राजस्थान से गुजर रहा देश का सबसे लंबा DFC, औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
समझें क्या है पूरा मामला
- डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से बदला देश में माल परिवहन का परिदृश्य।
- देश में फ्रेट कॉरिडोर का सबसे लंबा 567 किमी हिस्सा राजस्थान से।
- यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी दूर, लॉजिस्टिक्स लागत में आई भारी कमी।
- राजस्थान के टेक्सटाइल, मार्बल और सिरेमिक उद्योग को लगेंगे पंख।
- मालगाड़ियों का अलग ट्रैक, पर्यावरण अनुकूल और हाई-स्पीड फ्रेट नेटवर्क।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (Dedicated Freight Corridor – DFC) भारतीय रेल का एक महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है। इसका उद्देश्य मालगाड़ियों के लिए एक अलग, तेज और उच्च क्षमता वाला रेल नेटवर्क उपलब्ध कराना है।
इससे माल परिवहन की गति और दक्षता बढ़ेगी। साथ ही, मौजूदा रेल मार्गों पर यात्री ट्रेनों के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी, जिससे यात्री ट्रेनों की समयपालनता में सुधार होगा।
देश में सबसे अधिक 567 किलोमीटर मार्ग राजस्थान से होकर गुजरता है। इससे माल परिवहन की गति बढ़ेगी और राजस्थान के औद्योगिक विकास के लिए यह प्रोजेक्ट बहुत महत्वपूर्ण है।
राजस्थान के लिए खास
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का सबसे लंबा खंड राजस्थान से होकर गुजरता है। रेवाड़ी से पालनपुर मार्ग पर लगभग 567 किलोमीटर लंबा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास के लिए विशेष महत्व रखता है। यह देश में किसी भी राज्य से होकर गुजरने वाला फ्रेट कॉरिडोर का सबसे लंबा खंड है।
इसके माध्यम से जयपुर, अजमेर, पाली और जोधपुर सहित राज्य के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर, कपड़ा, सिरेमिक, मार्बल तथा अन्य औद्योगिक समूहों को तेज, विश्वसनीय एवं उच्च क्षमता वाली पर्यावरण अनुकूल माल परिवहन सुविधा प्राप्त हो रही है।
राष्ट्रीय स्तर पर DFC
देश में 1,337 किलोमीटर लंबा ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पंजाब के न्यू सहनेवाल से बिहार के न्यू सोननगर तक सेवाएं प्रदान कर रहा है।
1,506 किलोमीटर लंबा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के न्यू दादरी से महाराष्ट्र के न्यू जेएनपीटी तक चलता है। इन नेटवर्कों से देश के विभिन्न स्थानों और समुद्री बंदरगाहों तक औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
नया कॉरिडोर घोषित
बजट 2026-27 में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर परियोजना को और मजबूत करने के उद्देश्य से न्यू डानकुनि (पश्चिम बंगाल) से सूरत (गुजरात) तक 2,052 किलोमीटर मार्ग के नए कॉरिडोर की घोषणा की गई है। यह कॉरिडोर इंफ्रास्ट्रक्चर को और अधिक मजबूत करेगा।
DFC के लाभ
DFC का मुख्य उद्देश्य मालगाड़ियों के संचालन को यात्री ट्रेनों से अलग करना है। इससे माल परिवहन के लिए अतिरिक्त क्षमता और सुगम रेल मार्ग उपलब्ध हो रहा है। साथ ही, मौजूदा नेटवर्क पर यात्री ट्रेनों की समयपालनता में सुधार हो रहा है।
DFC नेटवर्क का विस्तार भारत के लिए एक नई शुरुआत है। यह समर्पित माल रेल परिवहन को देश की मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था, औद्योगिक विकास और दीर्घकालिक आर्थिक प्रगति का अभिन्न हिस्सा बना रहा है। राजस्थान जैसे राज्यों के लिए यह नेटवर्क उद्योग, व्यापार, निर्यात, रोजगार और निवेश को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा साबित हो रहा है।
ये भी पढ़ें:-
रक्षाबंधन पर कोटा मंडल ने 6 स्पेशल ट्रेनें चलाने का किया ऐलान, जानें टाइम-टेबल
सीकर, रींगस समेत 13 प्रमुख शहरों को जोड़ेगी ये स्पेशल ट्रेनें, जानें शेड्यूल
राजस्थान की 13 ट्रेनें अब 70 दिन नहीं रुकेंगी दिल्ली कैंट में, देखें पूरी सूची
ट्रेन लेट हुई, फ्लाइट छूटी, रेलवे को देना पड़ा 69 हजार रुपए का हर्जाना