रिश्वतखोरी मामले में कांग्रेस ने किरोड़ी को घेरा, कहा- उन्हें इस्तीफा देना चाहिए

Mukesh Sharma | Jul 06, 2026, 16:13 IST
कृषि मंत्री किरोड़ी पर कांग्रेस का हमला, बोली- भ्रष्ट अधिकारियों का किया बचाव, अब दें इस्तीफा
राजस्थान में कांग्रेस ने कृषि विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को घेरा है। कांग्रेस ने उनसे इस्तीफे और घूसखोरी के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद कृषि विभाग ने हाल ही में तीन अधिकारी किए निलंबित।
  • कांग्रेस ने कहा, सस्पेंड किए गए अधिकारियों का कृषि मंत्री ने पहले किया था बचाव।
  • कांग्रेस का दावा, तब किरोड़ी ने कहा था भ्रष्टाचार साबित हुआ तो देंगे इस्तीफा।
  • कांग्रेस की मांग- सच लाने के लिए डिकॉय टीम की जांच कराई जाए।

राजस्थान में भ्रष्टाचार को लेकर तीन कृषि अधिकारियों के निलंबन के बाद से कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा कांग्रेस के निशाने पर हैं। सस्पेंड होने वाले तीनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे हैं।



कांग्रेस ने कृषि मंत्री को उनकी 6 जून की सोशल मीडिया पोस्ट की याद दिलाई है। इस पोस्ट में कृषि मंत्री ने दावा किया है कि यदि भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित हुआ तो वह पद छोड़ देंगे।



कांग्रेस का दावा, किरोड़ी ने किया था बचाव

राजस्थान कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि कृषि विभाग ने संदीप और रजनीश सहित तीन लोगों को निलंबित किया है।



कांग्रेस का दावा है कि कृषि मंत्री ने संदीप और रजनीश का बचाव किया था। साथ ही कहा था कि


भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित होने पर पद छोड़ देंगे।



कांग्रेस का कहना है​ कि संदीप और रजनीश ही वे व्यक्ति हैं, जो सीकर में कृषि मंत्री के ओएसडी बनकर अवैध उगाही कर रहे थे। तब कृषि मंत्री ने उनका सार्वजनिक रूप से बचाव किया था।



डिकॉय टीम और खाद-बीज रिश्वतकांड पर उठे सवाल

कांग्रेस ने अधिकारियों के सस्पेंशन को कृषि विभाग के खाद-बीज रिश्वतकांड से जोड़ते हुए कई सवाल उठाए हैं।



कांग्रेस ने कहा है कि कृषि मंत्री की तथाकथित डिकॉय टीम से जुड़े जुगल किशोर को पहले ही करोड़ों रुपये के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।



कांग्रेस ने सवाल किया है कि केंद्रीय गृह मंत्री से कृषि मंत्री की मुलाकात के ठीक बाद संदीप और रजनीश के निलंबन का आदेश आना क्या संदेश देता है ? क्या यह कार्रवाई किसी बड़े दबाव का नतीजा है?



निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस ने मांग की है कि जनता के सामने सच लाने के लिए कृषि विभाग की पूरी डिकॉय टीम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।



कांग्रेस ने कहा कि डिकॉय टीम के कॉल डिटेल्स, आर्थिक लेन-देन और कथित छापों के दौरान हुई उगाही के रिकॉर्ड खंगाले जाने चाहिए।



ये भी पढ़ें:-

मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने की बीज फैक्ट्री पर छापेमारी, नकली बीज का भंडार मिला



कर्नाटक की तरह राजस्थान के संस्थान में लगेगी हिजाब पर पाबंदी, सिनियर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा दिया बयान



किरोड़ीलाल पड़े भाजपा में अलग-थलग, जानिए सियासत की पूरी कहानी?



दिल्ली में शाह से किरोड़ीलाल की मुलाकात, शिष्टाचार या राजस्थान की राजनीति में होने वाला है कोई बड़ा खेल



Tags:
  • राजस्थान कांग्रेस
  • राजस्थान में भ्रष्टाचार
  • कृषि विभाग
  • सोशल मीडिया
  • कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा