जोधपुर में फाटक तोड़ रेलवे पटरी पर पहुंची कार, दूसरे ट्रैक से गुजरी इंटरसिटी

Saurabh Mishra | Sept 21, 2026, 19:07 IST
जोधपुर कार
जोधपुर के BJS इलाके में बाइक से टक्कर के बाद महिला की कार रेलवे फाटक तोड़कर ट्रैक पर फंस गई। इसी दौरान इंटरसिटी दूसरे ट्रैक से निकली और बड़ा हादसा टल गया।

नरेश रमेश @ जोधपुर

शहर के BJS इलाके में सोमवार शाम एक कार रेलवे फाटक का बैरियर तोड़कर ट्रैक पर पहुंच गई। कार चला रही महिला ने उसे वापस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन पहिया ट्रैक में फंस गया। इसी दौरान जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने का समय था। ट्रेन पास वाले दूसरे ट्रैक से निकल गई। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में महिला सुरक्षित है।



बताया जा रहा है कि रेलवे फाटक के पास कार की एक बाइक से टक्कर हुई थी। इसके बाद महिला घबरा गई और कार पर नियंत्रण नहीं रख सकी। फिलहाल आरपीएफ घटना की जांच कर रही है।



जोधपुर में रेलवे ट्रैक पर पहुंची कार

जानकारी के मुताबिक महिला कार से BJS इलाके से गुजर रही थी। रेलवे क्रॉसिंग के पास उसकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद महिला घबरा गई। इसी दौरान कार तेजी से आगे बढ़ी और बंद रेलवे फाटक का बैरियर तोड़ते हुए ट्रैक के अंदर पहुंच गई।



रेलवे ट्रैक पर पहुंचने के बाद महिला ने कार को वापस निकालने की कोशिश की। उसने कार मोड़ी, लेकिन इसी दौरान उसका पहिया ट्रैक के पास फंस गया।इसके बाद कार वहीं रुक गई। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।



दूसरे ट्रैक से निकली इंटरसिटी एक्सप्रेस

घटना के समय ट्रेन नंबर 22978 जोधपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आने का समय था। ट्रेन शाम करीब 4 बजे इस इलाके से गुजरने वाली थी। इंटरसिटी उस ट्रैक पर नहीं आई, जहां कार फंसी थी। ट्रेन पास वाले दूसरे ट्रैक से सुरक्षित निकल गई। इसके बाद कार को ट्रैक से हटाने की कोशिश शुरू की गई।



घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कार चला रही महिला भी सुरक्षित है। रेलवे फाटक का बैरियर टूटने के साथ कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। महिला के पति शहर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर बताए जा रहे हैं।



घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ट्रैक और रेलवे फाटक की स्थिति देखी गई। RPF अब पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



यह खबरें भी पढ़ें...



जोधपुर में AGTF का बड़ा एक्शन, लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गैंग के दो इनामी शूटर गिरफ्तार



जोधपुर नगर निगम चुनाव 2026: महापौर प्रत्याशी नामांकन पर 'आपत्ति वॉर'!



जोधपुर में बोर्ड किसका? मेहता का दावा मजबूत, सोलंकी की व्यूह रचना से मुकाबला टाइट



RCA चुनाव से पहले ललित मोदी की सलाह- राजस्थान क्रिकेट की पहचान खिलाड़ियों से हो



Tags:
  • राजस्थान
  • जोधपुर
  • इंटरसिटी एक्सप्रेस