ग्रीनलैम लेमिनेट्स पर आयकर छापेमारी, दिल्ली और जयपुर की टीम ने की कार्रवाई

Ashish Bhardwaj | Feb 26, 2026, 14:39 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के बहरोड़ में ग्रीनलैम लेमिनेट्स कंपनी पर गुरुवार की सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की है। यह कार्रवाई टैक्स चोरी और संदिग्ध लेनदेन के आरोपों के तहत की गई।

News In Short

  • राजस्थान के बहरोड़ स्थित ग्रीनलैम लेमिनेट्स कंपनी पर आयकर विभाग ने छापेमारी की।
  • छापेमारी के दौरान, आयकर विभाग ने कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
  • विभाग को कंपनी पर टैक्स चोरी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन का संदेह है।
  • छापेमारी के बाद फैक्ट्री के प्रवेश और निकासी बिंदुओं को सील कर दिया गया।
  • जांच की अवधि 24 से 48 घंटों तक जारी रहने की संभावना है।

News In Detail

राजस्थान के बहरोड़ स्थित ग्रीनलैम लेमिनेट्स कम्पनी पर गुरुवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की। विभाग ने बहरोड़ में कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर कार्रवाई की है, जो अब तक जारी है। इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था।



कार्रवाई को रखा गया गोपनीय

आयकर विभाग की यह छापेमारी इतनी गोपनीय थी कि इसकी भनक स्थानीय पुलिस और प्रशासन तक को नहीं लगी। गुरुवार तड़के जब औद्योगिक कम्पनी ने अपना काम शुरू किया, तभी अचानक 8 गाड़ियों का काफिला कंपनी के मैन गेट पर रुका। इन गाड़ियों में दिल्ली और जयपुर के आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सवार थे और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए CRPF (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के हथियारबंद जवान भी मौजूद थे।



कर्मचारियों के फोन किया जब्त

छापेमारी के दौरान आयकर विभाग ने सबसे पहले फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए। ताकि कोई भी जानकारी बाहर नहीं जा सकें।और कोई भी डिजिटल साक्ष्य नष्ट न हो। अचानक हुई छापेमारी से कम्पनी के कर्मचारीयों में अफरा-तफरी मच गई।



टैक्स चोरी और संदिग्ध लेनदेन का आरोप

आयकर विभाग को जानकारी मिली थी कि ग्रीनलैम लेमिनेट्स कंपनी बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन कर रही थी। विभाग की टीम कंपनी के बही-खातों, निवेश कागजातों, और बैंक ट्रांजेक्शन्स की जांच कर रही है। आईटी एक्सपर्ट्स कंपनी के मुख्य सर्वर, कंप्यूटर हार्ड डिस्क और क्लाउड डेटा को खंगाल रहे हैं, ताकि छिपे हुए वित्तीय विवरणों का पता लगाया जा सके।



औद्योगिक जगत में हलचल

ग्रीनलैम लेमिनेट्स एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाली कंपनी है। बहरोड़ स्थित इसकी प्रमुख यूनिट पर छापेमारी की खबर ने रीको क्षेत्र के अन्य व्यापारियों और उद्यमियों को भी हिला दिया है। फिलहाल फैक्ट्री के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स को पूरी तरह सील कर दिया गया है।



क्या होगा अगला कदम

आयकर विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, क्योंकि जांच अभी शुरुआती चरण में है। जानकारों का कहना है कि यह जांच अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रह सकती है। सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या इस कार्रवाई के अंत में कोई बड़ी अघोषित संपत्ति उजागर होती है या कंपनी आरोपों से मुक्त हो जाती है।



ये भी पढे़:-

राजस्थान में आज उद्योगपतियों से मिलेंगे सीएम मोहन यादव, छत्तीसगढ़ का दौरा भी करेंगे



Weather Update: एमपी और सीजी में हो सकती है हल्की बारिश, राजस्थान में मौसम रहेगा शुष्क



भाजपा विधायक कालीचरण सर्राफ बोले, महंगी बिजली के कारण राजस्थान में नहीं हो रहा निवेश



होली पर मिलेगी ट्रेनों में वेटिंग से राहत, राजस्थान को मिली एक और स्पेशल ट्रेन





Tags:
  • आयकर विभाग
  • केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल
  • टैक्स चोरी
  • ग्रीनलैम लेमिनेट्स कंपनी
  • औद्योगिक कम्पनी