डोटासरा जैसा बदजुबान नहीं, 17 बार पेपरलीक करवाया, मदन राठौड़ का पलटवार

Mukesh Sharma | Jul 24, 2026, 20:09 IST
डोटासरा vs राठौड़, पर्ची अध्यक्ष के बयान पर पलटवार, पेपरलीक का आरोप
राजस्थान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। डोटासरा ने राठौड़ को पर्ची से बना अध्यक्ष कहा तो राठौड़ ने पेपरलीक और ओबीसी लाभ पर घेरा।

समझें क्या है पूरा मामला

  • डोटासरा का बयान-मदन राठौड़ ऊपरी पर्ची से बने, मेरी बराबरी क्या करेंगे।
  • राठौड़ का पलटवार, डोटासरा जैसा बदजुबान नहीं, 17 बार पेपरलीक करवाया।
  • राठौड़ के बयान पर बोले डोटासरा, युवाओं का अपमान कर रही भाजपा।
  • भाजपा प्रभारी राधा मोहन दास ने डोटासरा को बताया बेशर्म आदमी।

राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बीच जंतर मंतर पर चल रहे युवाओं के आंदोलन को लेकर जंग तेज हो गई है।



डोटासरा ने कहा था कि मदन राठौड़ पर्ची से अध्यक्ष बने हुए हैं। मेरे सामने वो क्या चीज है, मुझसे उनकी क्या तुलना है। अब जवाब में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने डोटासरा पर तंज कसते हुए पलटवार किया है।



मदन राठौड़ के हवाले से राजस्थान भाजपा ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर लिखा है कि डोटासरा बोलते हैं कि मदन राठौड़ क्या चीज है? वो तो ऊपरी पर्ची से बना, मेरी बराबरी नहीं कर सकता। हो सकता है डोटासराजी, आप अपने हाईकमान को धत्ता बता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बने होंगे।



परिजनों की नियुक्ति नहीं करवाता

राठौड़ ने लिखा है कि यह भी सही है कि मदन राठौड़, डोटासरा की तरह 17 बार पेपरलीक करवाकर अपने ही परिजनों की नियुक्ति नहीं करवाता हो।



वह आपकी तरह बदजुबान नहीं हो सकता। वैसे मदन राठौड़ भी ओबीसी हैं, दो बार एमएलए और अभी एमपी हैं। लेकिन आपकी तरह अपने बच्चों को ओबीसी कैटेगरी लाभ नहीं दिलवाता है।



कांग्रेस ने छात्रों के हितों से सबसे ज्यादा कुठाराघात किया

भाजपा के अनुसार कांग्रेस का इतिहास रहा है, आड़ लेकर राजनीति करने का। कभी तुष्टिकरण से, कभी किसानों की आड़ में और अब छात्रों को आड़ लेकर।



सच्चाई ये है कि आज तक के इतिहास में छात्रों के हितों पर सबसे ज़्यादा कुठाराघात इसी कांग्रेस पार्टी में किए हैं।



मदन राठौड़ ने युवा शक्ति को भाड़े का टट्टू बताया

डोटासरा ने एक दिन पहले दिए गए मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार किया। डोटासरा ने कहा था कि मदन राठौड ने भारत के भविष्य युवाशक्ति को भाड़े का टट्टू बताया है।



राठौड़ का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद या दिल्ली से पर्ची मिलने के बाद पढ़ा गया हो। मोदीजी, ये भाड़े के टट्टू नहीं, भारत का भविष्य हैंं।



अग्रवाल बोले, कितने बेशर्म आदमी हैं डोटासरा

भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने डोटासरा पर तीखा पलटवार किया है। अग्रवाल ने डोटासरा का कांग्रेस राज का पुराना वीडियो शेयर करते हुए एक्स पर लिखा है।



उन्होंने लिखा कि कितने बेशर्म आदमी हैं गोविंद डोटासरा। खुद शिक्षा मंत्री थे, REET की परीक्षा लीक हुई। इनका इस्तीफा मांगा गया तो इन्होंने कहा, मैं क्यों इस्तीफा दूं, मैं परीक्षा नहीं करवाता, अधिकारी करवाते हैं। अब बेशर्मी से धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं।



ये भी पढ़ें:-

तबादलों में भ्रष्टाचार, शिक्षा मंत्री के लोग कर रहे वसूली, डोटासरा ने लगाया आरोप



कांग्रेस का बीकानेर में प्रदर्शन, डोटासरा ने शिक्षा मंत्री को बताया महा निकम्मा



डोटासरा ने किन पुरानी गलतियों के लिए मांगी माफी, जानिए उनकी जुबानी



दिलावर ने किया किरोड़ी का बचाव, डोटासरा को बताया महामूर्ख और भ्रष्टाचारी



Tags:
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा
  • राजस्थान भाजपा
  • सोशल मीडिया
  • राधामोहन दास अग्रवाल
  • राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़