जयपुर: जेप्टो के डार्क स्टोर में एक्सपायरी प्रोडक्ट मिले, 1550 डेयरी पैकेट किए नष्ट

Saurabh Mishra | Sept 10, 2026, 17:04 IST
जयपुर के जैप्टो के डार्क स्टोर
जयपुर के जगतपुरा स्थित जैप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक निरीक्षण किया। तापमान मानकों की अनदेखी पर 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद नष्ट किए गए। पीनट बटर और हनी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जैप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी।
  • 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद मौके पर ही किए नष्ट।
  • दीवारों पर थूक के निशान, रैक मिले जंग लगे।
  • पीनट बटर और हनी के सैंपल जांच के लिए भेजे।
  • रोज 500 ऑर्डर वाले स्टोर में मिलीं गंभीर खामियां।

जयपुर के जगतपुरा स्थित जैप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को छापा मारा। तापमान मानकों की अनदेखी पर 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद नष्ट किए गए। 7 किलो एक्सपायरी सामग्री भी मिली। सफाई में भी गंभीर खामियां पाई गईं। पीनट बटर और हनी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।



खाद्य सुरक्षा और औषधि नियंत्रण विभाग की जांच के दौरान जेप्टो के स्टोर में कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर में डेयरी उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित तापमान मानकों का पालन नहीं पाया गया। मौके पर तापमान 6 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पाया गया। स्थिति को देखते हुए सरस और अमूल के दूध, दही और छाछ के करीब 1550 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए।



जेप्टो स्टोर पर डैमेज और एक्सपायरी प्रोडक्ट मिले

वेयरहाउस में 7 किलोग्राम एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट भी मिले, जिसमें मूसली, कैंडी और भुजिया शामिल थी। सभी को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला, जर्दा थूकने के निशान भी मिले, जिसे तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।



जेप्टो स्टोर की सफाई व्यवस्था में भी मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान डार्क स्टोर एवं कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला एवं जर्दा थूकने के निशान पाए गए। दीवारों पर गंदगी एवं थूक के निशान भी मिले। खाद्य सामग्री रखने के लिए लगाए गए कई लोहे के रैक टूटे हुए, गंदे एवं जंग लगे पाए गए। अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण एवं स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।



जांच के लिए पीनट बटर और शहद के सैंपल लिए

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए केंद्रीय टीम ने स्टोर मैनेजर कैलाश चन्द मीना की मौजूदगी में पिंटोला पीनट बटर एवं हनी के सैंपल लिए। दोनों सैंपल को जांच के लिए राज्य केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।



जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट अथवा खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



रोजाना 500 ऑर्डर, सुधार के निर्देश

खाद्य आपूर्ति विभाग केसंयुक्त आयुक्त विजय प्रकाश शर्मा ने डार्क स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर खाद्य पदार्थों के भंडारण, तापमान नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार इस डार्क स्टोर से रोजाना करीब 500 ऑर्डर की डिलीवरी की जाती।



खाद्य और औषधि विभाग ने साफ किया है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से फूड प्रोडक्ट्स की डिलीवरी करने वाले स्टोर्स और वेयरहाउस पर भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन अनिवार्य है। मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई पूरे प्रदेश में लगातार जारी रहेगी।



FAQ

  1. जयपुर में जैप्टो के डार्क स्टोर पर क्या कार्रवाई हुई?
    खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच कर तापमान मानकों की अनदेखी पर 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद नष्ट करवाए। इसके अलावा 7 किलो एक्सपायरी सामग्री भी जब्त कर नष्ट की गई।
  2. खाद्य विभाग की जांच में स्टोर पर स्वच्छता को लेकर क्या खामियां मिलीं?
    डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला और जर्दा थूकने के निशान मिले। दीवारों पर गंदगी थी और कई रैक टूटे पाए गए। अधिकारियों ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं।
  3. किन फूड प्रोडक्ट्स के सैंपल जांच के लिए भेजे गए?
    पिंटोला पीनट बटर और हनी के सैंपल जांच के लिए राज्य केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अगर जांच में मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित फर्म के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

यह खबरें भी पढ़ें...



जयपुर सेंट्रल जेल में पूर्व MLA बलजीत यादव के पास मिला मोबाइल, जेल प्रशासन ने कराई FIR



भीम मैंगो आइस कैंडी और वीबा मयोनीज बैन, खाद्य विभाग ने दिए स्टॉक नष्ट करने के निर्देश



जयपुर: सेंट्रल पार्क से CA का किडनैप, 15 किमी बाद पलटी मर्सिडीज; आरोपी फरार



राजस्थान निकाय चुनाव, छोटे शहरों में भारी वोटिंग, अर्णोद 91.98% के साथ सबसे आगे



Tags:
  • राजस्थान
  • जयपुर
  • खाद्य आपूर्ति विभाग
  • खाद्य विभाग