कोटा: 'दोबारा मत दिखना...' कहकर LDC ने महिला इंजीनियर पर फेंका पर्स, होगी जांच
समझें क्या है पूरा मामला
- कोटा के जलदाय विभाग के ऑफिस में एक विवाद हुआ।
- पर्स हटाने की बात पर LDC और महिला JEN में कहासुनी हो गई।
- महिला इंजीनियर का आरोप है कि क्लर्क ने उन पर पर्स फेंक दिया।
- इंजीनियर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।
- महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, विभाग करेगा जांच।
कोटा के जलदाय विभाग में काम को लेकर शुरू हुई कहासुनी विवाद में बदल गई। महावीर नगर थर्ड चौराहा स्थित एईएन कार्यालय में क्लर्क और महिला जूनियर इंजीनियर (JEN) के बीच टेबल पर रखे पर्स को हटाने की बात को लेकर बहस हो गई।
महिला जूनियर इंजीनियर का आरोप है कि बहस के दौरान एलडीसी ने पर्स उठाकर उनकी तरफ फेंक दिया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। महिला ने इस मामले की शिकायत महावीर नगर थाने में दी है।
कोटा में महिला इंजीनियर और क्लर्क के बीच कहासुनी
घटना के समय राजस्थान जलदाय विभाग के कार्यालय में AEN समेत विभाग के कुछ अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। महिला जूनियर इंजीनियर के मुताबिक विवाद के बाद क्लर्क वहां से चला गया। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर कार्यालय बुलाया। परिजनों ने एईएन से क्लर्क को वापस बुलाने की बात कही, लेकिन वह मौके पर नहीं आया।
बिल का काम पूरा करने पहुंची थीं महिला इंजीनियर
महिला जूनियर इंजीनियर ने बताया कि उनकी तबीयत खराब थी और उन्होंने अस्पताल में ड्रिप भी लगवाई थी। इसी दौरान AEN ने उन्हें बिल से जुड़े जरूरी काम के लिए फोन किया था। यह काम शाम तक पूरा कर जमा करना था। वे कोटा के महावीर नगर थर्ड स्थित कार्यालय पहुंचीं। वहां AEN, क्लर्क और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
महिला इंजीनियर ने पर्स फेंकने और बदसलूकी का आरोप लगाया
महिला इंजीनियर के मुताबिक, उन्होंने टेबल पर अपना पर्स रखा था, जिसके बाद क्लर्क (LDC) ने पर्स हटाने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद कर्मचारी ने उनसे बदसलूकी शुरू कर दी। महिला के मुताबिक LDC ने कहा कि यह उसके पिता का कार्यालय नहीं है और यहां फिर से दिखाई न दें।
इसके बाद विवाद और बढ़ गया। महिला ने आरोप लगाया कि क्लर्क ने पर्स उठाकर उनकी ओर फेंक दिया। महिला इंजीनियर के मुताबिक यह पूरी घटना AEN की मौजूदगी में हुई।
महिला इंजीनियर ने पुलिस से की शिकायत
महावीर नगर थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि पर्स हटाने को लेकर महिला JEN और LDC के बीच कहासुनी हुई थी। उनके अनुसार महिला की शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।
राजस्थान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर ने बताया कि AEN कार्यालय से शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
FAQ
- कोटा जलदाय विभाग में महिला इंजीनियर और क्लर्क में कैसे विवाद शुरू हुआ?
टेबल पर रखे पर्स को हटाने की बात को लेकर LDC और महिला JEN के बीच बहस शुरू हुई। महिला का आरोप है कि इसके बाद LDC ने उन पर पर्स फेंका। - महिला इंजीनियर ने क्या शिकायत दर्ज कराई है?
उन्होंने कोटा के महावीर नगर थाने में क्लर्क के खिलाफ शिकायत दी है। आरोप है कि LDC ने उन पर पर्स फेंका और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। - पीचईडी विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई कर रहा?
PHED विभाग के अनुसार असिस्टेंट इंजीनियर के ऑफिस से शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
यह खबरें भी पढ़ें...
राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, निकाय चुनाव के ऐलान से पहले 21 RAS अफसर बदले
रक्षाबंधन पर कोटा मंडल ने 6 स्पेशल ट्रेनें चलाने का किया ऐलान, जानें टाइम-टेबल
हाड़ौती के प्रसिद्ध कवि दुर्गादान सिंह गौड़ का निधन, कोटा में ली अंतिम सांस
कांवड़ यात्रियों के लिए राजस्थान पुलिस के दिशा-निर्देश, इन बातों का रखें ध्यान