जयपुर के सेंटर में अचानक बत्ती गुल, NTA को कैंसिल करनी पड़ी परीक्षा, जानें नई तारीख

Saurabh Mishra | Aug 22, 2026, 17:19 IST
एग्जाम कैंसिल
जयपुर के परीक्षा केंद्र में बिजली गुल होने से AIAPGET 2026 परीक्षा बाधित हुई। हंगामे के बाद NTA ने इस सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी। प्रभावित 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा 1 सितंबर को होगी।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जयपुर में AIAPGET 2026 परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई।
  • ट्रांसपोर्ट नगर के साईं पीजी कॉलेज सेंटर में परीक्षा शुरू होने से पहले बिजली गई।
  • एग्जाम सेंटर पर पावर बैकअप और जनरेटर का नहीं किया गया था इंतजाम।
  • माकूल इंतजाम नहीं होने की वजह से कुछ देर बाद कंम्प्यूटर सिस्टम ठप पड़े।
  • हंगामे के बाद एनटीए ने जयपुर के इस सेंटर पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।

जयपुर में राष्ट्रीय स्तर की स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा AIAPGET 2026 (अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा) के दौरान एग्जाम सेंटर की भारी लापरवाही सामने आई। शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में एग्जाम शुरू होने के महज 20 मिनट बाद ही बिजली चली गई।



शुरुआती जानकारी के मुताबिक परीक्षा केंद्र पर पावर बैकअप और जनरेटर की व्यवस्था न होने के कारण कई देर तक सभी कंप्यूटर सिस्टम ठप पड़े रहे। परीक्षा हॉल में बैठे अभ्यर्थी बिना लाइट और पंखे के सिस्टम चालू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन कंप्यूटर चालू ही नहीं हो सके।



जयपुर में AIAPGET 2026 परीक्षा के दौरान लापरवाही

परीक्षा केंद्र प्रशासन ने दोपहर 12 बजे निर्धारित समय पूरा होने का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों को सेंटर से बाहर निकाल दिया। महीनों और सालों की मेहनत पर पानी फिरता देख अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कॉलेज परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।



नेशनल टेस्टिंग एजेंसी बीते कुछ समय से लगातार विवादों में रही है। 3 मई, 2026 को हुई मेडिकल एंट्रेस की नीट-यूजी परीक्षा का भी पेपर लीक हो गया था। इसके बाद एनटीए ने बीती 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित कराई थी। दो साल पहले भी नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ था।



हंगामे के कुछ ही घंटों बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने बड़ा फैसला लेते हुए जयपुर के इस एक सेंटर पर हुई परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया।



NTA ने परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के मुताबिक, AIAPGET परीक्षा 22 अगस्त 2026 को शिफ्ट-I में आयोजित हुई थी। इसके लिए कुल 36979 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 35837 अभ्यर्थी देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 35,788 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हो सकी।



हालांकि जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। इस केंद्र पर कुल 192 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। बिजली कटौती की समस्या का कारण परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी M/s Eduquity Career Technologies Private Limited से संबंधित बताया गया है।



जिन 49 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी नहीं हो सकी, उन्हें हुई असुविधा के लिए एनटीए ने खेद जताया है। इन अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन, जयपुर में आयोजित की जाएगी। इससे जुड़ी डिटेल जानकारी संशोधित एडमिट कार्ड के जरिए शेयर की जाएगी।



अभ्यर्थी किसी भी जानकारी के लिए 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं या aiapget@nta.ac.in पर ईमेल कर सकते।



अभ्यर्थियों का एग्जाम सेंटर की बदइंतजामी पर फूटा गुस्सा

परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस परीक्षा के लिए दिन-रात तैयारी की थी, लेकिन जयपुर के इस सेंटर की बुनियादी कमियों ने उनका भविष्य अधर में लटका दिया।



छात्रों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद पावर कट हो गया। इसके बाद 12 बजे तक छात्र अपनी सीटों पर लाचार बैठे रहे। छात्रों का आरोप है कि उन्हें छूटे हुए समय की भरपाई दिए बिना ही परीक्षा हॉल से बाहर कर दिया गया।



दूसरी शिफ्ट हंगामा

दूसरी शिफ्ट में होम्योपैथिक पीजी परीक्षा दोपहर 3 बजे शुरू होनी थी। इसके लिए अभ्यर्थियों की एंट्री का समय दोपहर 1 बजे तक निर्धारित था, लेकिन उन्हें 3 बजे प्रवेश दिया गया। वहीं, दूसरी शिफ्ट में बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं करने से नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा कर दिया।



बिना पावर बैकअप कैसे मिला सेंटर, उठे सवाल

राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा कराने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार हर परीक्षा केंद्र पर अनइंटरप्टेड पावर सप्लाई और हैवी जनरेटर बैकअप होना अनिवार्य है। इसके बावजूद जयपुर के सत्य साईं पीजी कॉलेज को सेंटर बनाए जाने और वहां पावर बैकअप का इंतजाम न होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



अभ्यर्थियों ने मांग की है कि इस परीक्षा केंद्र की अव्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच की जाए। साथ ही जिन अभ्यर्थियों का समय बिजली कटौती के कारण बर्बाद हुआ, उनके लिए दोबारा परीक्षा या उचित बोनस समय दिया जाए।



हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद सेंटर के बाहर छात्रों के बढ़ते हंगामे को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बेहोश हुई छात्राओं को प्राथमिक उपचार दिलाया गया।



इस पूरे मामले को लेकर आयुष स्नातकोत्तर अभ्यर्थियों में गहरा रोष है और वे सोशल मीडिया के जरिए भी NTA और संबंधित अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।



FAQ

  1. जयपुर में NTA द्वारा आयोजित AIAPGET परीक्षा क्यों रद्द हुई?
    परीक्षा शुरू होने के 20 मिनट बाद ही सेंटर पर बिजली गुल हो गई थी। पावर बैकअप न होने से कंप्यूटर सिस्टम ठप हो गए। इसके बाद NTA ने इस सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी।
  2. प्रभावित अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा कब होगी?
    49 प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे होगी। यह परीक्षा राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वुमेन, जयपुर में आयोजित होगी।
  3. बिजली कटौती के लिए कौन जिम्मेदार बताया गया?
    यह समस्या परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी M/s Eduquity Career Technologies Private Limited से जुड़ी बताई गई है।

यह खबरें भी पढ़ें...



राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 IAS और 7 RAS का तबादला



NTA ने अब पीएससी राज्य सेवा मेंस 2026 वालों को उलझाया, यूजीसी नेट बनी वजह



जयपुर स्कूल बवाल पर वार-पलटवार, मंत्रियों ने बताया कांग्रेस की साजिश



राजस्थान के सरकारी स्कूलों में 77 हजार गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति, जानें भर्ती प्रक्रिया



Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर
  • नेशनल टेस्टिंग एजेंसी
  • NTA