25 सितंबर को जयपुर आएंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, दादिया में बड़ा कार्यक्रम

Raghvendra Singh Rathore | Sept 23, 2026, 16:41 IST
नितिन नबीन 24 सितंबर की रात जयपुर पहुंचेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर दौरे पर रहेंगे। वे अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दादिया में दीनदयाल उपाध्याय जयंती के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

समझें क्या है पूरा मामला

  • नितिन नवीन 24 सितंबर की रात जयपुर पहुंचेंगे।
  • 25 सितंबर को अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे।
  • दादिया में दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
  • कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के आने की संभावना है।
  • बिड़ला ऑडिटोरियम में युवाओं से संवाद करेंगे।

जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितंबर को जयपुर दौरे पर रहेंगे। वे 24 सितंबर की रात राजधानी पहुंचेंगे और अगले दिन कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दिल्ली रवाना होंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया को उनके प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी।



नितिन नवीन के दौरे को हाल में हुए निकाय चुनावों और आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा। पार्टी के अनुसार, उनके कार्यक्रमों में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा और युवाओं से संवाद पर भी जोर रहेगा।



अल्बर्ट हॉल पर स्वच्छता कार्यक्रम

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के मुताबिक, नितिन नवीन 25 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे अल्बर्ट हॉल पहुंचेंगे। यहां वे सेवा कार्य के तहत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। पार्टी की ओर से इसे सेवा गतिविधियों से जोड़कर आयोजित किया जा रहा है।



दादिया में दीनदयाल उपाध्याय जयंती का आयोजन

स्वच्छता कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन ग्राम दादिया में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है।



भाजपा नेता के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। हाल में निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा पार्षदों को भी इस कार्यक्रम में बुलाया जाएगा।



पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर जयपुर में 20 से 25 सितंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें व्याख्यान, संगोष्ठी, प्रतियोगिताएं और मेले जैसे आयोजन शामिल हैं।



पंचायत चुनाव की तैयारियों पर रहेगा फोकस

नितिन नवीन का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब राजस्थान में पंचायती राज चुनावों की तैयारियां शुरू होने वाली हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि दादिया के कार्यक्रम से पंचायत चुनावों के लिए प्रचार रथ रवाना किए जाएंगे। इन प्रचार रथों को नितिन नबीन हरी झंडी दिखाएंगे। पार्टी पहले ही बूथ, मंडल और जिला स्तर पर संगठनात्मक तैयारियों पर काम करने की बात कह चुकी है।



बगड़ी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव को लेकर जरूरी संदेश भी दिया जाएगा। हालांकि, कार्यक्रम में दिए जाने वाले विस्तृत राजनीतिक संदेश की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



बिड़ला ऑडिटोरियम में युवाओं से संवाद

दादिया के कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन दोपहर करीब 2:30 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। यहां छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और अन्य विषयों पर बातचीत हो सकती है। कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



निकाय चुनाव के बाद भाजपा की अगली तैयारी

राजस्थान में निकाय चुनावों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब राजनीतिक दलों का ध्यान पंचायती राज चुनावों पर है। भाजपा की ओर से भी संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी की जा रही है।



नितिन नवीन का जयपुर दौरा इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दादिया के कार्यक्रम में भाजपा के निर्वाचित पार्षदों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी से पार्टी संगठन को एकजुट करने का प्रयास करेगी। हालांकि, पंचायत चुनावों की तारीखों और विस्तृत कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।



ये भी पढ़ें:-

कोचिंग इंस्टिट्यूट हटाने की पैरवी करने वाले एडवोकेट आर डी रस्तोगी को जान से मारने की धमकी



गोपालपुरा में जाम से व्यापारी बेहाल, JDA से कोचिंग संस्थानों को शिफ्ट करने की मांग



जयपुर अग्निकांड: मानव अधिकार आयोग सख्त, कलेक्टर-कमिश्नर से 13 बिंदुओं पर मांगी रिपोर्ट



Rajasthan Top News: निकायों में BJP का दबदबा, जयपुर अग्निकांड पर 13 सवाल







Tags:
  • भाजपा नेता
  • पंचायत चुनाव
  • स्वच्छता कार्यक्रम
  • नितिन नबीन