ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट स्थगित, पीएम मोदी की अपील के बाद फैसला
News In Short
- जयपुर में 23-25 मई को होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट स्थगित।
- कृषि विभाग ने आयोजन स्थगित करने का कोई औपचारिक कारण नहीं बताया।
- पीएम मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील को माना जा रहा मुख्य कारण।
- मीट में किसानों और हाईटेक खेती कंपनियों के बीच सीधे संवाद और एमओयू होने थे।
- सरकार ने मीट के प्रचार के लिए ग्राम रथ और रोड शो आयोजित किए थे।
News In Detail
राजस्थान की राजधानी जयपुर के सीतापुरा जेईसीसी में 23 से 25 मई तक होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM 2026) को स्थगित कर दिया गया है। कृषि विभाग राजस्थान के आयुक्त ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। हालांकि, विभाग ने स्थगित करने का कोई औपचारिक कारण नहीं बताया, लेकिन यह माना जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील के कारण इसे टाला गया है।
क्या था एग्रीटेक मीट का उद्देश्य
इस एग्रीटेक मीट में प्रगतिशील किसान, हाईटेक खेती से जुड़ी कंपनियां, इन्वेंशन करने वाले और खेती से जुड़ी मॉडर्न तकनीकें प्रदर्शित करने वाले शामिल होने वाले थे। मीट में किसानों और कंपनियों के बीच सीधा संवाद करने का कार्यक्रम था। इस दौरान कई एमओयू (MOUs) भी साइन होने थे।
किसानों को लाने के लिए लगते हजारों वाहन
ग्राम 2026 में प्रदेश भर से लाखों किसानों को जयपुर लाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए नेताओं को जिले और ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
हजारों वाहन पहले ही बुक किए जा चुके थे। लेकिन पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद इतने वाहनों की भारी संख्या को लेकर गलत धारणा पैदा हो सकती थी। इसे देखते हुए मीट को स्थगित किया गया।
प्रचार के लिए गए रोड शो
सरकार ने मीट के प्रचार के लिए महीनों पहले तैयारियां कर रखी थीं। बड़े पैमाने पर ग्राम रथ भेजे गए थे और रोड शो आयोजित किए गए थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु समेत कई बड़े शहरों में रोड शो किए। इसमें उद्योगपतियों और कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
क्या था मुख्य कारण
पीएम मोदी की अपील के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने काफिलों में वाहनों की संख्या घटा दी है। अधिकारियों को भी कम वाहनों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। ऐसे माहौल में बड़ा आयोजन करके अधिक वाहनों का इस्तेमाल करना आलोचना का कारण बन सकता था। यही कारण है कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट को स्थगित किया गया।
ये भी पढे़:-
स्कूलों में 17 मई से गर्मियों की छुट्टियां, 35 दिन तक रहेगा अवकाश
नीट परीक्षा रद्द होने से छात्र ने की सुसाइड, तीन साल से कर रहा था पेपर की तैयारी
चाय की दुकान से कलेक्ट्रेट तक का सफर, यह है आईएएस देशल दान की दिलचस्प कहानी
क्या राजेंद्र राठौड़ या ज्योति मिर्धा की चमकेगी किस्मत या चौंकाएगा भाजपा का नया चेहरा?