तबादलों में भ्रष्टाचार, शिक्षा मंत्री के लोग कर रहे वसूली, डोटासरा ने लगाया आरोप

Mukesh Sharma | Jul 16, 2026, 20:27 IST
गोविंद सिंह डोटासरा
राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तबादलों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के नजदीकी लोग तबादलों में वसूली कर रहे हैं। उन्होंने सांसद हनुमान बेनीवाल के समर्थकों पर मुकदमों को लेकर सरकार को घेरा।

ऐसे समझें पूरा मामला

  • कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तबादलों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप।
  • डोटासरा बोले, शिक्षा मंत्री के करीबी कर रहे वसूली, सरकार फोन टैप करवाकर देख ले।
  • कांग्रेस नेता के अनुसार वसुंधरा दुखी आत्मा हैं, उनके दिल से निकला सच, वैर-भाव ठीक नहीं।
  • डोटासरा ने कहा कि सरकार का विरोध करने पर रिश्तेदारों का दूर-दराज किया ट्रांसफर।
  • कहा, सिर्फ गाड़ी पर बेनीवाल का नाम होने से मुकदमे दर्ज हो रहे, यह कैसी राजनीति।

Jaipur: राजस्थान में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि तबादलों में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।शिक्षा विभाग का हाल सबसे खराब है। शिक्षा मंत्री के नजदीकी लोग तबादलों में जमकर वसूली में लगे हैं। सरकार में हिम्मत है तो शिक्षा मंत्री के पीए-पीएसओ नजदीक रहने वालों के फोन टैप करवाकर देख लीजिए, पता लग जाएगा।



डोटासरा ने कहा कि तबादला उद्योग में आरएसएस तांडव नृत्य कर रहा है। पैसे ले लेकर भ्रष्टाचार चल रहा है। इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। समसा में इंटरव्यू वाले पदों के लिए पैसा लेकर पोस्टिंग दी जा रही है। मंत्री के इर्द—गिर्द के लोग खुलेआम पैसे ले रहे हैं। भ्रष्टाचार का खुला नाच हो रहा है। कोई सुनने पूछने वाला नहीं है। बीजेपी के विधायक तक रो रहे हैं।



डोटासरा ने वसुंधरा की बात ​का किया समर्थन

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के राजनीति से रिश्तों को अलग रखने के बयान पर डोटासरा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वसुंधराजी दुखी आत्मा हैं। दुखी आत्मा से जो निकलता है तो सच निकलता है।



कल उन्होंने राजेंद्र राठौड़ और सीएम की तरफ देखा, उनकी क्या बात चुभ गई? उनके खिलाफ कौन षडयत्र कर रहा है। लेकिन वसुंधरा राजे ने कल जो कहा वे अच्छी बाते हैं। हमें राजनीति में इतना भी वैर भाव नहीं रखना चाहिए कि हम आंख भी नहीं मिला सकें।



मेरी रिश्तेदारी में जितने कर्मचारी, सबके ट्रांसफर किए

डोटासरा ने कहा कि पूर्व विधायक पंडित रामकिशन शर्मा ने भी कल सही कहा कि पहले विरोध में बोलकर भी साथ बैठकर चाय पीते थे, लेकिन आजकल तो एक्सीडेंट करवा दें। मैंने विरोध में कुछ बोल दिया तो मेरे सभी पहचान वालों और रिश्तेदारों तक के ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।



कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं शिक्षा मंत्री की और आरएसएस की गलत नीतियों का विरोध करता हूं, इसलिए आरएसएस मेरे पीछे पड़ा है। मेरे परिवार में या रिश्तेदारी में कोई सरकारी कर्मचारी था, उसे बांसवाड़ा, बाड़मेर भेज दिया। तबादलों से मैं झुकने वाला नहीं हूं। 2028 में इनका नाम लेने वाला बच जाए तो मुझे बता देना।



विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश

डोटासरा ने कहा कि विपक्ष की आवाज को आप दबाना चाहते हैं। विपक्ष के लोगों को परेशान करो, उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर दो, बताइए यह कौनसा तरीका है? आज हनुमान बेनीवाल और उनके लोगों पर कितने मुकदमे दर्ज करवा दिए?



डोटासरा के अनुसार बेनीवाल मेरे लिए अच्छा बोले ना बोले, कोई फर्क नहीं पड़ता। बेनीवाल ने दो साल पहले भी कहीं आंदोलन किया तो आज उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हो रहे हैं, उनके लोगों के खिलाफ हो रहे हैं। अगर बेनीवान का नाम लिखा हुआ गाड़ी पर मिल गया तो उनको भी अंदर डाल दो, यह कौन सी राजनीति है? इनको पता है कि कांग्रेस पार्टी बदले की राजनीति नहीं करती इसका ये नाजायज फायदा उठाते हैं।



ये खबर भी पढ़े:-

प्यार किया है तो चुकानी होगी कीमत, खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख का जुर्माना



पॉश सोसायटी बनी साइबर ठगों का अड्डा, अमेरिका-कनाडा तक किया डिजिटल अरेस्ट



चुनाव पर हाई कोर्ट सख्त, आयोग को लगाई फटकार, कहा- काम नहीं होता तो मना करें



पेपर लीक के मास्टरमाइंड पर खान विभाग का एक्शन, बजरी लीज होगी निरस्त



Tags:
  • आरएसएस
  • गोविंद सिंह डोटासरा
  • शिक्षा विभाग
  • वसुंधरा राजे
  • हनुमान बेनीवाल