गहलोत के पैरों में गिरकर रोए थे किरोड़ी, डोटासरा का बड़ा पलटवार

Mukesh Sharma | Jun 24, 2026, 18:29 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के बीच तनातनी बढ़ गई है। किरोड़ी के लैटरबम के बाद अब डोटासरा ने तगड़ा पलटवार किया है। बाद में कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने डोटासरा के आरोपों का जवाब दिया।

ऐसे समझें पूरा मामला

  • डोटासरा का दावा, मुकदमे हटाने के लिए गहलोत के पैर पकड़कर रोए थे किरोड़ी।
  • कांग्रेस नेता ने छापों में 400 से 500 करोड़ की अवैध वसूली का लगाया संगीन आरोप।
  • सीख, दूसरों के बच्चों को बदनाम करना बंद करें, नैतिकता पर तुरंत इस्तीफा दें।
  • बोले, सीएम मेरे खिलाफ लगे आरोपों की जांच कराएं, लेकिन किरोड़ी के घोटाले को भी न छोड़ें।

राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ये किरोड़ी वही है, जो केस हटवाने के लिए तत्कालीन सीएम अशोक गहलोत के पैरों में गिरकर गिडगिड़ाए थे।



डोटासरा ने किरोड़ी पर खाद-बीज छापों में सैकड़ों करोड़ की अवैध वसूली के आरोप लगाए। साथ ही मुख्यमंत्री से इसकी जांच कराने की मांग की।



किरोड़ी ने एक दिन पहले डोटासरा के बेटे-बहू पर गलत तरीके से ओबीसी सर्टिफिकेट बनवाकर आरएएस बनने के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस समूचे मामले की जांच कराने की मांग की थी।



डोटासरा ने सुनाया किस्सा

डोटासरा ने कहा कि आज मैं सार्वज​निक रूप से कह रहा हूं कि मुझे किरोड़ी ने एक बार कहा था कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से अलग से बात करनी है। किरोड़ी से 15 मिनट बाद मिलकर निकले गहलोत ने मुझे कहा कि इसे क्यों लाए थे मेरे पास? मैंने पूछा कि क्या हो गया?



डोटासरा के अनुसार गहलोत साहब बोले कि यह पैरों में बैठ गया कि मेरे खिलाफ मुकदमे हटा दीजिए। वह आदमी जो अशोक गहलोत के पैरों में पड़कर रोने लग गया था कि मेरे मुकदमे हटा लो, वह आदमी आज हम पर आरोप लगा रहा है। उसे शर्म आनी चाहिए।



डोटासरा बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के बाद जयपुर शहर कांग्रेस के कार्यक्रम में बोल रहे थे।



ढाई साल से जांचों के पकोड़े तल-तलकर खा रहे हो

डोटासरा ने कहा कि किसी को इतना मत छेड़ो कि तुम्हारा बुढापा खराब हो जाए। किरोड़ी ने एक दिन हनुमान बेनीवाल को चैलेंज किया था, लेकिन 10 मिनट में ही सरेंडर हो गए थे। किसको चैलेंज कर रहे हो आप? 4 साल से यह राग अलाप रहे हो कि कांग्रेस का फलां नेता चोर है।



कांग्रेस नेता ने किरोड़ी के लिए कहा कि अब आपका समय आ गया है। अब तो जांच तुम्हारी होनी चाहिए। हमारी किस बात की जांच कर रहे हो? ढाई साल से जांचों के पकोड़े तल-तलकर खा रहे हो। सरकार में बैठे हो, तुम लोगों को शर्म आनी चाहिए।



नैतिकता है तो किरोड़ी इस्तीफा दें

डोटासरा ने कहा यदि थोड़ी बहुत भी नैतिकता है तो किरोड़ीलाल को इस्तीफा देना चाहिए। सरकार से जांच करवा लो आपका भी पता लग जाएगा। ऐसा नहीं होता कि किसी के बच्चों पर हाथ डाल दो, किसी के बच्चों को बदनाम कर दो।



