जयपुर सेंट्रल जेल में पूर्व MLA बलजीत यादव के पास मिला मोबाइल, जेल प्रशासन ने कराई FIR

Ashish Bhardwaj | Sept 10, 2026, 15:40 IST
बलजीत यादव के पास मोबाइल
राजस्थान के जयपुर सेंट्रल जेल में बंद बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मोबाइल मिला। कंबल में छिपाकर रखे फोन को जब्त कर उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जयपुर सेंट्रल जेल में पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मोबाइल मिला।
  • कंबल के अंदर छिपाकर रखा था फोन, जेल प्रशासन ने पकड़ा।
  • मोबाइल मिलने पर लालकोठी थाने में FIR दर्ज।
  • पुलिस खंगालेगी कॉल डिटेल, किससे संपर्क था होगी जांच।
  • जेल में लगातार सर्च ऑपरेशन, कई बंदियों से मिले मोबाइल।

राजस्थान के जयपुर सेंट्रल जेल में बंद बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मोबाइल फोन मिला है। उन्होंने इसे जमीन पर बिछे कंबल के अंदर छिपा रखा था। बुधवार को हुई सघन तलाशी में जेल प्रशासन ने मोबाइल जब्त कर लिया और उनके खिलाफ लालकोठी थाने में मामला दर्ज कराया है।



जेल प्रशासन ने दर्ज कराया मामला

सेंट्रल जेल में बलजीत यादव के पास मोबाइल मिलने को लेकर जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में मामला दर्ज करवाया है। एसआई श्याम सुंदर ने बताया कि बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के खिलाफ जेल में मोबाइल मिलने पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है।



जयपुर सेंट्रल जेल के प्रहरी विष्णु (27) की ओर से थाने में रिपोर्ट दी गई है।



वार्ड नंबर-5 में हुआ सर्च ऑपरेशन

जेल प्रशासन की ओर से लगातार जयपुर सेंट्रल जेल में सघन तलाशी ली जा रही है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे जेल के वार्ड नंबर-5 में सर्च ऑपरेशन किया गया।



तलाशी के दौरान वार्ड में बंद विचाराधीन बंदी बलजीत यादव के पास कैचोडा कंपनी का मोबाइल मिला।



बाहर लगातार कर रहे थे बातचीत

बलजीत यादव ने नीचे बिछाने वाले कंबल के अंदर मोबाइल को छिपा रखा था। पुलिस के अनुसार वे जेल में बंद रहने के दौरान मोबाइल कॉल के जरिए बाहर बातचीत कर रहे थे।



जेल प्रशासन ने मोबाइल को जब्त कर लिया है और बलजीत यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जब्त मोबाइल पुलिस को सौंप दिया गया है।



कौन लाया मोबाइल, होगी जांच

पुलिस की ओर से जेल में पूर्व विधायक बलजीत तक मोबाइल पहुंचाने वाले व्यक्ति के बारे में पूछताछ की जाएगी। इसके साथ ही जेल में बंद रहने के दौरान उन्होंने बाहर किस-किस व्यक्ति से संपर्क किया, इसकी जानकारी के लिए CDR (Call Detail Record) निकलवाई जाएगी।



लगातार जारी है सर्च ऑपरेशन

जयपुर सेंट्रल जेल में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। जेल प्रशासन की ओर से दो दिन पहले 13 मोबाइल जब्त कर सभी आरोपी बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था।



गुरुवार को भी जेल में सर्च ऑपरेशन के दौरान 8 बंदियों से मोबाइल मिले हैं। इनके खिलाफ भी लालकोठी थाने में नामजद एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।



बलजीत यादव किस क्यों बंद है जेल में

पूर्व विधायक बलजीत यादव के खिलाफ क्षेत्र विकास निधि से 3 करोड़ रुपये से बच्चों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट खरीदने में गड़बड़ी करने के आरोप हैं। ईडी ने बलजीत यादव के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत कार्रवाई की है। ईडी की ओर से दर्ज मुकदमे में साल 2021-22 में बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के 32 सरकारी स्कूलों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट खरीदे गए थे। इसके लिए एमएलए LAD फंड से 3.72 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया गया। जांच में पता चला कि इस खरीद में भारी घोटाला हुआ है।

ये भी पढ़ें :-

10 लाख की ‘सोने की मूर्ति’ निकली अष्टधातु, ग्राहक बनकर पहुंची CID ने पकड़ा आरोपी



हाईकोर्ट भवन घोटाले में तीन और अफसर गिरफ्तार, अब तक 11 पर गिर चुकी है गाज



वेस्टर्न डेडिकेटेट फ्रेट कॉरिडोर पूरा, जानें राजस्थान को इसका कैसे होगा फायदा?



राजस्थान निकाय चुनाव, छोटे शहरों में भारी वोटिंग, अर्णोद 91.98% के साथ सबसे आगे



Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर सेंट्रल जेल
  • जेल प्रशासन
  • बलजीत यादव