प्यार किया है तो चुकानी होगी कीमत, खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख का जुर्माना
समझें क्या है पूरा मामला
- दौसा में लव मैरिज पर खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख का जुर्माना।
- युवती ने वीडियो जारी कर जान का खतरा बताया।
- जुर्माना नहीं देने पर परिवार को समाज से बाहर करने की चेतावनी।
- पंचायत में शामिल तीन पंचों पर भी 5.51 लाख का जुर्माना।
- पुलिस से सुरक्षा की मांग कर रही है लव मैरिज करने वाली युवती।
राजस्थान के दौसा जिले में एक युवती को लव मैरिज करना भारी पड़ गया है। यहां 84 गांवों की खाप पंचायत ने युवती के प्रेम विवाह पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया है। जुर्माना न देने पर परिवार को समाज से बाहर करने की चेतावनी भी दी गई है।
अब यह मामला पूरे इलाके में विवाद बन गया है। लव मैरिज करने वाली युवती ने खुद वीडियो जारी किया है। उसने अपनी जान को खतरा बताया और पुलिस से मदद मांगी है।
24 मई को हुई थी लव मैरिज
यह मामला दौसा जिले के लालसोट स्थित रामगढ़ पचवारा इलाके का है। परिजनों के मुताबिक युवक और युवती पहले से एक दूसरे को जानते थे।
इसी साल अप्रैल में युवती के घरवालों ने उसकी शादी किसी और युवक से कर दी थी। लेकिन एक महीने बाद ही युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। 24 मई 2026 को दोनों ने लव मैरिज कर ली और साथ रहने लगे।
21 लाख रुपये का जुर्माना
युवक और युवती के लव मैरिज करने की खबर समाज को पसंद नहीं आई। इसके बाद खाप पंचायत बुलाई गई। युवक के चाचा के अनुसार 13 और 14 जुलाई को कोसी बड़ी में यह पंचायत हुई थी।
पंचायत में समाज के कई लोग और पंच पटेल शामिल हुए। बैठक में फैसला लिया गया कि लव मैरिज करने पर युवक को 21 लाख रुपये जुर्माना भरना होगा। जब परिवार ने जुर्माना देने से मना कर दिया, तो पंचायत ने उन्हें समाज से बहिष्कृत करने का फरमान सुना दिया।
तीन पंचों पर भी लगा जुर्माना
इस पूरे मामले में एक और बड़ी बात सामने आई है। पंचायत में शामिल तीन पंचों पर भी जुर्माना लगाया गया है। हर एक पंच को 5 लाख 51 हजार रुपये देने होंगे।
पंचायत की इस बैठक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इसी के बाद पूरा मामला सुर्खियों में आया।
युवती ने मांगी पुलिस से सुरक्षा
लव मैरिज करने वाली युवती अब डरी हुई है। उसने एक वीडियो जारी कर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती ने बताया कि उसे अपने पीहर पक्ष और ससुराल पक्ष, दोनों तरफ से जान का खतरा है।
उसने यह भी कहा कि उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। युवती ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ये खबर भी पढे़:-
पॉश सोसायटी बनी साइबर ठगों का अड्डा,अमेरिका-कनाडा तक किया डिजिटल अरेस्ट
चुनाव पर हाई कोर्ट सख्त, आयोग को लगाई फटकार, कहा- काम नहीं होता तो मना करें
पेपर लीक के मास्टरमाइंड पर खान विभाग का एक्शन, बजरी लीज होगी निरस्त
बीच पंचायत चाकुओं से तीन लोगों की हत्या, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात