भाजपा नेता पर धारदार हथियार से किया अटैक, सिर पर गहरा घाव, हाथ में फ्रैक्चर
समझें क्या है पूरा मामला
- जालोर में भाजपा नेता पर लोहे के सरिए से हमला, सिर पर गहरा घाव, हाथ में फ्रैक्चर।
- कार रुकवाकर धारदार हथियार से किया हमला, कचहरी से लौट रहे थे नटवर सिंह।
- घटना के विरोध में रात 11 बजे तक समाज का धरना, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
- प्राथमिक इलाज के बाद सिरोही रेफर, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी।
- समाज की चेतावनी, गुरुवार शाम 5 बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं तो फिर आंदोलन।
राजस्थान के जालोर जिले के बागरा थाना क्षेत्र के सियाणा गांव में बुधवार शाम एक BJP नेता और वकील पर जानलेवा हमला हुआ। सियाणा निवासी बीजेपी युवा मोर्चा के जिला प्रवक्ता और वकील नटवर सिंह राजपुरोहित (37) जालोर कचहरी से काम निपटाकर अपनी कार से लौट रहे थे।
आकोली और सियाणा के बीच आडवाडा गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार रुकवाई और धारदार हथियार से हमला किया।
सिर पर गहरा घाव आया और एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सिरोही रेफर किया गया। घटना के बाद रात 11 बजे तक पुलिस चौकी के बाहर धरना चला।
कैसे हुआ हमला?
बागरा थाने के CI मोहनलाल गर्ग ने बताया कि नटवर सिंह राजपुरोहित शाम करीब 6 बजे अपनी कार से सियाणा की तरफ जा रहे थे। आकोली और सियाणा के बीच आडवाडा गांव के पास सामने से आई एक गाड़ी ने उनकी कार रुकवाई। उसमें सवार अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से अचानक हमला कर दिया।
आसपास अन्य लोगों को आता देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस से घायल नटवर सिंह को सियाणा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
गंभीर चोटें, सिरोही रेफर
हमले में नटवर सिंह के सिर पर धारदार हथियार से गहरा और लंबा घाव लगा। काफी खून बहा और सिर पर कई टांके लगाने पड़े। इसके अलावा उनके एक हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है। हालत गंभीर होने पर उन्हें सिरोही रेफर किया गया जहां इलाज जारी है।
रात 11 बजे तक पुलिस चौकी के बाहर धरना
घटना की सूचना मिलते ही सियाणा क्षेत्रपाल व्यापार संघ और राजपुरोहित समाज के लोग सियाणा पुलिस चौकी के सामने एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया जो रात करीब 11 बजे तक चला।
बागरा थाना प्रभारी मोहनलाल गर्ग के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि गुरुवार शाम 5 बजे तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है। CI मोहनलाल गर्ग ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हमले के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें:-
जगन गुर्जर के भाई का सनसनीखेज आरोप- पहले नशीली दवा दी, फिर की गई हत्या
आवारा कुत्तों का आतंक खत्म करने के लिए क्या कदम उठाए, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
लिव-इन पर खाप पंचायत ने लगाया 21 लाख जुर्माना, परिवारों का सामाजिक बहिष्कार
80 की उम्र, चलना-फिरना बंद, फिर भी रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर का ठप्पा