कान्हा ग्रुप पर आयकर छापेमारी, दीवार के पीछे मिला गुप्त कमरा और करोड़ों का खजाना

Ashish Bhardwaj | Feb 22, 2026, 14:30 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान में नामी फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर आयकर छापेमारी ने व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार को कार्रवाई के चौथे दिन विभाग को ऐसी सफलता हाथ लगी।

News In Short

  • आयकर छापेमारी में कान्हा ग्रुप से अब तक 7.5 करोड़ का सोना व नकदी जब्त।
  • जांच के दौरान अधिकारियों को नकदी व सोना छिपाने के लिए खुफिया कमरा मिला।
  • गुपत् कमरे से 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी और 25 लाख रुपये नकद बरामद
  • कान्हा ग्रुप के जयपुर और मुंबई सहित कुल 33 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी।
  • अब तक 11 करोड़ रुपए की बेहिसाब संपत्ति मिली, अभी और मिलने की उम्मीद।

News In Detail

Jaipur: राजस्थान में नामी फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर आयकर छापेमारी ने व्यापारिक जगत में हड़कंप मचा दिया है। शनिवार को कार्रवाई के चौथे दिन विभाग को ऐसी सफलता हाथ लगी, जिसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। विभाग ने अब तक 7.5 करोड़ रुपये का सोना और भारी मात्रा में नकदी जब्त की है।



​गुप्त दीवार के पीछे मिला कुबेर का खजाना

इस पूरी छापेमारी का सबसे चौंकाने वाला मोड़ शुक्रवार को आया। जयपुर में कान्हा ग्रुप के एक ठिकाने पर जांच के दौरान अधिकारियों को एक खफिया कमरा मिला। यह कमरा बेहद शातिराना तरीके से एक बड़ी दीवार के पीछे छिपाकर बनाया गया था। जब टीम ने उस गुप्त कमरे की तलाशी ली, तो वहां एक-दो नहीं बल्कि 10 छोटी-छोटी अलमारियां बरामद हुईं।


​इन अलमारियों को खोलने पर अधिकारियों की आंखें फटी की फटी रह गईं। अकेले उस कमरे से 5 करोड़ रुपये की ज्वेलरी और 25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। काले धन को छिपाने का यह तरीका किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं था।



​छापेमारी का अब तक का लेखा-जोखा

​कान्हा ग्रुप पर आयकर विभाग की यह कार्रवाई जयपुर और मुंबई सहित कुल 33 ठिकानों पर बुधवार सुबह एक साथ शुरू हुई थी। चार दिनों की सघन जांच के बाद विभाग ने जो आंकड़े जारी किए हैं, वे चौंकाने वाले हैं:



कान्हा ग्रुप से अब तक की बरामदगी

सोना: ₹11 करोड़ की कुल कीमत (₹7.5 करोड़ का सीज)


नकदी: ₹1.25 करोड़ कुल (₹25 लाख सीज)


बैंक लॉकर: 10 लॉकर मिले हैं (जांच जारी)


कुल ठिकाने 33



कार्रवाई अभी जारी

​विभागीय सूत्रों के अनुसार जयपुर के 7 प्रमुख ठिकानों पर शनिवार देर रात तक कार्रवाई जारी रही। अब तक 26 ठिकानों पर जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे बाकी बचे ठिकानों और 10 बैंक लॉकरों की जांच आगे बढ़ेगी, जब्त की गई संपत्ति का आंकड़ा और भी ऊपर जा सकता है।



​व्यापारिक गलियारों में खौफ

कान्हा रेस्टोरेंट पर इस रेड के बाद जयपुर के अन्य बड़े कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। आयकर विभाग अब जब्त किए गए दस्तावेजों के जरिए इस काली कमाई के निवेश और नेटवर्क को खंगालने में जुटा है।



ये भी पढे़:-

​अवैध पटाखों के पीछे चाइना नेटवर्क, भिवाड़ी आता था बारूद और कैमिकल



RGHS घोटाला: 1150 रुपये की एमआरआई का 14,950 का बिल, एसओजी की रडार पर 5 नामी डॉक्टर



Weather Update: एमपी में मौसम रहेगा शुष्क, सीजी में होगी हल्की बारिश, राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी!



प्रधानमंत्री का राजस्थान दौरा 28 को,सांसद हनुमान बेनीवाल ने खोला मोर्चा



Tags:
  • जयपुर
  • कान्हा
  • छापेमारी
  • आयकर
  • कान्हा रेस्टोरेंट