नशे में सीएमओ को बम से उड़ने की दी धमकी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Ashish Bhardwaj | Aug 18, 2026, 15:06 IST
राजस्थान सीएमओ
जयपुर सीएमओ बम धमकी मामले में सर्च ऑपरेशन में कुछ नहीं मिला। पुलिस ने नंबर ट्रेस कर आरोपी को हिरासत में लिया है। नशे में धमकी देने की बात सामने आई।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जयपुर CMO को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
  • धमकी भरा कॉल जयपुर कंट्रोल रूम में आया।
  • सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
  • डीसीपी साउथ राजर्षि राज मौके पर पहुंचे।
  • मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

जयपुर में मुख्यमंत्री कार्यालय यानी सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को बड़ा हड़कंप मच गया था। जयपुर कंट्रोल रूम में यह धमकी भरा कॉल किया गया था, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ राजर्षि राज तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।



सुरक्षा एजेंसियों ने खंगाला पूरा दफ्तर

धमकी की गंभीरता को देखते हुए सीएम ऑफिस में डॉग स्क्वायड टीम, एटीएस यानी एंटी टेररिज्म स्क्वॉड और एसडीआरएफ यानी स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स सहित कई सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। सुबह करीब 10:30 बजे से पूरी बिल्डिंग में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। यह ऑपरेशन करीब 4:30 घंटे तक चला, लेकिन इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।



नंबर ट्रेस कर पकड़ा गया आरोपी

सर्च ऑपरेशन के साथ-साथ पुलिस धमकी भरा कॉल करने वाले व्यक्ति की तलाश में भी जुटी रही। विधायकपुरी थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए कॉल करने वाले का नंबर ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है।



नशे में दी थी धमकी, प्रारंभिक जांच में खुलासा

जानकारी के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक ने नशे की हालत में सीएम ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले की असली वजह और पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से विस्तार से पूछताछ कर रही है।



मामले में आगे क्या होगा

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अकेले यह धमकी दी या इसके पीछे कोई और वजह भी थी। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस आधिकारिक तौर पर मामले की पूरी जानकारी सामने रख सकती है। फिलहाल राहत की बात यह है कि सर्च ऑपरेशन में कोई खतरनाक चीज नहीं मिली और सीएम ऑफिस में स्थिति सामान्य है।



ये खबर भी पढे़:-

जयपुर में पिता ने ढूंढे बेटे की हत्या के सबूत, बहू-बॉयफ्रेंड समेत 4 पर संगीन आरोप



रक्षाबंधन पर कोटा मंडल ने 6 स्पेशल ट्रेनें चलाने का किया ऐलान, जानें टाइम-टेबल



स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दलितों को कुर्सियों से उठाने के आरोप, FIR दर्ज



स्कूल के प्राचार्य पर छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, सरकार ने किया सस्पेंड



Tags:
  • जयपुर
  • CMO
  • मुख्यमंत्री कार्यालय
  • बम से उड़ाने की धमकी