सरपंची के बाद शराब की लत में चोरी, ग्रामीणों ने उतारे कपड़े, कैंची से काटे बाल
समझें क्या है पूरा मामला
- बूंदी में पूर्व सरपंच को चोरी करते पकड़ा, लोगों ने कपड़े उतारकर कैंची से काटे बाल।
- बाइक चुराते रंगे हाथ दबोचा, गुस्साए ग्रामीणों ने की पिटाई, फिर पुलिस को सौंपा।
- सरपंची का कार्यकाल खत्म होने के बाद शराब की लत में चोरी करने लगा।
- एक साल पहले भी पकड़ा गया था, जेल गया, जमानत पर आकर फिर शुरू की चोरी।
- कोलाहेड़ा गांव में भी रस्सियों से बांधकर पिटाई, पूरे क्षेत्र में रोष।
बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र में बामनगांव के पूर्व सरपंच अनिल बाल्मिक (27) को नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के रायपुरिया गांव में 5 जुलाई को ग्रामीणों ने एक मकान में बाइक चुराते रंगे हाथ पकड़ लिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की, कपड़े उतारे और कैंची से सिर के बाल काट दिए। इसके बाद उसे नगरफोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सरपंची खत्म हुई तो शुरू हुई चोरियां
अनिल बाल्मिक जनवरी 2015 से 2020 तक बामनगांव ग्राम पंचायत का सरपंच था। पद से हटने के बाद उसने शराब की लत पाल ली और लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा। यह पहली बार नहीं है जब वह चोरी में पकड़ा गया है।
पहले भी दो बार पकड़ा गया है
करीब एक साल पहले उसे रघुनाथगंज में चोरी करते पकड़ा गया था। इसके बाद उसने बम्बूली गांव में दो घरों से मोबाइल फोन चुराए। ग्रामीणों ने पीछा कर टोंक में पकड़ा। तलाशी में चाकू भी मिला था और टोंक पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।
जमानत पर छूटने के बाद चोरी का सिलसिला फिर शुरू हो गया। कुछ दिन पहले नैनवां क्षेत्र के कोलाहेड़ा गांव में भी उसे रंगे हाथ पकड़ा गया था जहां ग्रामीणों ने रस्सियों से बांधकर पिटाई की थी।
ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सरपंच होने के बावजूद अनिल की लगातार चोरियों से पूरे क्षेत्र में डर और रोष का माहौल है। नगरफोर्ट पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें:-
लिव-इन पर खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख जुर्माना, परिवारों का सामाजिक बहिष्कार
मोदी का मास्क पहनकर चोरी, शॉप से 40 स्मार्टफोन चुराए
एशियन पेंट्स से 1.72 करोड़ की ठगी, 5 आरोपी गिरफ्तार
देशी घी के मालपुए पर अड़े पंच, 43 परिवारों का हुक्का-पानी बंद