'जेन-जी, जेन-जी करते रहते...' अब मदन राठौड़ ने क्यों जताई इस शब्द पर आपत्ति?

Saurabh Mishra | Aug 25, 2026, 21:05 IST
मदन राठौड़ बोले- जेन-जी नहीं युवा शक्ति कहें
मदन राठौड़ बोले- जेन-जी नहीं युवा शक्ति कहें
राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जेन-जी की जगह युवा शक्ति शब्द इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने टिकट में भेदभाव न करने और वन स्टेट वन इलेक्शन के फायदे भी गिनाए।

समझें क्या है पूरा मामला

  • मदन राठौड़ बोले- जेन-जी नहीं युवा शक्ति कहें।
  • राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष ने की अपने शब्द अपनाने की अपील।
  • मदन राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनाव में टिकट में भेदभाव नहीं करेंगे।
  • उन्होंने वन स्टेट वन इलेक्शन के गिनाए फायदे।
  • निकाय चुनाव बुकलेट का प्रदेश कार्यालय में विमोचन।

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जेन-जी शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि युवा और नई पीढ़ी जैसे अपने शब्दों को महत्व देना चाहिए। यह बयान उन्होंने निकाय चुनाव बुकलेट के विमोचन के दौरान दिया। उन्होंने टिकट वितरण में भेदभाव न करने की बात भी कही। साथ ही वन स्टेट वन इलेक्शन के फायदे भी गिनाए।



मदन राठौड़ बोले- जेन-जी नहीं, अपने शब्द अपनाएं

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि हम जेन जी, जेन-जी करते रहते हैं। हमारे अपने शब्द हैं, इनका ही प्रयोग करना चाहिए। राठौड़ ने कहा कि पार्टी निश्चित रूप से नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करेगी।



उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारित किया जा रहा और उनमें सेवा की भावना विकसित की जा रही। राठौड़ मंगलवार को राजस्थान के प्रदेश बीजेपी कार्यालय में विधि प्रकोष्ठ द्वारा निकाय चुनाव के लिए जारी बुकलेट का विमोचन कर रहे थे।



पहले भी हो चुका है जेन-जी शब्द का परहेज

यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा ने जेन-जी शब्द से परहेज किया हो। इससे पहले बीते 4 अगस्त को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर जयपुर संभाग की बैठक हुई थी। उस बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा था कि जेन-जी शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उनके मुताबिक अपनी संस्कृति के अनुसार युवाओं को युवा शक्ति कहकर संबोधित करना चाहिए।



निकाय चुनाव टिकट में भेदभाव नहीं होगा: राठौड़

कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को निकाय चुनाव में टिकट देने के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि जो व्यक्ति पार्टी की रीति-नीति और संस्कार समझकर साथ आया है, उसे परिवार का सदस्य माना गया। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं और सर्वे में जो खरा उतरेगा, उसे जरूर मौका मिलेगा। राठौड़ ने साफ कहा कि टिकट देने में कोई भेदभाव नहीं होगा और स्थानीय व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी।



एक सवाल के जवाब में राठौड़ ने कहा कि पार्टी का कोई भी मंत्री या विधायक आचार संहिता का उल्लंघन नहीं करेगा। उनके मुताबिक आचार संहिता की पालना कराना पार्टी की जिम्मेदारी है।



बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने गिनाए वन स्टेट वन इलेक्शन के फायदे

राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ने कहा कि सरकार ने वन स्टेट वन इलेक्शन का बीड़ा उठाया है। उनके मुताबिक इसका बड़ा फायदा मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि पहले बार-बार चुनाव होने की परंपरा रही है, जिसमें काफी समय लगता था।



राठौड़ ने कहा कि बार-बार आचार संहिता लगने से विकास के काम ठहर जाते थे और अधिकारी काम रोक देते थे। उनके मुताबिक अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वन स्टेट वन इलेक्शन की पहल की है। राज्य में निकाय, पंचायत और सहकारी संस्थाओं के चुनाव साथ हो रहे।



उनका दावा है कि इससे अगले करीब पौने पांच साल तक विकास कार्य लगातार होते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार भी वन नेशन वन इलेक्शन की दिशा में काम कर रही और पार्टी इसके लिए तैयार है।



FAQ

  1. राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जेन-जी शब्द को लेकर क्या कहा?
    उन्होंने कहा कि जेन-जी की जगह युवा और नई पीढ़ी जैसे अपने शब्दों का इस्तेमाल करना चाहिए। यह बयान उन्होंने निकाय चुनाव बुकलेट विमोचन के दौरान दिया।
  2. राजस्थान नगर निकाय चुनाव टिकट वितरण को लेकर राठौड़ ने क्या कहा?
    उन्होंने कहा कि टिकट देने में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। जनता की अपेक्षाओं और सर्वे में खरा उतरने वाले को मौका मिलेगा। स्थानीय व्यक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी।
  3. मदन राठौड़ ने वन स्टेट वन इलेक्शन से क्या फायदा बताया?
    राठौड़ के मुताबिक बार-बार चुनाव और आचार संहिता से विकास कार्य रुक जाते थे। वन स्टेट वन इलेक्शन से अब अगले पौने पांच साल तक काम लगातार होंगे।

यह खबरें भी पढ़ें...



पक्ष और विपक्ष ने किया बड़ी चौपड़ पर ध्वजारोहण, मदन राठौड़ ने मांगी माफी



राजस्थान निकाय चुनाव: 7 से 14 सितंबर के बीच ड्राय डे, जानें कब-कब बंद रहेंगी शराब दुकानें?



निकाय चुनाव के नाम पर हो रही है ठगी, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी



राजस्थान भाजपा ने पंचायत-निकाय चुनाव समिति 8 दिन में बदली, घनश्याम तिवाड़ी की छुट्टी



Tags:
  • राजस्थान
  • निकाय चुनाव
  • मदन राठौड़
  • राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़
  • जेन जी