माहेश्वरी समाज में भूमि पूजन पर रार, दोबारा आयोजन और फंड के दुरुपयोग पर विवाद

Mukesh Sharma | Aug 21, 2026, 20:11 IST
माहेश्वरी समाज में भूमि पूजन पर रार
जयपुर के श्री माहेश्वरी समाज के 22 अगस्त 2026 को होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर विवाद। समाज के वरिष्ठ सदस्य सुरेन शारदा ने आपत्ति जताते हुए कहा कि 30 अप्रैल 2025 को पहले ही भूमि पूजन हो चुका है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • 22 अगस्त को होने वाले श्री माहेश्वरी समाज के भूमि पूजन पर सुरेन शारदा ने आपत्ति जताई।
  • शारदा के मुताबिक, इसी संपत्ति पर 30 अप्रैल 2025 को भूमि पूजन हो चुका।
  • पहले आयोजन में करीब 70 लाख रुपए खर्च होने का दावा किया गया है।
  • वर्तमान पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर कोर्ट में मामले लंबित होने का दावा है।
  • शारदा ने ओम बिरला और मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को कहा।

जयपुर के श्री माहेश्वरी समाज के 22 अगस्त 2026 को होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। समाज के वरिष्ठ सदस्य सुरेन शारदा ने इस आयोजन पर आपत्ति जताई है।



उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति वापस लेने की मांग की है।



पहले ही हो चुका है भूमि पूजन

सुरेन शारदा ने अपनी चिठ्ठी में लिखा है कि मानसरोवर विस्तार के नारायण विहार स्थित समाज की संपत्ति पर 30 अप्रैल 2025 को ही भूमि पूजन हो चुका। इस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उद्योगपति हरिमोहन बांगड़ भी मौजूद थे। मौके पर इसका शिलालेख भी लगा हुआ है।



शारदा के अनुसार, उस आयोजन पर समाज के करीब 70 लाख रुपए खर्च हुए थे। ऐसे में उसी संपत्ति पर 22 अगस्त 2026 को दोबारा भूमि पूजन कराना समाज के पैसे का दुरुपयोग है।



चुनाव को लेकर भी उठाए सवाल

सुरेन शारदा ने समाज के वर्तमान पदाधिकारियों के चुनाव पर भी सवाल उठाए हैं। पत्र में दावा किया गया है कि वर्तमान पदाधिकारियों का निर्वाचन हाई कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करते हुए हुआ है।



उन्होंने कहा है कि चुनाव को लेकर हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट में मामले अभी विचाराधीन हैं। चुनाव अधिकारी और तथाकथित अध्यक्ष के खिलाफ अवमानना की याचिका भी लंबित होने का दावा पत्र में किया गया है।





बिरला और मुख्यमंत्री से कार्यक्रम से अलग होने की अपील

सुरेन शारदा ने ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया है कि वे विवादित आयोजन में शामिल होकर वर्तमान पदाधिकारियों को संरक्षण न दें।



उन्होंने दोनों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपनी सहमति तुरंत वापस लेने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में भूमि पूजन पहले ही हो जाने और चुनाव से जुड़े मामले अदालत में लंबित होने का हवाला देते हुए 22 अगस्त के कार्यक्रम पर आपत्ति जताई है।



ये भी पढ़ें:-

राजस्थान हाई कोर्ट ने लगाई राज्य भूमि नगर निकायों को देने के आदेश पर अंतरिम रोक



पूर्व विधायक बलजीत यादव को राजस्थान हाई कोर्ट से झटका, कोर्ट ने नहीं दी जमानत



आसाराम को राजस्थान हाई कोर्ट से मिली राहत, जेल में उचित चिकित्सा सुविधा के आदेश



राजस्थान हाई कोर्ट का आदेश, यौन अपराधों में फोटो-वीडियो सीलबंद लिफाफे में हों पेश







Tags:
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • हाई कोर्ट
  • माहेश्वरी समाज
  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला