जयपुर: सेंट्रल पार्क से CA का किडनैप, 15 किमी बाद पलटी मर्सिडीज; आरोपी फरार
राजधानी जयपुर में बुधवार सुबह एक CA राजीव गुप्ता के कथित अपहरण की कोशिश के बाद लग्जरी मर्सिडीज कार के आमेर में दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेंट्रल पार्क इलाके में दो लोगों ने CA राजीव गुप्ता को मर्सिडीज में जबरन बैठाने की कोशिश की। राजीव गुप्ता के विरोध के बाद मामला बिगड़ा और कार सवार वहां से निकल गए। बाद में यही कार आमेर इलाके में एक बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे कच्चे नाले में जा गिरी।
हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। आमेर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली। कार से नकली पिस्टल और चाकू मिलने की बात सामने आई है। अब अशोक नगर और आमेर थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
सेंट्रल पार्क के पास से शुरू हुआ मामला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह अशोक नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल पार्क के आसपास की है। पीड़ित CA राजीव गुप्ता का आरोप है कि मर्सिडीज में सवार दो लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाने की कोशिश की।
CA राजीव गुप्ता किसी तरह उनके चंगुल से बच गया। इसके बाद कार सवार वहां से निकल गए। पीड़ित बाद में अशोक नगर थाने पहुंचा और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस उसके बयान के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों संदिग्ध कौन थे और CA राजीव गुप्ता को निशाना बनाने की वजह क्या थी।
शहर से निकली मर्सिडीज आमेर पहुंची, बाइक को मारी टक्कर
सेंट्रल पार्क की घटना के बाद मर्सिडीज आमेर महल की तरफ पहुंची। सुबह करीब 8 बजे दिल्ली रोड पर पीली की तलाई इलाके में कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और मर्सिडीज सड़क किनारे कच्चे नाले में उतर गई। हादसे के बाद कार में मौजूद लोग गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मर्सिडीज की तलाशी में मिली नकली पिस्टल और चाकू
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज की तलाशी ली। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार के अंदर से एक नकली पिस्टल और चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर और मालिक की जानकारी के आधार पर भी संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
CCTV से सेंट्रल पार्क से आमेर तक की कड़ी जोड़ रही पुलिस
अब जांच का अहम हिस्सा कार का पूरा रूट है। पुलिस सेंट्रल पार्क और आसपास के रास्तों से लेकर आमेर की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि कार में कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद वह किस रास्ते से आमेर पहुंची। पीड़ित के मुताबिक कार में दो लोग थे। पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
अपहरण की कोशिश क्यों हुई, अभी सबसे बड़ा सवाल
मामले में अभी सबसे अहम सवाल वारदात के पीछे की वजह है। CA राजीव गुप्ता को ही क्यों निशाना बनाया गया? आरोपी उसे कहां ले जाना चाहते थे? क्या CA राजीव गुप्ता और आरोपियों के बीच पहले से कोई विवाद या पहचान थी? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही साफ होंगे।
फिलहाल अपहरण के प्रयास संबंधी आरोप की जांच अशोक नगर थाना पुलिस कर रही है, जबकि आमेर में दुर्घटनाग्रस्त मिली मर्सिडीज और उसमें मिले सामान को लेकर आमेर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें :-
10 लाख की ‘सोने की मूर्ति’ निकली अष्टधातु, ग्राहक बनकर पहुंची CID ने पकड़ा आरोपी
सालावास STP का 100 MLD पानी पहुंचेगा खेतों तक, किसानों के पास साल में 2-3 फसलें लेने का मौका
RPSC को लगा हाई कोर्ट से झटका, सहायक आचार्य भर्ती के अंतिम परिणाम पर लगी रोक
राजस्थान निकाय चुनाव, छोटे शहरों में भारी वोटिंग, अर्णोद 91.98% के साथ सबसे आगे