विधायक अशोक चांदना ने दी अधिकारी को धमकी, कहा- परेशान किया तो दौड़ा-दौड़ा कर मारूंगा
News In Short
- नगर पालिका के ईओ ने विधायक अशोक चांदना के खिलाफ दर्ज कराया केस।
- मामला अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा।
- विधायक ने कार्यकर्ताओं के बीच अधिकारी को फोन पर कहा, परेशान किया तो जड़े खोद दूंगा।
- यह मामला सोशल मीडिया वीडियो वायरल होने के बाद अधिक गरमाया।
- पुलिस ने SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज कर क्राइम ब्रांच जयपुर को जांच सौंपी।
News In Detail
राजस्थान में बूंदी जिले की हिंडौली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) जितेंद्र कुमार मीणा ने स्थानीय विधायक अशोक चांदना के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें धमकाया। यह धमकी अतिक्रमण और पट्टों से जुड़ी जांच के सिलसिले में दी गई थी।
हिंडौली के सीओ अजित मेघवंशी ने बताया कि अधिकारी ने सोमवार शाम को मामला दर्ज कराया। शिकायत में बताया गया कि 13 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:35 बजे विधायक चांदना के पीए रामधन के मोबाइल नंबर से लगातार कॉल आई। कॉल न उठाने पर संदेश भी आया जिसमें सीधे पूर्व मंत्री से बात करने को कहा गया।
EO द्वारा कॉल उठाने पर विधायक ने कहा, सुनो, मेरे कार्यकर्ता का अब एक भी पत्थर गिरा तो आपकी जड़ें खोद दूंगा। यह याद रखना, आप तड़पोगे और आप इसके पैर पकड़ोगे, तब माफ करूंगा। इस पूरी धमकी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर धमकी
EO ने बताया कि वे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और उच्च स्तरीय शिकायत का जवाब दे रहे थे। इस पर विधायक ने कहा कि शिकायत का जवाब दीजिए आप। अब आप समझ लेना, इनकी दीवार गिरी तो एक न एक दिन आपके ऊपर ही गिरेगी। मैं छोड़ूंगा नहीं, जो मेरे कांग्रेस कार्यकर्ता को परेशान करेगा, उसे दौड़ा-दौड़ा कर मारूंगा। और जो कांग्रेस वालों को नाजायज परेशान करेगा, उसकी जड़ें खोद दूंगा।
पट्टों और अतिक्रमण की जांच
यह मामला ओमप्रकाश सुवालका पुत्र सत्यनारायण सुवालका द्वारा खसरा संख्या 6326/2867 पर बने पट्टों और अतिक्रमण की चल रही जांच से संबंधित है। EO ने शिकायत में बताया कि ओमप्रकाश पहले भी कार्यालय आकर उन्हें धमकी दे चुके थे।
वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमाया
अधिशासी अधिकारी को धमकाने का यह मामला लगभग एक महीने पुराना था। तीन दिन पहले इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद EO ने सोमवार शाम को हिंडौली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कार्रवाई और जांच
CO मेघवंशी ने बताया कि मामला SC/ST एक्ट (SC/ST Act) के तहत दर्ज किया गया है। अब मामले की जांच क्राइम ब्रांच जयपुर द्वारा की जाएगी।
ये भी पढे़:-
राजस्थान में अब 24 घंटे मिलेगी बिजली, थर्मल पावर खरीद को मिली हरी झंडी
दिल्ली की सीएम पर विवादित पोस्ट को शेयर करने पर फंसा भाजपा नेता, एफआईआर दर्ज करने के आदेश
खाटू श्याम मंदिर कमेटी की फॉर्च्यूनर ने ढहाया कहर, गाड़ी से मिली शराब की बोतलें, एक युवक की मौत
IPS अफसर बनने के लिए 3 नौकरियां छोड़ीं, अलवर SP सुधीर चौधरी की प्रेरणादायी कहानी