मंत्री ने सौगंध दिलाकर पूछा, सफाई होती है या नहीं, फिर लिया बड़ा एक्शन

Ashish Bhardwaj | Jul 12, 2026, 13:45 IST
मंत्री मदन दिलावर
राजस्थान के अलवर दौरे पर सफाई व्यवस्था देख मंत्री मदन दिलावर नाराज हुए। कुछ घंटों बाद ही जिले के 8 ग्राम विकास अधिकारियों के तबादला आदेश जारी हो गए।

समझें क्या है पूरा मामला

  • अलवर दौरे पर मंत्री मदन दिलावर ने गंदगी और जलभराव पर जताई नाराजगी।
  • ग्रामीणों से गंगा की सौगंध दिलाकर मंत्री ने सफाई व्यवस्था का सच पूछा।
  • दौरे के कुछ घंटों बाद 8 ग्राम विकास अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी हुए।
  • मंत्री ने स्कूलों का निरीक्षण कर बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील खाया।
  • 24 करोड़ रुपए के स्कूल भवनों का लोकार्पण कर शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

सुनील जैन @ अलवर



राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर अलवर के गांवों के दौरे पर पहुंचे। वहां गंदगी और जलभराव देखकर वे नाराज हो गए। ग्रामीणों से गंगा की सौगंध दिलाकर उन्होंने सफाई व्यवस्था का हाल पूछा। दौरे के कुछ ही घंटों बाद 8 ग्राम विकास अधिकारियों के तबादले हो गए। मंत्री ने स्कूलों का भी निरीक्षण किया और बच्चों के साथ भोजन किया।



अलवर जिले में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर के शनिवार 11 जुलाई को दौरे के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सफाई व्यवस्था और जलभराव की स्थिति देखने को मिली। इस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया।


मंत्री के दौरे के कुछ ही घंटों बाद जिले की आठ ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों यानी वीडीओ (VDO – Village Development Officer) के तबादले के आदेश जारी कर दिए गए।



ग्राम विकास अधिकारियों के तबादले


किन पंचायतों में पहुंचे मंत्री

मंत्री शनिवार को जिले की तुलेड़ा, रायबका, दादर, कलसाड़ा, बिलंदी, छीलोड़ी, बिचगांव और चिमरावली गौड़ ग्राम पंचायतों में पहुंचे थे। जहां-जहां उन्होंने दौरा किया, वहां सड़कों पर गंदगी, जलभराव और सफाई व्यवस्था की गंभीर कमी देखने को मिली।



कई स्थानों पर मंत्री का काफिला भी जलभराव वाले रास्तों से होकर गुजरा। इससे ग्रामीण इलाकों की बदहाल स्थिति खुलकर सामने आई।



गंगा की सौगंध दिलाकर पूछा सवाल

दौरे के दौरान मंत्री मदन दिलावर ने पिनान में एक कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों से गंगा की सौगंध दिलाते हुए पूछा कि गांवों में नियमित सफाई होती है या नहीं।



इस पर पंडाल में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि गांवों में सफाई नहीं होती। ग्रामीणों की यह शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगाई।



उन्होंने कहा कि सरकार ग्राम पंचायतों को साफ-सफाई के लिए प्रतिवर्ष एक लाख रुपए उपलब्ध कराती है। लेकिन अगर कागजों में ही सफाई अभियान चलाया जा रहा है, तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिसने भी सरकारी धन का दुरुपयोग किया है, उससे एक-एक पैसा वसूला जाएगा।


कुछ घंटों बाद जारी हुए तबादला आदेश



मंत्री के दौरे के कुछ ही घंटे बाद उन्हीं ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों के तबादला आदेश जारी हो गए। हालांकि आदेशों में तारीख 10 जुलाई अंकित है, लेकिन मंत्री के दौरे के बाद तबादलों को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।



तबादला सूची में शामिल अधिकारियों को कार्य व्यवस्था के तहत बाड़मेर जिले की चौहटन और धोरीमन्ना पंचायत समितियों में लगाया गया है।



स्कूलों में बच्चों संग किया भोजन

दौरे के दौरान मंत्री मदन दिलावर ने कई सरकारी स्कूलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली।



मंत्री ने बच्चों से पूछा कि क्या उन्हें हमेशा ऐसा ही भोजन मिलता है, या सिर्फ उनके दौरे के कारण व्यवस्था सुधारी गई है। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों की किताबें खुलवाकर उनसे पढ़ाई से जुड़े सवाल भी पूछे और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया।



24 करोड़ के स्कूल भवनों का लोकार्पण

शिक्षा मंत्री ने जिले में करीब 24 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कई विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया। साथ ही एक विद्यालय में सरस्वती प्रतिमा का अनावरण भी किया।



इस दौरान उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि प्रदेश में 1 अप्रैल से ही नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया, जिससे विद्यार्थियों को पूरे समय पढ़ाई का अवसर मिल रहा है।



ये खबर भी पढ़े:-

PTI बनने की राह हुई आसान, डीपीएड की 3200 नई सीटों को मिली सरकार की मंजूरी



विधायक का कर दिया ट्रांसफर, पटवारियों की तबादला सूची में आया नाम, जानिए पूरी वजह



आखरी दिन रेवेन्यू बोर्ड में बड़ा फेरबदल, 1735 अधिकारियों के किए तबादले



टूर्नामेंट से पहले ही बन गए चैम्पियन, फर्जी सर्टिफिकेट से ली नौकरी





Tags:
  • राजस्थान
  • vdo
  • अलवर
  • मदन दिलावर
  • सफाई व्यवस्था