करधनी हत्याकांड: हत्याओं के बाद घर के मुखिया का अभी तक सुराग नहीं, पुलिस ने रखा इनाम

Jageshwar prasad | Sept 13, 2026, 14:23 IST
करधनी हत्याकांड: फरार पति राहुल पर 25 हजार का इनाम
जयपुर के करधनी इलाके में मां और तीन बेटियों की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार पति राहुल झा पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। राहुल की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

समझें क्या है पूरा मामला

  • करधनी हत्याकांड: फरार पति राहुल पर 25 हजार का इनाम।
  • मां और तीन बेटियों की हत्या पर अब भी सस्पेंस बरकरार।
  • 23 साल पुरानी शादी, पति पर हत्या का शक, तलाश जारी।
  • पीहर पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग की।
  • राहुल पिता को चाय पिलाकर घर से निकला, मोबाइल छोड़ा।

जयपुर के करधनी थाना इलाके में गोविंद वाटिका स्थित एक घर में मां और तीन बेटियों के शव मिलने के मामले में अभी तक गुत्थी अनसुलझी है। प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का मानना है कि पति राहुल झा ने पत्नी गीता (40) और बेटियों नंदिनी (22), राधिका (17) व गौरी (14) की हत्या की है।



हालांकि, शुक्रवार सुबह घर से लापता हुए राहुल झा का रविवार सुबह तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। उसकी गिरफ्तारी पर शनिवार को पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।



पुलिस की तलाश जारी

पुलिस की टीमें राहुल झा के गोविंद वाटिका स्थित घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हैं। हालांकि, बताया जा रहा है कि इनमें भी उसका मूवमेंट दर्ज नहीं हुआ है।



अब पुलिस उसके जान-पहचान वाले, रिश्तेदारों और नजदीकी दोस्तों के घर पर उसकी तलाश में जुटी है। गीता के पीहर पक्ष की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद चारों शवों का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया।



जयपुर हत्याकांड में पुलिस को अब तक मिले सुराग

जयपुर पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी राहुल झा 6 सितंबर को गुजरात गया था। वह वहां करीब तीन दिन रहा। 9 सितंबर को जयपुर लौटा। इसके अगले दिन परिवार के चार लोगों की हत्या हो गई।



अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गुजरात में राहुल किन लोगों से मिला था? वहां उसका किस तरह का संपर्क था और जयपुर लौटने के बाद ऐसा क्या हुआ कि घर का माहौल खूनी वारदात में बदल गया। राहुल के मोबाइल की भी जांच की जा रही। पुलिस उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।



जांच में एक और अहम कड़ी सामने आई है। बताया जा रहा है कि शेयर बाजार में आरोपी राहुल को नुकसान हुआ था। इसके बाद वह पत्नी के नाम दर्ज प्लॉट बेचना चाहता था। गीता इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस अब यह भी जांच रही कि क्या इसी विवाद ने वारदात की जमीन तैयार की। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।



घटनास्थल की जांच में पुलिस को संघर्ष के संकेत भी मिले हैं। गीता के हाथ में कुछ बाल मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि ये राहुल के हो सकते। इनकी जांच कराई जा रही। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने की आशंका वाला भारी सीमेंट ब्लॉक भी बरामद किया है।



पीहर पक्ष के आरोप

गीता के भतीजे जय शर्मा का कहना है कि गीता को साड़ी गुजरात भेजनी थी। राहुल खुद साड़ी लेकर गया था। जहां वह 24 घंटे रुका था। इस दौरान वह तनाव में लग रहा था।



गीता की मां केतकी बेन का कहना है कि उन्हें समाचार से बेटी और तीन नातिनों की हत्या की जानकारी मिली। राहुल के परिजनों की ओर से उन्हें जानकारी तक नहीं दी गई। उनका आरोप है कि राहुल ने उनका पूरा परिवार उजाड़ दिया।



25 हजार का इनाम

जयपुर (पश्चिम) डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि राहुल झा पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या का शक है। हालांकि, अन्य संभावित पहलुओं पर भी जांच जारी है।



वह शुक्रवार को घर से निकला था। अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने करधनी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। राहुल की सूचना देने वाले को 25 हजार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की गई है।



23 साल पहले हुई थी शादी

पीहर पक्ष के लोगों का कहना है कि राहुल और गीता की शादी करीब 23 साल पहले हुई थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की मांग की है।



हालांकि, ससुराल पक्ष के लोगों ने सवाल खड़े किए हैं कि राहुल ने पत्नी और तीन बेटियों की हत्या की तो घर में मौजूद पिता को क्यों छोड़ दिया।



वारदात की रात

11 सितंबर को करधनी थाना इलाके में गोविंद वाटिका स्थित घर में ग्राउंड फ्लोर पर तीन बेटियों के और पहली मंजिल पर गीता का शव मिला था। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर माना जा रहा है कि राहुल ने सीमेंट ब्लॉक से सिर और मुंह कुचलकर चारों की हत्या कर दी।



इसके बाद उसने अपने पिता को चाय बनाकर पिलाई और तैयार होकर घर से निकल गया। वह अपना मोबाइल भी ऑफ करके घर पर छोड़ गया। घटना के समय राहुल के बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ झा भी घर पर मौजूद थे लेकिन उन्हें भनक नहीं लगी। उन्होंने कमरों में खून पसरा देखा तो आसपास के लोगों को जानकारी दी।



ये भी पढ़ें:-

7 लाख की सुपारी, स्कॉर्पियो से कुचलवाई मां, अब जमानत याचिका खारिज



मामा का आरोप- आयुषी ने पहले पिता को मारा, फिर चुराई ज्वेलरी से दी मां की सुपारी



आयुषी केस में नया मोड़, पिता की मौत भी शक के घेरे में, कोर्ट ने खारिज की जमानत



PWD कर्मचारी ने की मां की हत्या, अनुकंपा पर लगी थी नौकरी





Tags:
  • हत्याकांड
  • वारदात
  • जयपुर पुलिस
  • करधनी हत्याकांड