क्या BJP नेता रिछपाल मिर्धा हुए RLP में शामिल? वायरल फोटो ने मचाया सियासी बवाल

Saurabh Mishra | Sept 01, 2026, 11:32 IST
रिछपाल सिंह मिर्धा
रिछपाल सिंह मिर्धा
नागौर में पूर्व भाजपा विधायक रिछपाल सिंह मिर्धा की RLP में शामिल होने की एडिटेड फोटो वायरल हुई। यह फोटो फर्जी पाई गई, जिसके बाद कुचेरा थाने में FIR दर्ज हुई। साइबर टीम आरोपी की तलाश कर रही है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • भाजपा नेता रिछपाल मिर्धा की RLP जॉइनिंग की फोटो पर बवाल।
  • मिर्धा की एडिटेड तस्वीर वायरल होने पर दर्ज हुई FIR।
  • फर्जी फेसबुक आईडी से फैलाया गया भ्रामक संदेश।
  • नागौर में मिर्धा-बेनीवाल गणित को लेकर मची सियासी हलचल।
  • साइबर टीम कर रही एडिटेड फोट वायरल करने वाले की तलाश।

राजस्थान के नागौर जिले में पूर्व विधायक रिछपाल सिंह मिर्धा की एक फोटो वायरल हुई थी। इसमें उन्हें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) में शामिल होते दिखाया गया था। जांच में यह फोटो एडिटेड और फर्जी पाई गई। मिर्धा के निजी सचिव ने कुचेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी।



पूर्व भाजपा विधायक इस वायरल तस्वीर को लेकर नागौर के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। अब पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई है। यह फोटो पूरी तरह फर्जी और एडिटेड पाई गई है, जिसके बाद पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए FIR दर्ज कर ली।



मिर्धा के समर्थकों और परिजनों का कहना है कि नागौर में उनकी जननेता वाली छवि और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह भ्रामक प्रचार किया गया है।



भाजपा नेता मिर्धा की फर्जी फेसबुक आईडी से वायरल हुई तस्वीर

पूर्व विधायक रिछपाल सिंह मिर्धा के निजी सचिव, दीपक ने कुचेरा थाने में उपस्थित होकर इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पूर्व विधायक मिर्धा की फोटो तकनीकी रूप से एडिट की।



इस फोटो में उन्हें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का साफा और सिंबल पहने हुए दिखाकर यह गलत संदेश फैलाने की कोशिश की गई कि वे भाजपा छोड़कर हनुमान बेनीवाल की पार्टी RLP में शामिल हो गए हैं।



भाजपा नेता रिछपाल मिर्धा की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप

निजी सचिव दीपक ने अपनी शिकायत में कहा कि रिछपाल सिंह मिर्धा नागौर और पूरे मारवाड़ क्षेत्र के एक स्थापित जननेता हैं। उनके मुताबिक इस तरह की फर्जी पोस्ट से क्षेत्र की जनता और समर्थकों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई है।



उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के तहत जानबूझकर मिर्धा की छवि खराब करने और उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम करने के लिए यह हरकत की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



कुचेरा पुलिस कर रही मामले की जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां ने खुद इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी। पुलिस की साइबर टीम उस फर्जी फेसबुक आईडी के आईपी एड्रेस और ओरिजिन लोकेशन को ट्रेस करने में जुट गई है।



थानाधिकारी हबीब खां के मुताबिक जिस अकाउंट से यह भ्रामक पोस्ट शेयर की गई थी, उसकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है। उनका कहना है कि जल्द ही फोटो एडिट करने वाले और उसे अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलाने वाले आरोपी को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



मिर्धा और बेनीवाल की पुरानी सियासी प्रतिद्वंद्विता

नागौर जिले में मिर्धा परिवार और हनुमान बेनीवाल की RLP के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में चुनाव या राजनीतिक आयोजनों के आसपास इस तरह की फर्जी खबरें और फोटो वायरल होना स्थानीय चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की कोशिश मानी जा रही है।



फिलहाल मिर्धा समर्थकों ने आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी असत्यापित और फर्जी खबर पर ध्यान न दें।



FAQ

  1. नागौर के भाजपा नेता रिछपाल सिंह मिर्धा की वायरल फोटो को लेकर क्या मामला है?
    सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई थी, जिसमें मिर्धा को RLP में शामिल होते दिखाया गया था। जांच में यह फोटो एडिटेड और फर्जी पाई गई। इसके बाद उनके निजी सचिव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
  2. नागौर में मिर्धा और बेनीवाल परिवार के बीच कैसा है सियासी गणित?
    नागौर जिले में मिर्धा परिवार और हनुमान बेनीवाल की आरएलपी के बीच राजनीतिक खींचतान किसी से छिपी नहीं। फोटो वायरल होना निकाय चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश मानी जा रही।
  3. पुलिस अब आगे क्या कार्रवाई कर रही है?
    कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां की निगरानी में साइबर टीम फर्जी फेसबुक आईडी के आईपी एड्रेस और लोकेशन को ट्रेस कर रही। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

ये खबर भी पढे़:-

भाजपा-कांग्रेस दोनों ने 80% से ज्यादा पुराने चेहरे हटाए, 9 पार्षदों ने बदल ली अपनी पार्टी



राजस्थान हाई कोर्ट: छत्तीसगढ़ के जस्टिस संजय के. अग्रवाल होंगे नए सीजे



बैंक अधिकारी बनकर OTP, पैन और CVV चुराने वाला साइबर सिंडिकेट ध्वस्त, 64 गिरफ्तार



जयपुर निकाय चुनाव 2026: कांग्रेस ने जारी की सभी 150 वार्डों की सूची; जानें प्रत्याशी



Tags:
  • राजस्थान
  • हनुमान बेनीवाल
  • आरएलपी
  • नागौर