जोधपुर में AGTF का बड़ा एक्शन, लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटर गिरफ्तार

Jageshwar prasad | Sept 20, 2026, 17:22 IST
जोधपुर में AGTF की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के 2 शार्प शूटर गिरफ्तार
राजस्थान पुलिस की AGTF और जोधपुर कमिश्नरेट ने संयुक्त कार्रवाई में लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात शार्प शूटरों को जोधपुर से गिरफ्तार किया है। दोनों पर पंजाब पुलिस ने 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

समझें क्या है पूरा मामला

  • जोधपुर में AGTF की बड़ी कार्रवाई, लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के 2 शार्प शूटर गिरफ्तार
  • पंजाब पुलिस के 5-5 लाख के इनामी बदमाश दबोचे, नेपाल से भागकर जोधपुर आए थे
  • जोधपुर के बड़े व्यापारी से करोड़ों की रंगदारी की साजिश नाकाम
  • ADG दिनेश MN के निर्देशन में AGTF और कमिश्नरेट की जॉइंट कार्रवाई
  • फाजिल्का-अबोहर मर्डर के बाद फरार, 12 गंभीर मामलों में वांछित

राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने जोधपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो कुख्यात और इनामी शार्प शूटरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।



पकड़े गए बदमाशों पर पंजाब पुलिस की ओर से 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। यह दोनों बदमाश जोधपुर शहर में किसी बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे।



यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस, एजीटीएफ और एएनटीएफ श्री दिनेश एम.एन. के कुशल निर्देशन तथा जोधपुर कमिश्नर श्री अंशुमन भोमिया, उपमहानिरीक्षक पुलिस श्री योगेश यादव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में की गई।



​गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ​जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा (23) निवासी हरसिंह रायनगर, फाजिल्का (पंजाब) और ​राजिन्दर उर्फ बिल्ला (23) निवासी बलुआना थाना सदर अबोहर, फाजिल्का (पंजाब) के रूप में की गई।



राजस्थान में बढ़ाई गई निगरानी

लॉरेंस बिश्नोई और आरजू बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों द्वारा राजस्थान के व्यापारियों को धमकी दिए जाने के मामलों को देखते हुए एजीटीएफ की टीमों ने गैंग के शूटरों और राजस्थान से लगे हरियाणा-पंजाब क्षेत्र के ऐसे बदमाशों पर विशेष निगरानी शुरू की थी, जो राजस्थान में वारदात कर वापस फरार हो जाते हैं।



कपड़ा व्यापारी की हत्या समेत कई मामलों में वांछित

गिरफ्तार जसकरण सिंह उर्फ करण और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर हैं। पंजाब पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी।



दोनों अबोहर में कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की हत्या तथा फाजिल्का में एक अन्य व्यक्ति साहिल सेन की रंजिशवश हत्या सहित कई मामलों में वांछित बताए गए हैं। इन्हीं मामलों के चलते पंजाब पुलिस ने दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।



पकड़े जाने की पूरी पटकथा

राजस्थान में व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकी देने और अपहरण जैसी वारदातों को देखते हुए एजीटीएफ की टीमों ने ऐसे मामलों में सक्रिय गिरोहों तथा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे बदमाशों पर निगरानी और शिकंजा कसना शुरू किया।



इसी दौरान जसकरण सिंह उर्फ करण और राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग से जुड़े होने तथा राजस्थान में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की संभावना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एजीटीएफ के संज्ञान में आईं।



पंजाब पुलिस के अलावा हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस को भी दोनों बदमाशों की तलाश थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले फाजिल्का और अबोहर में हत्या की वारदातों के बाद दोनों के नेपाल भाग जाने के इनपुट सामने आए थे। इसके बाद एजीटीएफ ने दोनों की गतिविधियों और संभावित आवागमन को लेकर लगातार आसूचना संकलित कर उनकी गतिविधियों और संभावित वापसी पर लगातार नजर बनाए रखी।



मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान में प्रवेश

नेपाल में बढ़ते दबाव के बाद दोनों भारत लौटे और मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान में प्रवेश की तैयारी में थे। कार्रवाई से करीब तीन दिन पहले दोनों के सिरोही में होने तथा वहां से जोधपुर की ओर बढ़ने का इनपुट एजीटीएफ को मिला। इसके बाद एजीटीएफ ने दोनों की संभावित गतिविधियों और मूवमेंट पर निगरानी और तेज कर दी।



जोधपुर में किसी बड़े व्यापारी को निशाना बनाकर उसे धमकाने और करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने की आशंका के बीच एजीटीएफ की टीम लगातार सक्रिय रही। इसी निगरानी के दौरान दोनों आरोपियों के जोधपुर पहुंचने की पुष्टि होने पर एजीटीएफ ने जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की और दोनों शूटरों को दबोच लिया।



फर्जी नाम से होटल में रुके थे बदमाश

राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्सकी टीम नेपाल से ही लगातार उनके पीछे थी। टीम के पुख्ता इनपुट पर जोधपुर कमिश्नर पुलिस किसी सहायता से दोनों टीम ने कैलाश नगर स्थित 'होटल सनसिटी इन' के कमरा नंबर 204 में छापा मारा।



कमरे में ठहरे दोनों युवकों ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से अपनी फर्जी पहचान नवीन जाखड़ और आशू चाबड़ा बताई। हालांकि, एजीटीएफ और एयरपोर्ट थाना पुलिस द्वारा की गई कड़ाई व सघन पूछताछ के सामने उनकी चालाकी काम न आ सकी और उन्होंने स्वीकार किया कि वे पंजाब के वांटेड अपराधी हैं।



अवैध मादक पदार्थ और हथियार बरामद

​जसकरण सिंह के बैग से 58 ग्राम तथा राजिन्दर के बैग से 25 ग्राम (कुल 83 ग्राम) अफीम का दूध बरामद किया गया। राजिन्दर के बैग से एक चालू हालत की अवैध रिवॉल्वर मिली।



साथ ही जसकरण के कब्जे से ₹43,000 तथा राजिन्दर से ₹45,100 (कुल ₹88,100) नकद और दोनों के पास से कूटरचित/फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए।



एक दर्जन गंभीर मामलों में वांटेड है दोनों बदमाश

दोनों आरोपियों के उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड को मिलाकर कुल 12 प्रकरण सामने आते हैं। राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के विरुद्ध 8 तथा जसकरन सिंह उर्फ करन के विरुद्ध 4 मामले पंजाब में दर्ज है।



राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के विरुद्ध वर्ष 2023 से 2025 के बीच अबोहर, फाजिल्का व संगरूर में दर्ज 8 मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, चोरी/संपत्ति संबंधी अपराध, सामूहिक हिंसा तथा आर्म्स एक्ट के प्रकरण शामिल हैं।



वहीं जसकरन सिंह उर्फ करन कट्टा के विरुद्ध फाजिल्का व अबोहर में दर्ज 4 मामलों में हत्या, मारपीट व हथियार से चोट पहुंचाने, बलवा/सामूहिक हिंसा, आपराधिक धमकी, लूट तथा आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।



ये भी पढ़ें:-

राजस्थान AGTF की कामयाबी: किडनैपर का यूएई से प्रत्यर्पण, जयपुर में होगी पूछताछ



जयपाल पूनिया मर्डर केस में पूर्व विधायक के भाई सहित 9 आरोपियों को उम्रकैद, 2 को मिला संदेह का लाभ



अजब जुगाड़, गजब मुसीबत: धूप से बचने के लिए सिर पर रखी दूध की कैन बनी मुसीबत, ग्राइंडर से काटकर बचाई जान



पाली में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति नहीं होने से 60 पम्प बंद, ऑपरेटरों ने कलक्ट्रेट पर किया विरोध प्रदर्शन







Tags:
  • लॉरेंस बिश्नोई
  • राजस्थान पुलिस
  • जोधपुर
  • अवैध मादक पदार्थ
  • राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स