सऊदी हमले के बाद उड़ानें रद्द: उदयपुर, जयपुर, कोटा समेत कई जिलों के जायरीन मक्का-मदीना में फंसे
सऊदी अरब में हमले के बाद उड़ानें निरस्त होने से राजस्थान के करीब पांच हजार उमराह यात्रियों की घर वापसी का कार्यक्रम गड़बड़ा गया है। उदयपुर, जयपुर, कोटा, नागौर, जोधपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और हनुमानगढ़ जिले सहित कई जिलों के जायरीन मक्का मदीना (Makkah Madinah) में रुके हुए हैं।
एयरलाइंस ने टिकट निरस्त होने और रिफंड के संदेश भेज दिए हैं। लेकिन नई उड़ानों की तारीख स्पष्ट नहीं होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अब उनके सामने वैकल्पिक फ्लाइट में सीट तलाशने, महंगे किराए और अतिरिक्त दिनों तक ठहरने का खर्च उठाने की चुनौती है।
सऊदी अरब से वापसी की तारीख तय नहीं
एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा और खाड़ी क्षेत्र की कुछ अन्य एयरलाइंस की उड़ानें निरस्त होने (Flight Cancellation) से यात्रियों के यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद से जुड़ी उड़ानों पर भी असर पड़ा है।
टिकट रद्द होने के बाद कुछ यात्री रिफंड लेकर दूसरी फ्लाइट में सीट तलाश रहे हैं। जबकि कई उड़ानों का संचालन बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। वापसी के टिकट पर 35 हजार रुपए अतिरिक्त खर्च होने की आशंका है। वतन वापसी में देर होने से अब यात्रियों को शादी से लेकर नौकरी तक की चिंता सता रही है।
अधिक रुकने के कारण होटल और खाने का खर्च बढ़ा
निर्धारित अवधि से अधिक रुकने के कारण होटल, भोजन और अन्य जरूरतों पर खर्च बढ़ रहा है। टूर पैकेज से गए कुछ यात्रियों के ठहरने और खाने की व्यवस्था टूर ऑपरेटर कर रहे हैं। जबकि खुद की व्यवस्था से गए यात्रियों को खर्च खुद उठाना पड़ रहा है।
फिलहाल उन्हें भारतीय दूतावास से सीधे संपर्क करने की जरूरत महसूस नहीं हुई है। उधर रियाद स्थित भारतीय मिशन ने सऊदी में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं। इससे यात्रियों को मदद मिल सकती है।
यात्रियों ने बताई पीड़ा
टिकट निरस्त होने और रिफंड के मैसेज मिलने के बावजूद नई फ्लाइट की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। घर पर फोन से बात हो जाती है, लेकिन सभी परिजन चिंतित हैं। यह कहना है खेरादीवाड़ा उदयपुर के मकबूल अहमद सिंधी का।
उदयपुर की शबाना परवीन ने कहा कि फ्लाइट नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है। परिजन से लगातार संपर्क में हैं। अभी मक्का में रहकर इबादत कर रहे हैं। फ्लाइट कब शुरू होगी, इसका इंतजार कर रहे हैं। सभी यात्री जल्द घर लौटना चाहते हैं।
उमराह क्या है?
उमराह (Umrah Pilgrims) इस्लाम में की जाने वाली एक पवित्र धार्मिक यात्रा है। इसे मुसलमान सऊदी अरब के मक्का शहर में स्थित काबा शरीफ और मस्जिद अल-हरम में संपन्न करते हैं। हज के विपरीत उमराह साल में किसी भी समय किया जा सकता है।
भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों से लाखों मुसलमान हर साल उमराह करने सऊदी अरब पहुंचते हैं। यह यात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ी होती है। इसलिए यात्रियों के फंसे रहने से उनके परिवारों में चिंता बनी हुई है।
सभी लोगों की सलामती की दुआ
एक साथ पांच हजार से ज्यादा यात्रियों का फंसना बड़ा मामला है। इनके परिवार राजस्थान के अलग-अलग जिलों में रहते हैं। सभी परिजन अपने लोगों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
एयरलाइंस को जल्द वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करनी चाहिए। सरकार को भी इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। ताकि यात्री समय पर घर लौट सकें। अब देखना जरूरी है कि फ्लाइट सेवा कब बहाल होती है।