बिजनेसमैन से हनीट्रैप के जरिए 90 लाख की ठगी, एआई और डीपफेक से ब्लैकमेलिंग
News In Short
- जयपुर में बिजनेसमैन को हनीट्रैप में फंसाकर 90 लाख रुपए ठगने का मामला आया सामने।
- आरोपी महिला दिशा बाबला ने डीपफेक वीडियो और एआई से बने फोटो से किया ब्लैकमेल।
- पीड़ित बिजनेसमैन के एआई प्रोजेक्ट पर कब्जा करने के लिए रची गई थी साजिश।
- आरोपी महिला ने पीड़ित से अब तक 90 लाख रुपए वसूल किए, 50 लाख और मांगे।
- जयपुर पुलिस ने जोधपुर से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया।
News In Detail
राजधानी जयपुर में एक बिजनेसमैन को हनीट्रैप में फंसाकर 90 लाख रुपए ऐंठने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला को गुरुवार को गिरफ्तार किया है। पीड़ित का आरोप है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल कर उसे फंसाया गया और बड़ी रकम ऐंठी गई। जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज के निर्देशन में महेश नगर थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया है।
एआई प्रोजेक्ट पर थी आरोपी की नजर
पीड़ित बिजनेसमैन ने महेश नगर थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी महिला दिशा बाबला की नजर उसके एआई प्रोजेक्ट पर थी। बिजनेसमैन काफी समय से एक बड़े एआई प्रोजेक्ट पर काम कर रहा था, जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही थी। आरोपी महिला इसी प्रोजेक्ट को हड़पना चाहती थी और इसके लिए उसने पूरी साजिश रच डाली।
एआई से बनाए डीपफेक वीडियो और आपत्तिजनक फोटो
इस प्रोजेक्ट पर कब्जा करने के लिए आरोपी महिला ने खुद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल का इस्तेमाल किया। पुलिस के अनुसार दिशा बाबला ने डीपफेक तकनीक की मदद से बिजनेसमैन की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाए। ये फोटो और वीडियो इतने रियल लग रहे थे कि असली और फर्जी में फर्क करना मुश्किल था।
ब्लैकमेल कर 90 लाख वसूले, और 50 लाख की मांग
सोशल मीडिया पर इन फर्जी वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी महिला ने बिजनेसमैन से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। पुलिस के अनुसार दिशा बाबला ने पीड़ित को डरा-धमकाकर अब तक 90 लाख रुपए की बड़ी रकम वसूल कर ली थी।
इसके बाद भी उसका लालच नहीं भरा और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 50 लाख रुपए और देने का दबाव बनाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला ने रकम नहीं देने पर उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने और बदनाम करने की भी धमकी दी।
पुलिस ने जोधपुर से दबोचा आरोपी को
महेश नगर थानाधिकारी सुरेश यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के बाद तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर आरोपी महिला दिशा बाबला के जोधपुर में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने जोधपुर से उसे हिरासत में लिया और जयपुर लाकर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस को शक है कि इस मामले में दिशा बाबला अकेले नहीं थी। उसके साथ एक पूरा गिरोह काम कर रहा था, जो हनीट्रैप के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी इसी तरह हनीट्रैप में फंसाकर ठगी की होगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने इतनी बड़ी रकम कहां और कैसे ट्रांसफर की।
ये भी पढ़ें:-
RPSC ने निकाली APO की वैकेंसी, LLB पास उम्मीदवारों के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर
सीने का दर्द लेकर निकली थी मां, रास्ते में आग ने छीन ली 4 जानें
वनरक्षक भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा, डमी कैंडिडेट से परीक्षा पास कर नौकरी पाई
स्कूली बच्चों के लिए छपवा दी ऐसी 10 लाख किताबें, जिनका कोर्स ही बदल गया, जानें पूरा मामला