े थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ थी। उनकी मां पूसी देवी भी पूर्व सरपंच रह चुकी थीं। हादसे में रामसिंह की पत्नी और भांजी महिमा की भी जिंदा जलने से मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले की मॉनिटरिंग शुरू कर दी। डिप्टी आयुष वशिष्ठ, बोराड़ा थाना अधिकारी सूर्यभान सिंह और अराई थाना अधिकारी रोशन सामरिया मौके पर पहुंच गए। दमकल की गाड़ियों को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। आसपास से टैंकर मंगवाकर आग बुझाई गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हत्या की दृष्टि से जांच कर रही पुलिस
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि अभी घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले को हत्या मानकर ही जांच कर रही है। एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में जुटी है। पुलिस शॉर्ट सर्किट सहित हर पहलू को ध्यान में रखकर हादसे की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह दुर्घटना थी या फिर कोई साजिश।
क्षेत्र में शोक की लहर
रामसिंह चौधरी एक सक्रिय कांग्रेसी नेता थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी खासी पहचान थी। उनकी मां पूसी देवी भी दो बार सरपंच रह चुकी थीं। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ये भी पढ़ें:-
वनरक्षक भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा, डमी कैंडिडेट से परीक्षा पास कर नौकरी पाई
अब थानों की निगरानी करेंगे अनुभवी आईपीएस अफसर, पेंडेंसी पर रहेगा फोकस
भैराणा धाम आंदोलन के बाद सरकार ने रोका RIICO प्रोजेक्ट, संतों की मांगों पर सहमति
मंत्री ने फिर मारा छापा, 50 करोड़ के नकली बीज का किया खुलासा, जानें पूरा मामला