किरोड़ी कह रहे हैं कि कई दिन से नींद नहीं आ रही है। आप दूसरों पर आरोप लगाते हो तब तो मदमस्त हाथी की तरह सोते हो। जब खुद पर आंच जाती है तो आपको नींद नहीं आती है। यह दोहरा चरित्र कब तक चलेगा? इनके पास जवाब नहीं है।



डोटासरा ने कहा, मैंने राजस्थान विधानसभा में भी कहा था कि मैं कच्चा गोला नहीं है कि खा जाओगे। मैं राजनीति शौक से करता हूं और मैं भी उसे खानदान से आता हूं जहां डरने का नाम नहीं है।



कांग्रेस के नेता इनके भ्रष्टाचार पर बोलें

डोटासरा ने कहा कि हमारे कांग्रेस के नेताओं को इनके भ्रष्टाचार पर बोलना चाहिए। एक भी बीजेपी के मंत्री ने किरोड़ी लाल मीणा के पक्ष में बयान दिया हो तो बताइए। सब जानते हैं कौन कितना पानी में है?



ऐसा नहीं है कि आप ही राजा हरिश्चंद्र हो। सबके जमीर है, सबके परिवार है,सबके इज्जत आबरू है। अगर आप दूसरे के ऊपर नाजायाज झूठे लांछन लगाओगे तो खुद पर लगे सच्चे आरोप का जवाब भी आपको जनता के सामने देना पड़ेगा।



सीएम मेरी भी जांंच करवाएं

डोटासरा ने कहा, सीएम से आग्रह है कि किरोड़ी ने जो आरोप मेरे संबंधियों और मेरे पर लगाए हैं, उनकी जांच करवा लीजिए। लेकिन इस बीज-खाद घोटाले में पैसा कहां-कहां से उठा और कहां-कहां तक गया और किस-किस को बंटा, यह भी जांच मुख्यमंत्री को करवा लेनी चाहिए। करवाइए जांच, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।



डोटासरा ने कहा किरोड़ी ने मेरे लिए मुख्यमंत्री को लिखी है। ऐसी ही जांच की चिट्ठी अपने डिपार्टमेंट में हुए भ्रष्टाचार की जांच के लिए भी लिखनी चाहिए। खाद बीज के नाम पर अब तक 1200 छापे डाले गए हैं। 400 से 500 करोड़ का खेल हुआ है। अगर किरोड़ी कट्टर ईमानदार है तो उन्हें इसकी जांच करवाने के लिए मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखनी चाहिए।



अवश्यमेव लभते फलं पापस्य कर्मण- डॉ किरोड़ीलाल

डोटासरा के बयान के बाद कृषि मंत्री डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि जिन लोगों ने अपने कुशासन में भ्रष्टाचार और साजिशों से युवाओं के सपनों को कुचला,भर्तियों की निष्पक्षता को दांव पर लगाया और योग्य अभ्यर्थियों के अधिकार छीने, वे आज भी सत्य से मुंह मोड़कर खुलेआम झूठ परोस रहे हैं। झूठ और भ्रम फैलाने से जनता का ध्यान आपके किए गए पापों से नहीं भटक सकता।



'छात्रों की गूंज' में युवा आपके झूठ और फरेब नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के सपनों के साथ पांच साल तक किए घिनौने कुकृत्यों का जवाब जानना चाहता है। जरा छात्रों को बताओ तो सही कि कैसे आपने अपने परिवार के सदस्यों को प्रशासनिक अधिकारी बनाया और इसके लिए कौन-कौनसे पाप किए थे?





किरोड़ी लाल मीणा


ये खबर भी पढे़:-

RAS भर्ती पर डोटासरा परिवार पर बाबा का लेटर बम, नंबर बढ़वाने के आरोप



कटारिया के कार्यक्रम से दोनों मंत्रियों ने बनाई दूरी, जानिए क्या रही इसकी वजह



गधे-घोड़ों की तरह बिक रहे MLA-MP, गहलोत ने भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा



ACB दफ्तर जाना मेरी भूल, जांच पर पूरा भरोसा, मंत्री किरोड़ी के बदले सुर





Tags:
  • राजस्थान विधानसभा
  • गोविंद सिंह डोटासरा
  • अशोक गहलोत
  • किरोड़ीलाल मीणा