मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जीत को बताया ऐतिहासिक, झालमुड़ी के साथ मनाया विजय उत्सव
News In Short
- पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की जीत पर राजस्थान भाजपा ने जश्न मनाया।
- सीएम भजनलाल शर्मा ने इस सफलता का श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को दिया।
- जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय में झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मनाया गया।
- भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बंगाल की जनता ने कुशासन को नकार दिया है।
News In Detail
Jaipur: पश्चिम बंगाल और असम के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर राजस्थान में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साहित दिखे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस जीत को विकसित भारत के संकल्प की जीत करार दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से देश की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने इस जनादेश को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व पर जनता के अटूट भरोसे की मुहर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह से नकारते हुए सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को चुना है। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कुशल संगठनात्मक नेतृत्व की भी सराहना की।
ममता शासन पर तीखा प्रहार
राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बंगाल के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वहां की जनता तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासन, वसूली और तुष्टिकरण की राजनीति से त्रस्त थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी थी, जिसे वहां की जनता ने वोट की चोट से जवाब दिया है। राठौड़ ने विश्वास जताया कि अब बंगाल में भाजपा के सुशासन का नया सूरज उगेगा।
पार्टी कार्यालय में खाई झालमुड़ी
इस राजनीतिक जीत का सबसे दिलचस्प नजारा भाजपा पार्टी कार्यालय पर देखने को मिला। यहां जीत का जश्न मनाने के लिए बाकायदा एक झालमुड़ी स्टॉल लगाया गया था। वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री स्वयं स्टॉल पर खड़े होकर झालमुंडी बनवाते और उसका लुत्फ उठाते नजर आए। उनके साथ अन्य पदाधिकारियों ने झालमुड़ी खाकर जश्न मनाया।
ये भी पढ़ें:-
परीक्षा के डर से छात्र ने रची दी खुद के अपहरण की साजिश, AI से बनाया फर्जी वीडियो
RTE लॉटरी के 50 दिन बाद भी 1.90 लाख बच्चे प्रवेश से वंचित, एडमिशन के लिए भटक रहे अभिभावक