NEET पेपर लीक पर सुसाइड करने वाले छात्र को NSUI की मदद, परिवार को दिए 11 लाख रुपए

Ashish Bhardwaj | May 26, 2026, 22:29 IST
Photograph: (the sootr)
राजस्थान के झुंझुनूं में NEET पेपर लीक से आहत होकर सुसाइड करने वाले परीक्षार्थी प्रदीप मेघवाल के परिवार की मदद के लिए एनएसयूआई आगे आई है। संगठन ने पीड़ित परिवार 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी है।

News In Short

  • NEET पेपर लीक से आहत छात्र प्रदीप ने आत्महत्या की।
  • NSUI ने परिवार को 11 लाख की आर्थिक मदद दी।
  • विनोद जाखड़ और राजकुमार शर्मा परिवार से मिले।
  • परिवार ने बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए कर्ज लिया था।
  • NSUI ने पेपर लीक को सिस्टम की बड़ी विफलता बताया।

News In Detail

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में NEET पेपर लीक मामले आत्महत्या करने वाले छात्र प्रदीप मेघवाल की मदद के लिए एनएसयूआई ने हाथ आगे बढ़ाया है। कांग्रेस से जुड़े संगठन ने पीड़ित परिवार को 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है।



NSUI नेताओं ने परिजनों से की मुलाकात

मंगलवार को NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ और पूर्व मंत्री राजकुमार शर्मा पीड़ित के गांव गुढ़ा गौड़जी पहुंचे। उन्होंने प्रदीप मेघवाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।



इस दौरान संगठन की ओर से 11 लाख रुपए का चेक परिवार को सौंपा गया। NSUI नेताओं ने कहा कि यह सहयोग देशभर के कार्यकर्ताओं के योगदान से जुटाया गया है।



परिवार ने बेटे के डॉक्टर बनने का देखा था सपना

प्रदीप के परिजनों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। इसके बावजूद उन्होंने बेटे को डॉक्टर बनाने के लिए करीब 11 लाख रुपए का कर्ज लिया था।



परिवार को उम्मीद थी कि प्रदीप NEET परीक्षा पास कर डॉक्टर बनेगा और परिवार की स्थिति बेहतर करेगा। प्रदीप ने परीक्षा की तैयारी के लिए कड़ी मेहनत भी की थी।



पेपर लीक की खबरों से सदमे में था छात्र

परिजनों के अनुसार परीक्षा के बाद जब लगातार NEET पेपर लीक (NEET Paper Leak) की खबरें सामने आने लगीं तो प्रदीप मानसिक रूप से टूट गया। उसे लगने लगा कि उसकी मेहनत और भविष्य दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं।



इसी तनाव और सदमे के बीच उसने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में छात्रों और युवाओं में भारी आक्रोश देखा गया।



“यह आत्महत्या नहीं, सिस्टम की विफलता”

NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं है। उन्होंने इसे भ्रष्ट सिस्टम की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि जब तक पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक संगठन संघर्ष जारी रखेगा।



राहुल गांधी ने भी परिवार को दिया था भरोसा

विनोद जाखड़ ने बताया कि इससे पहले उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से फोन पर प्रदीप के परिवार की बात करवाई थी। राहुल गांधी ने भी परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।



NSUI का कहना है कि देशभर के कार्यकर्ताओं ने मिलकर आर्थिक सहायता राशि एकत्रित की। इसी वादे को पूरा करते हुए परिवार को 11 लाख रुपए का चेक सौंपा गया।



युवाओं के भविष्य पर बड़ा सवाल

पूर्व मंत्री राजकुमार शर्मा ने कहा कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।



उन्होंने मांग की कि दोषियों को ऐसी सजा मिले जिससे भविष्य में कोई भी छात्र इस तरह मानसिक तनाव का शिकार न हो।



छात्रों ने न्याय की मांग उठाई

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र, ग्रामीण और NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रदीप मेघवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।



छात्र नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार और एजेंसियों की जिम्मेदारी है।



FAQ

  1. NEET पेपर लीक मामले में NSUI ने मृतक छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार को कितनी सहायता दी?
    NSUI ने मृतक छात्र प्रदीप मेघवाल के परिवार को 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है।
  2. प्रदीप मेघवाल ने आत्महत्या क्यों की थी?
    परिजनों के अनुसार प्रदीप NEET परीक्षा की तैयारी में मेहनत कर रहा था, लेकिन पेपर लीक की खबरों से वह मानसिक तनाव में आ गया और सदमे में आत्महत्या कर ली।

ये खबर भी पढे़:-

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर फिर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत



SI पेपर लीक मामले में SOG का एक्शन, मैनेजर गिरफ्तार, 50 लाख में खरीदा था पेपर



मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने की बीज फैक्ट्री पर छापेमारी, नकली बीज का भंडार मिला



सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा 2025 का शेड्यूल जारी, 6500 पदों पर होगी भर्ती, 12 लाख आए आवेदन



Tags:
  • राहुल गांधी
  • NEET पेपर लीक
  • nsui
  • विनोद जाखड़
  • पूर्व मंत्री राजकुमार शर्मा