किसानों के लिए खुशखबरी: पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त शुक्रवार को होगी जारी
News In Short
- पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को होगी जारी।
- लगभग 18 हजार 650 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में होगी ट्रांसफर।
- किस्त प्राप्ति की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है।
- प्रत्येक चार महीने के अंतराल में जारी की जाती है किस्त।
- 24 फरवरी 2019 को की गई थी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत।
News In Detail
जागेश्वर प्रसाद@जयपुर
देशभर के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को मिलने वाली 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। इस दिन शाम करीब 5 बजे असम के गुवाहाटी से एक कार्यक्रम के दौरान किसानों के बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर की जाएगी।
9.32 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ
इस बार राजस्थान सहित देशभर के करीब 9.32 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा। सरकार इसके तहत लगभग 18 हजार 650 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी। योजना के तहत किसानों को सालाना 6 हजार रुपए की मदद दी जाती है, जो तीन किस्तों में 2-2 हजार रुपए के रूप में भेजी जाती है।
किस्त प्राप्ति की जानकारी कैसे प्राप्त करें?
इसके 2 तरीके हैं -
किस्त जारी होने के बाद लाभार्थी किसानों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए जानकारी मिल जाती है। इसके अलावा बैंक की ओर से भी खाते में पैसे जमा होने का संदेश भेजा जाता है। यदि किसी किसान को मैसेज नहीं मिलता है तो वह एटीएम या बैंक में जाकर अपने खाते का बैलेंस या मिनी स्टेटमेंट चेक करके किस्त आने की पुष्टि कर सकता है।
2पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर 'Farmers Corner' में 'Know Your Status' विकल्प के माध्यम से अपनी 2000 रुपये की किस्त की स्थिति, आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर का उपयोग करके आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। किसान पोर्टल पर ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और बैंक आधार लिंकिंग का विवरण भी देख सकते हैं।
चार महीने के अंतराल में जारी की जाती है किस्त
सरकार की इस योजना के माध्यम से पात्र किसानों को हर चार महीने में 2 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। अब तक योजना की 21 किस्तें जारी हो चुकी हैं और अब किसानों को 22वीं किस्त का इंतजार था, जो जल्द ही उनके खातों में पहुंच जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) भारत सरकार की एक प्रमुख किसान कल्याण योजना है, जिसके तहत किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता दी जाती है। यह योजना 24 फरवरी 2019 को शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़े खर्चों में मदद देना और उनकी आय को सहारा देना है।
ये भी पढे़:-
गैस सिलेंडर संकट पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, वाइट पेपर लाने की मांग
पंचायत चुनाव में देरी पर दखल से इनकार, सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को यह दी सलाह