पुलिस टॉर्चर के बाद ज्वेलर ने दी जान, भाई ने भी खाया जहर, एम्स में मौत के बाद बवाल
News In Short
- पाली में ज्वेलर वरदाराम ने पुलिस टॉर्चर के बाद जहर खा की आत्महत्या।
- छोटे भाई ने बड़े भाई की मौत के बाद आत्महत्या की कोशिश की।
- पुलिस पर ज्वेलर से 1 किलो सोना मांगने और धमकाने का आरोप।
- परिजनों ने पुलिस और ज्वेलरी शॉप मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
- चेन्नई के महावीर जैन की दुकान में हुई चोरी पर चेन्नई पुलिस कर रही है जांच।
News In Detail
राजस्थान के पाली जिले के ज्वेलर वरदाराम ने चेन्नई पुलिस के टॉर्चर से परेशान होकर जहर खाकर जान दे दी। स्थिति यह रही कि भाई को खोने के डर से छोटे भाई बुधाराम ने भी मौत को गले लगाने की कोशिश की। जोधपुर एम्स में इलाज के दौरान वरदाराम की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। परिजन और उनके समर्थक इस घटना के विरोध में एम्स के बाहर धरने पर बैठ गए।
क्या है पूरा मामला?
बताया जाता है कि इस मामले की जड़ें चेन्नई की एक ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी से जुड़ी हैं। चेन्नई के महावीर जैन की दुकान में हुई चोरी के आरोपियों के साथ मृतक वरदाराम ने कुछ ऑनलाइन लेन-देन किया था। इसी कड़ी को जोड़ते हुए चेन्नई पुलिस वरदाराम तक पहुंची।
मृतक की पत्नी किरण देवी का आरोप है कि 21 अप्रैल को चेन्नई पुलिस के दो कॉन्स्टेबल (शिवा और गोपी) उनके घर आए और वरदाराम को उठाकर बागड़ी थाने ले गए। वहां रात साढ़े आठ बजे तक उसे प्रताड़ित किया गया।
1 किलो सोना दो, वरना जेल जाओगे
पत्नी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोप है कि 22 अप्रैल को पीड़ित को सोजत के मोड भट्टा के पास एक होटल में बुलाया गया, जहां उसे सीधे शब्दों में धमकाया गया- या तो एक किलो सोना दो, वरना चोरी के झूठे केस में फंसाकर जिंदगी बर्बाद कर देंगे। इतना ही नहीं, ज्वेलर के रिश्तेदारों का आरोप है कि पुलिस ने जमीन कुर्क करने और मारपीट की धमकी भी दी थी।
आखिरी वॉइस मैसेज और दो भाइयों का सुसाइड
बुधवार शाम को सोजत के करमावास पट्टा निवासी वरदाराम ने जहर खा लिया। मरने से पहले उसने अपने छोटे भाई बुधाराम को वॉइस मैसेज भेजकर पूरी आपबीती सुनाई। अपने बड़े भाई का संदेश सुनकर और पुलिस के आने वाले खौफ से डरकर छोटे भाई बुधाराम ने भी जहर खा लिया।
वरदाराम की मौत की खबर फैलते ही समाज के लोग और परिजन जोधपुर एम्स के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनकी मांग है कि आरोपी पुलिसकर्मियों और महावीर जैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कठघरे में पुलिस और ज्वेलर
मृतक की पत्नी की रिपोर्ट में चेन्नई के ज्वेलर महावीर जैन, राहुल मेहता, निखिल सोनी और चेन्नई पुलिस के दो कॉन्स्टेबलों के नाम शामिल हैं। फिलहाल अब पाली और जोधपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें:-
12 दिन में दूसरी बार मिली धमकी, मेल में लिखा - राजीव गांधी हत्याकांड की तरह उड़ा देंगे विधानसभा
वाइस चांसलर की गाड़ी का घेराव, छात्र बोले- मैडम, आप तो ये RSS वाली ड्रेस ही ले लो!
सरकार नहीं बचा पा रही देवी-देवताओं की जमीनें, बड़े संकट में है ओरण भूमि, जानिए पूरा मामला
चार बार विधायक रहे नवनीत लाल निनामा ने दुनिया से कहा अलविदा, 87 साल की उम्र में ली आखिरी सांस