पांचना बांध विवाद पर बोले गहलोत, कहा - सीएम भजनलाल की चुप्पी हैरान करने वाली

Jageshwar prasad | Jun 21, 2026, 12:24 IST
पांचना बांध विवाद पर अशोक गहलोत ने सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
राजस्थान के करौली के पांचना बांध जल विवाद पर पूर्व CM अशोक गहलोत ने सरकार को घेरा। X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार गंभीर नहीं और CM भजनलाल की चुप्पी हैरान करने वाली है।

समझें क्या है पूरा मामला

  • पांचना बांध विवाद पर अशोक गहलोत ने सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल।
  • करौली में दोनों पक्षों के हजारों लोग धरने पर डटे हैं, अभी तक समाधान नहीं ।
  • गहलोत ने कहा- सरकार दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत तक नहीं कर रही।
  • मुख्यमंत्री खुद पूर्वी राजस्थान से आते हैं, फिर भी मौन रहे- गहलोत।
  • कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी सरकार को इस मुद्दे पर घेरा।

करौली जिले के पांचना बांध के पानी को लेकर पिछले कई दिनों से इलाके में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। पूर्वी राजस्थान की दो बड़ी जातियों के हजारों लोग धरना देकर बांध का पानी छोड़ने की मांग कर रहे हैं।



दोनों पक्षों से जुड़े नेता लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। प्रशासन कई बार दोनों पक्षों के नेताओं और पंच-पटेलों से बातचीत कर चुका है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है।



अब पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की चुप्पी पर सीधे सवाल खड़े किए हैं।



गहलोत ने X पर क्या लिखा

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पांचना बांध को खोलने को लेकर कई दिनों से पूर्वी राजस्थान में बना हुआ तनाव चिंताजनक है।



उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार इस मामले को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है और दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत तक नहीं कर रही, जिससे वहां की जनता में अंदर-ही-अंदर आक्रोश पनप रहा है।



गहलोत के अनुसार इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच अविश्वास भी बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकार से दोनों पक्षों के पंच-पटेलों को अविलंब बुलाकर बातचीत करने और इस मुद्दे का शांतिपूर्ण व न्यायसंगत हल निकालने की मांग की।



मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सीधा सवाल

गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा खुद पूर्वी राजस्थान से आते हैं, इसके बावजूद वे इस मुद्दे पर मौन हैं, जो समझ से परे है। उन्होंने कहा कि CM को जल्द से जल्द इस मामले पर सक्रिय रुख अपनाना होगा।



कांग्रेस के अन्य नेता भी मैदान में

गहलोत अकेले नहीं हैं जिन्होंने सरकार को इस मुद्दे पर घेरा है। कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा ने भी पहले सरकार पर आरोप लगाया था कि वह समाधान निकालने की बजाय दोनों वर्गों को आपस में लड़ाना चाहती है, जिससे प्रदेश का माहौल खराब हो।



पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा था कि सरकार को हाईकोर्ट के फैसले की पालना करनी चाहिए।



पांचना बांध विवाद

पांचना बांध विवाद


प्रशासन की कोशिशें जारी, नतीजा अब तक नहीं

प्रशासन की ओर से संभागीय आयुक्त के नेतृत्व में भरतपुर में दोनों पक्षों के बीच बैठक हो चुकी है और सरकार को रिपोर्ट भेजने की कवायद भी तेज हुई है। लेकिन अभी तक स्थायी समाधान सामने नहीं आया है। हजारों लोग धरने पर डटे हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।



FAQ

  1. पांचना बांध विवाद क्या है?
    राजस्थान के करौली जिले में गंभीर नदी पर स्थित पांचना बांध से जुड़ा जल विवाद क्षेत्र के 75 गांवों के बीच का एक गंभीर टकराव है। यह विवाद पानी के बंटवारे और प्रथम अधिकार को लेकर दो समुदायों के बीच गहरा गया है।
  2. अशोक गहलोत ने पांचना बांध मुद्दे पर क्या कहा?
    गहलोत ने X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार इस मामले को लेकर गंभीर नहीं है और दोनों पक्षों से बातचीत तक नहीं कर रही। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की चुप्पी को हैरान करने वाला बताया और तुरंत पंच-पटेलों को बुलाकर समाधान निकालने की मांग की।

ये भी पढ़े:-

पांचना बांध को लेकर महापंचायत, मुंबई-दिल्ली रेलवे ट्रैक को जाम करने की चेतावनी



​क्यों भड़की है पानी पर जंग? पांचना बांध को लेकर कमांड और डूब वाले गांव आमने-सामने, जानिए पूरी कहानी



मानसून की जोरदार बारिश, कई जिलों में अलर्ट, पांचना बांध के दो गेट खोले



​अरावली पर पर्यावरणविदों ने सीजेआई को लिखा पत्र, नई कमेटी पर उठाए सवाल





Tags:
  • सचिन पायलट
  • अशोक गहलोत
  • मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
  • सोशल मीडिया
  • पांचना बांध
  • कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा