कोटा जिलें के 4 वार्डों में होगी री-पोलिंग, ईवीएम खराबी शून्य वोटिंग हुई थी घोषित

Ashish Bhardwaj | Sept 15, 2026, 11:44 IST
कोटा नगर निगम
राजस्थान में कोटा नगर निगम के तीन और सुकेत नगरपालिका के एक बूथ पर ईवीएम खराबी के चलते वोट शून्य घोषित हुए। अब इन बूथों पर 16 सितंबर को दोबारा मतदान होगा।

समझें क्या है पूरा मामला

  • ईवीएम खराबी के चलते चार बूथों पर वोटिंग शून्य की गई घोषित।
  • कोटा नगर निगम के तीन वार्ड और सुकेत के एक वार्ड हुए प्रभावित।
  • 14 सितंबर की गिनती के दौरान मशीनों में सामने आई गड़बड़ी।
  • अब 16 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान।
  • नई गिनती 17 सितंबर सुबह 8 बजे से होगी शुरू।

कोटा नगर पालिका आम चुनाव 2026 में एक तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। ईवीएम में खराबी के चलते कोटा नगर निगम के तीन और सुकेत नगरपालिका के एक बूथ पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की पूरी प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।



आयोग के निर्देश के मुताबिक चार बूथों पर पुनर्मतदान तय हुआ है। इनमें नगर निगम कोटा के वार्ड 87 का बूथ नंबर 99, वार्ड 44 का बूथ नंबर 448 और वार्ड 11 का बूथ नंबर 576 शामिल हैं। इसके अलावा नगरपालिका सुकेत के वार्ड 4 के बूथ नंबर 5 पर भी दोबारा वोटिंग होगी।



गिनती के दौरान सामने आई गड़बड़ी

इन बूथों पर वार्ड पार्षद पद के लिए हुए मतदान की गिनती 14 सितंबर को तय थी। मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी सामने आई। इस वजह से इन वार्डों का नतीजा उसी दिन जारी नहीं हो सका। मामले की रिपोर्ट और पूरी परिस्थिति पर विचार करने के बाद आयोग ने पाया कि मशीनों की खराबी से जितने वोट दर्ज नहीं हो पाए, उनकी संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वियों के बीच के अंतर से भी ज्यादा थी।



नियम 55 के तहत वोटिंग हुई शून्य

इसी आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 55 में मिली शक्तियों का इस्तेमाल किया। आयोग ने चारों बूथों की वोटिंग को पूरी तरह शून्य घोषित कर दिया। अब इन बूथों पर पूरी प्रक्रिया नए सिरे से कराई जाएगी।



16 सितंबर को वोटिंग, 17 को गिनती

आयोग के आदेश के अनुसार चारों बूथों पर 16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान होगा। इसके अगले दिन यानी 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को इसकी लिखित सूचना दी जाएगी। संबंधित इलाकों में ढोल बजाकर और अन्य तरीकों से भी इसका व्यापक प्रचार किया जाएगा। मतदान की तारीख, समय और स्थान से जुड़ा नोटिस कार्यालय, नगरपालिका भवन, मतदान केंद्र और अन्य प्रमुख जगहों पर चस्पा किया जाएगा।



पुराने मतदाताओं को ही मिलेगा मौका

पुनर्मतदान में सिर्फ उन्हीं मतदाताओं को वोट डालने की अनुमति होगी, जो संबंधित बूथ पर पहले मूल मतदान के लिए अधिकृत थे। पहले मतदान के दौरान उंगली पर लगाई गई स्याही के निशान को इस बार अनदेखा किया जाएगा। मतदाताओं के बाएं हाथ की बीच वाली उंगली पर दोबारा अमिट स्याही लगाई जाएगी। पहले इस्तेमाल हुई ईवीएम को सील कर सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। आयोग ने सभी अधिकारियों से कहा है कि जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।



ये खबर भी पढे़:-

राजस्थान निकाय चुनाव: गोवा तक पहुंची पार्षदों की बाड़ाबंदी, आने-जाने के लिए हेलिकॉप्टर



राजस्थान को मिलेगा हिमाचल से पानी, सीएम करेंगे जल समझौते पर हस्ताक्षर



पिता को इसलिए जीवित छोड़ा... राहुल झा ने पुलिस पूछताछ में खोले हत्याकांड के राज



जयपुर निगम रिजल्ट: CM भजनलाल-डिप्टी CM ने बचाया गढ़, मंत्री राठौड़ के इलाके में बगावत भारी





Tags:
  • राजस्थान
  • निर्वाचन आयोग
  • मतदान केंद्र
  • कोटा नगर निगम