घटिया तेल के इस्तेमाल पर मैकडॉनल्ड्स आउटलेट सील, अभिनेता रणवीर सिंह को भ्रामक विज्ञापन से रोका
News In Short
- जयपुर के गौरव टॉवर में मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर बड़ा एक्शन
- फ्रेंच फ्राइज़ और नॉन-वेज उत्पाद तलने के लिए घटिया तेल का इस्तेमाल।
- खाद्य टीम को आउटलेट के निरीक्षण में मिले सड़े हुए टमाटर।
- उपभोक्ता आयोग के आदेश पर आउटलेट को किया सील।
- अभिनेता रणवीर को इस ब्रांड के लिए भ्रामक प्रचार करने से रोका।
News In Detail
Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करना फास्ट फूड चेन मैकडॉनल्ड्स (McDonald's) को भारी पड़ गया है। जिला उपभोक्ता आयोग जयपुर द्वितीय ने गौरव टॉवर (GT) में मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। आयोग ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को भी इस ब्रांड के लिए भ्रामक प्रचार और विज्ञापन न करने के लिए पाबंद किया है।
क्या है पूरा मामला?
यह कठोर कार्रवाई खाद्य सुरक्षा टीम की ओर से किए गए एक निरीक्षण के बाद की गई है। आयोग अध्यक्ष ग्यारसी लाल मीणा, सदस्य सुप्रिया अग्रवाल और अजय कुमार की पीठ ने यह अंतरिम आदेश गौरव कुमार की प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए दिया। परिवादी के वकील इंद्र मोहन सिंह और योगेंद्र सिंह ने उपभोक्ता आयोग को बताया कि 9 फरवरी, 2026 को खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय की टीम ने इस आउटलेट पर छापा मारा था, जहां चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
अधिक जहरीला पाया गया तेल
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फ्रेंच फ्राइज़ और नॉन-वेज उत्पादों को तलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तेल का टीपीसी (Total Polar Compounds) स्तर 28 और 31 पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार खाना पकाने के तेल के लिए अधिकतम सुरक्षित सीमा 25 निर्धारित है।
विशेषज्ञों का मानना है कि 25 से अधिक टीपीसी वाला तेल विषाक्त हो जाता है। ऐसे तेल के लगातार सेवन से कैंसर और हृदय रोग जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
सड़े हुए टमाटर और 40 लीटर तेल जब्त
जांच टीम को मौके पर केवल खराब तेल ही नहीं मिला, बल्कि स्वच्छता की भी भारी कमी पाई गई। टीम ने मौके से लगभग 40 लीटर घटिया तेल नष्ट कराया। इसके अलावा प्यूरी और सॉस बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे टमाटर भी सड़े-गले पाए गए। परिवादी ने तर्क दिया कि इस आउटलेट पर मुख्य रूप से बच्चे और युवा आते हैं, जिनके स्वास्थ्य के साथ यह ब्रांड सीधे तौर पर खिलवाड़ कर रहा था।
अभिनेता रणवीर सिंह को विज्ञापन करने से रोका
आयोग ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए ब्रांड एंबेसडर रणवीर सिंह को भी लपेटे में लिया है। कोर्ट ने उन्हें निर्देशित किया है कि वह इस ब्रांड का ऐसा कोई भी प्रचार या विज्ञापन न करें जो उपभोक्ताओं को भ्रमित करता हो। यह आदेश सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट के लिए एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है कि वे जिस ब्रांड का प्रचार कर रहे हैं, उसकी गुणवत्ता के लिए भी वे नैतिक रूप से जिम्मेदार हैं।
आयोग का अंतरिम आदेश
उपभोक्ता आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गौरव टॉवर स्थित इस आउटलेट से होने वाली खरीद-बिक्री पर अंतरिम रोक लगा दी है। जब तक खाद्य सुरक्षा मानकों की पूर्ण संतुष्टि नहीं हो जाती, तब तक यहां संचालन बंद रहेगा
महत्वपूर्ण बिंदु:
स्थान: गौरव टॉवर, मालवीय नगर, जयपुर।
मुख्य कारण: टीपीसी स्तर 25 की सीमा से ऊपर पाया जाना (28-31)।
अतिरिक्त जब्ती: 40 लीटर तेल और सड़े हुए टमाटर।
प्रभाव: आउटलेट पर रोक और अभिनेता को विज्ञापन से परहेज की चेतावनी।
ये भी पढे़:-
1 अप्रैल से शुरू होगी सरसों एवं चना की समर्थन मूल्य पर खरीद, पंजीकरण 20 मार्च से शुरू
हनुमानगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा, 5 की दर्दनाक मौत, कई घायल, बस के उड़े परखच्चे
आईएएस जितेंद्र कुमार सोनी को साहित्य अकादमी पुरस्कार, राजस्थानी कहानी 'भरखमा' का चयन